खेल: दिल्ली में IPL टिकटों की कालाबाजारी का आरोप और गावस्कर बोले- डेविड मिलर की मंशा में कमी नहीं निकाल सकते

दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ के निदेशक आनंद वर्मा ने आरोप लगाया कि वैध टिकट धारकों को स्टेडियम पर आईपीएल मैचों के दौरान ‘अनधिकृत व्यक्ति’ प्रवेश से रोक रहे हैं। सुनील गावस्कर ने डेविड मिलर का बचाव करते हुए कहा कि उनकी मंशा में कमी नहीं निकाल सकते ।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

डीडीसीए के निदेशक आनंद वर्मा ने दिल्ली में आईपीएल टिकटों की कालाबाजारी का आरोप लगाया

 दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ के निदेशक आनंद वर्मा ने आरोप लगाया कि वैध टिकट धारकों को अरूण जेटली स्टेडियम पर आईपीएल मैचों के दौरान ‘अनधिकृत व्यक्ति’ प्रवेश से रोक रहे हैं जिन्होंने धोखेबाजी से नकली टिकट हासिल किये हैं जबकि डीडीसीए के आला अधिकारियों ने इस आरोप का खंडन किया है ।

पुलिस उपायुक्त (मध्य जिला ) से की गई शिकायत में वर्मा ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके मेहमानों को चार अप्रैल को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच के दौरान स्टेडियम के हॉस्पिटेलिटी हिस्से में प्रवेश नहीं करने दिया गया जबकि उनके पास वैध टिकट थे ।

उन्होंने दावा किया कि उन्हें दिये गए टिकट का इस्तेमाल ‘अनधिकृत व्यक्तियों’ द्वारा पहले ही किया जा चुका था ।

डीडीसीए सचिव अशोक शर्मा ने हालांकि इसे तकनीकी मसला बताया ।

वर्मा ने कहा ,‘‘वादी और उनके मेहमान जब प्रवेश द्वार पर पहुंचे तो उन्हें अवैध तरीके से रोक दिया गया और वहां खड़े सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें भीतर नहीं जाने दिया ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘जांच के बाद पता चला कि उनके पास मौजूदा दो मानार्थ टिकट पहले ही स्कैन हो चुके थे और अनधिकृत तथा अज्ञात व्यक्तियों ने उनका प्रयोग कर लिया था ।’’

वर्मा ने कहा कि इस धोखेबाजी का पता चलते ही उन्होंने डीडीसीए के मुख्य वित्त अधिकारी मनन गुप्ता से संपर्क किया और टिकटों के अवैध दुरूपयोग की बात कही । वर्मा ने कहा कि उन्होंने डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली के समक्ष भी यह मामला रखा ।

डेविड मिलर की मंशा में कमी नहीं निकाल सकते : गावस्कर

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल के रोमांचक मैच में एक रन लेने से इनकार करने वाले दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज डेविड मिलर का बचाव करते हुए कहा कि उनकी मंशा में कमी नहीं निकाल सकते ।

जीत के लिये 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को दो गेंद में दो रन की जरूरत थी लेकिन आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर मिलर ने एक रन लेने से इनकार कर दिया । वह आखिरी गेंद पर चूके लेकिन एक रन के लिये भागे लेकिन जोस बटलर के थ्रो पर कुलदीप यादव रन आउट हो गए ।

गावस्कर ने ‘जियो हाटस्टार’ से कहा ,‘‘ डेविड मिलर बहुत अच्छा खेल रहा था और उसे खुद पर भरोसा था कि वह मैच फिनिश करेगा । उसकी मंशा में कमी नहीं निकाल सकते । प्रसिद्ध कृष्णा ने एक शानदार धीमा बाउंसर डाला जिसे वह खेल नहीं सका । दबाव के हालात में ऐसा हो जाता है।’’


भारत के खिलाफ जून में टेस्ट से बाहर रह सकते हैं राशिद खान

कमर के आपरेशन के बाद टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने की डॉक्टर की सलाह के बाद अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने संकेत दिये हैं कि वह जून में भारत के खिलाफ मुल्लांपुर में होने वाले टेस्ट से बाहर रह सकते हैं ।

राशिद ने कहा कि उनकी प्राथमिकता 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप के लिये फिट रहने की है ।

27 वर्ष के राशिद ने 2023 वनडे विश्व कप के बाद कमर की सर्जरी कराई थी । उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने उन्हें टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने की सलाह दी है लेकिन इसके बावजूद पिछले साल उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ एक टेस्ट खेलकर 54 ओवर डाले और 11 विकेट लिये थे ।

