एशियाई खेलों में भारत को एक और स्वर्ण, 17 साल की कुमकुम मोहोड ने रच दिया इतिहास, आर्चरी में जीता गोल्ड मेडल
कुमकुम ने पहला सेट 9, 10 और 9 के स्कोर से जीता। दूसरे सेट में दोनों तीरंदाजों ने तीनों निशाने इनर 10 में लगाये । तीसरा सेट भी बराबरी पर रहा । आखिरी सेट में कुमकुम ने 29 . 28 से जीत दर्ज की।

17 साल की भारतीय तीरंदाज कुमकुम मोहोड ने एशियाई खेलों में इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिला व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी के फाइनल में दक्षिण कोरिया की ओ येजिन को शूटआउट में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ कुमकुम इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला तीरंदाज बन गई हैं।
शूटआउट में दिखाया गजब का संयम
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित सेटों के बाद दोनों तीरंदाजों का स्कोर 5-5 से बराबर था। इसके बाद मुकाबला शूटआउट में पहुंचा।
शूटआउट में कुमकुम ने दबाव के बीच शानदार निशाना लगाते हुए 10 अंक हासिल किए, जबकि ओ येजिन केवल 8 अंक ही बना सकीं। इसी के साथ कुमकुम ने ऐतिहासिक स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।
सेमीफाइनल में चीन की तीरंदाज को दी मात
फाइनल में पहुंचने से पहले कुमकुम ने सेमीफाइनल में चीन की जिंगयी झू को 6-2 से हराया था। इस जीत के साथ उन्होंने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए भारत को मिलने वाले दो कोटा स्थानों में से एक भी हासिल कर लिया।
सेमीफाइनल में कुमकुम ने पहला सेट 28-27 से अपने नाम किया। दूसरा और तीसरा सेट 30-30 और 29-29 से बराबर रहा। निर्णायक चौथे सेट में कुमकुम ने 29-28 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
क्वार्टर फाइनल में विश्व चैंपियन को हराया
कुमकुम का शानदार सफर क्वार्टर फाइनल से ही चर्चा में आ गया था। उन्होंने विश्व चैंपियन कांग चाएयंग को 6-4 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
लगातार मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को हराने के बाद कुमकुम ने फाइनल में भी दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन किया और शूटआउट में जीत हासिल की।
टीम स्पर्धा में भी जीत चुकी हैं स्वर्ण
कुमकुम का यह एशियाई खेलों में तीसरा पदक है। इससे पहले वह अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
इसके अलावा कुमकुम ने धीरज बोम्मदेवरा के साथ मिश्रित टीम रिकर्व स्पर्धा में रजत पदक भी हासिल किया था।
भारत की पदक तालिका में भी इजाफा
कुमकुम के ऐतिहासिक स्वर्ण के साथ एशियाई खेलों में भारतीय तीरंदाजी टीम के स्वर्ण पदकों की संख्या पांच हो गई है।
वहीं, एशियाई खेल 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 77 हो गई है। इनमें 17 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य पदक शामिल हैं। कुमकुम का स्वर्ण भारतीय तीरंदाजी के साथ-साथ देश की पदक तालिका के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
