खेल: अर्शदीप ने इंस्टाग्राम से पोस्ट हटाए, कोहली संग बनाई रील भी गायब और मार्श पाकिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज से बाहर
अर्शदीप सिंह ने अचानक अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'इंस्टाग्राम' पर 200 से अधिक पोस्ट और रील्स को हटा दिया है। टखने की चोट से जूझ रहे कार्यवाहक कप्तान मिशेल मार्श पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम से बाहर हो गए हैं।

अर्शदीप ने अपने इंस्टाग्राम से हटाए 200 से अधिक पोस्ट, कोहली संग बनाई रील भी गायब
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अचानक अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'इंस्टाग्राम' पर 200 से अधिक पोस्ट और रील्स को हटा दिया है। इसके बाद उनकी प्रोफाइनल पर सिर्फ 44 पोस्ट ही रह गए हैं, जिनमें से ज्यादातर विज्ञापन और पेड पार्टनरशिप से जुड़े हुए हैं।
अर्शदीप के इस कदम के बाद उनके इंस्टाग्राम से कई वायरल रील्स रातों-रात गायब हो गई हैं, जिसमें भारत की चैंपियंस ट्रॉफी 2025 सेलिब्रेशन से विराट कोहली के साथ उनकी शेयर की गई रील भी शामिल है। ज्यादातर बचे हुए अपलोड परिवार, निजी उपलब्धि, विज्ञापन और कुछ चुने हुए सहयोगात्मक कंटेंट के बारे में हैं।
अर्शदीप ने पंजाब किंग्स से जुड़े सभी पोस्ट को भी अपने इंस्टाग्राम से हटा दिया है। ऐसी अफवाहों ने भी जोर पकड़ा था कि पंजाब किंग्स और अर्शदीप के बीच में सबकुछ ठीक नहीं है। हालांकि, अर्शदीप ने जो ताजा पोस्ट शेयर किया है, वह पंजाब किंग्स टीम की एक फोटो ही है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "सब्र, शुकर। पंजाब।"
आईपीएल 2026: सीसीबी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने सट्टेबाजों के खिलाफ की कार्रवाई, 23 लोगों को हिरासत में लिया गया
सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दौरान सक्रिय सट्टेबाजों के खिलाफ के कड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में बड़ी संख्या में गिरफ्तारी भी हुई है।
सीसीबी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने सट्टेबाजी में शामिल लोगों के खिलाफ छापेमारी करते हुए 17 मामले दर्ज किए हैं और 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी बेंगलुरु शहर के अलग-अलग पुलिस थानों के क्षेत्रों में हुई।
नौ मामले सीसीबी पुलिस स्टेशन में दर्ज किए गए। चार बड़े मामलों में, पुलिस ने गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों से 1.10 लाख रुपये कीमत के सात मोबाइल फोन, 1,06,433 रुपये नकद, और 13,37,36,911 रुपये कीमत के सट्टेबाजी के चिप्स जब्त किए। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत 13,39,53,344 रुपये (13.39 करोड़ रुपये) आंकी गई है।
आईसीसी विमेंस रैंकिंग: 38 पायदान की छलांग लगाकर 'नंबर-2' गेंदबाज बनीं लिंसी स्मिथ
इंग्लैंड की स्पिनर लिंसी स्मिथ नवीनतम आईसीसी विमेंस टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में 38 पायदान की छलांग लगाकर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। लिंसी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 6 विकेट अपने नाम किए थे। उनके इस प्रदर्शन ने इंग्लैंड को 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए लिंसी को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था। बाएं हाथ की स्पिनर लिंसी ने टी20 रैंकिंग में अपनी साथी स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन को पछाड़ दिया है, जो अब रैंकिंग में तीसरे स्थान पर खिसक गईं।
टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष 7 में से 4 खिलाड़ी इंग्लैंड से हैं। इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल ने शुरुआती दो मुकाबलों में 3 विकेट हासिल किए थे, लेकिन अंतिम मुकाबले में नहीं खेल सकीं। वह फिलहाल चौथे स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि कार्यवाहक कप्तान चार्ली डीन ने सीरीज में पांच विकेट लेकर सातवें स्थान पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है।
मिशेल मार्श पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर, जोश इंगलिस संभालेंगे ऑस्ट्रेलिया की कमान
टखने की चोट से जूझ रहे कार्यवाहक कप्तान मिशेल मार्श पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम से बाहर हो गए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ उनकी उपलब्धता अनिश्चित है। ऐसे में जोश इंगलिस को पाकिस्तान दौरे पर टीम की कमान सौंपी गई है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, "मिशेल मार्श टखने की चोट के कारण पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। मार्श की गैरमौजूदगी में विकेटकीपर जोश इंगलिस पाकिस्तान में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करेंगे। मार्श, जो लखनऊ सुपर जायंट्स के आईपीएल सीजन का आखिरी मैच नहीं खेल पाए थे, अगली सूचना तक आगे की जांच और इलाज के लिए पर्थ में ही रहेंगे। बांग्लादेश के व्हाइट-बॉल दौरे के लिए उनकी उपलब्धता को लेकर उचित समय पर फैसला लिया जाएगा।"
मिशेल मार्श इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा रहे। चोट के कारण वह शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ टीम के आखिरी मैच में नहीं खेल सके थे।
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान वोल्वार्ट ने कहा, आईसीसी खिताब जीतने के लिए बेताब हैं
महिला टी20 विश्व कप की तैयारी में लगी दक्षिण अफ्रीका की कप्तान कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने कहा कि लगातार करीबी हार ने उनकी टीम की आईसीसी खिताब जीतने की भूख को और बढ़ा दिया है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ हाल ही में शृंखला में जीत से उनकी टीम का विश्व कप से पहले काफी आत्मविश्वास बढ़ा है।
दक्षिण अफ्रीका 2023 और 2024 में लगातार दो टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचा था और उसे इस बार खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। यही नहीं उसकी टीम पिछले साल वनडे विश्व कप में उपविजेता भी रही थी और अब वह फाइनल की बाधा को पार करने के लिए बेताब है।
वोल्वार्ट ने आईसीसी के लिए एक कॉलम में लिखा, ‘‘लगातार दो बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचना निश्चित रूप से हमारे लिए बेहद खास रहा लेकिन मुझे लगता है कि इसने हमें एक कदम और आगे बढ़ने के लिए उत्साहित कर दिया है।’’
इंग्लैंड और वेल्स में 12 जून से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका ने अप्रैल में पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारत को 4-1 से हराया था।
वोल्वार्ट ने कहा, ‘‘भारत के खिलाफ श्रृंखला दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक के खिलाफ खुद को परखने का अच्छा मौका था। उस श्रृंखला को जीतने से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा, लेकिन उससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि इसने टीम की क्षमता और जुझारूपन का पता चलता है। हमारे खिलाड़ियों में शानदार प्रदर्शन किया और उम्मीद है कि विश्व कप में भी यह जारी रहेगा।’’
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