राशिद ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बृहस्पतिवार को गुजरात टाइटंस की एक रन से जीत के बाद कहा ,‘‘ यह काफी कठिन सवाल है । डाक्टर ने मुझे सबसे पहले टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने के लिये ही कहा था । इसके बावजूद मैने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट खेला ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ डॉक्टर ने मुझसे कहा कि अगर क्रिकेट नहीं खेलना चाहते हो तो टेस्ट क्रिकेट खेलते रहो ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ वनडे क्रिकेट में मुझे मजा आता है और मैं अफगानिस्तान के लिये लंबे समय तक खेल सकता हूं । लेकिन एहतियात बरतनी होगी कि खुद पर अधिक बोझ नहीं डालूं ।’’

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पुरुष और महिला घरेलू खिलाड़ियों की सैलरी बढ़ाई

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल की अगुआई वाली बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने पुरुष और महिला क्रिकेटरों की घरेलू मैच फीस और सैलरी में वृद्धि का ऐलान किया है। बोर्ड का कहना है कि खिलाड़ियों को लंबे समय से बहुत कम पैसे मिल रहे थे।

यह निर्णय तमीम इकबाल की अगुवाई वाली एड हॉक कमेटी का पहला कदम है, जिसने इस सप्ताह की शुरुआत में अपना काम शुरू किया था। बोर्ड के इस फैसले से बांग्लादेश के घरेलू क्रिकेटरों, खासकर महिला लीग के खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिली है।

तमीम इकबाल ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बात करते हुए कहा कि यह शायद आदर्श न हो, लेकिन यह निश्चित रूप से एक सुधार है। एक बार में वित्तीय वृद्धि की भी एक सीमा होती है।

तमीम यह जानकर हैरान थे कि महिला क्रिकेटरों को घरेलू वनडे मैचों में हर मैच के लिए सिर्फ 1,000 (बांग्लादेशी टका) मिलते थे। यह आंकड़ा हाल के वर्षों में थोड़ा बढ़ा है।

बीसीबी के नए सैलरी स्ट्रक्चर के मुताबिक, अलग-अलग फॉर्मेट में मैच फीस बढ़ा दी गई है, जिसमें महिला खिलाड़ी अब टी20 मैचों के लिए 10,000 (बांग्लादेशी टका), 50 ओवर (वनडे फॉर्मेट) के मैचों के लिए 15,000 (बांग्लादेशी टका), और प्रथम श्रेणी मैचों के लिए 20,000 (बांग्लादेशी टका) कमा रही हैं। इसके अलावा, टॉप 36 महिला क्रिकेटरों के लिए महीने की सैलरी 30,000 (बांग्लादेशी टका) से बढ़ाकर 40,000 (बांग्लादेशी टका) कर दी गई है। यह खिलाड़ियों की वित्तीय स्थिरता बढ़ाने की कोशिश है।

यह बदलाव सिर्फ महिला क्रिकेट तक ही सीमित नहीं है। पुरुष घरेलू खिलाड़ियों की सैलरी भी बढ़ी है, जिसमें कैटेगरी ए के खिलाड़ी अब हर महीने (बांग्लादेशी टका) 65,000 कमा रहे हैं, जबकि कैटेगरी बी और सी के खिलाड़ियों को क्रम से 50,000 (बांग्लादेशी टका), और 40,000 (बांग्लादेशी टका) मिलेंगे। प्रथम श्रेणी मैच फीस भी बढ़ा दी गई है, जो 75,000 (बांग्लादेशी टका) से बढ़कर 100,000 (बांग्लादेशी टका) हो गई है।


मेदवेदेव ने मोंटे कार्लो में बेरेत्तिनी से हार के बाद रैकेट सात बार फेंका

दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी दानिल मेदवेदेव ने मोंटे कार्लो मास्टर्स में मातेओ बेरेत्तिनी से 6 . 0, 6 . 0 से मिली हार के बाद अपना रैकेट सात बार लाल क्लेकोर्ट पर फेंका ।

इस समय दसवीं रैंकिंग पर काबिज मेदवेदेव 49 मिनट में मुकाबला हार गए । उन्होंने पांच डबल फॉल्ट किये जबकि बेरेत्तिनी ने एक भी नहीं किया ।

मेदवेदेव इस साल क्ले पर अपना पहला मैच खेल रही थी । उन्होंने हाल ही में इंडियन वेल्स में हार्डकोर्ट पर शीर्ष रैंकिंग वाले कार्लोस अल्काराज को हराया था ।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia