एशियन गेम्स LIVE: मंजीत सिंह ने 800 मीटर में जीता गोल्ड, जॉनसन को सिल्वर मेडल 

भारत के मनजीत सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के 10वें दिन पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। वहीं, भारत के ही जिनसन जॉनसन ने इस स्पर्धा में रजत पदक पर कब्जा जमाया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

28 Aug 2018, 6:36 PM

कुराश में पिंकी ने जीता सिल्वर

कुराश -52 किग्रा में भारत की पिंकी बल्हारा को उज्जबेकिस्तान की गुलनोर ने 10-0 से हरा दिया और इसी के साथ भारत को यहां सिल्वर से संतोष करना पड़ेगा।

28 Aug 2018, 6:33 PM

एशियाई खेल (एथलेटिक्स): पुरुषों की 800 मीटर में मनजीत को स्वर्ण, जॉनसन को रजत

भारत के मनजीत सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के 10वें दिन पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। वहीं, भारत के ही जिनसन जॉनसन ने इस स्पर्धा में रजत पदक पर कब्जा जमाया है। यह भारत का दिन का पहला और कुल नौवां स्वर्ण पदक है। मनजीत ने 1 मिनट 46.15 सेकेंड का समय निकाला तो वहीं जॉनसन एक मिनट 46.35 सेकेंड का समय निकाला। 1962 के बाद पहली बार हुआ है कि भारत ने एथलेटिक्स की इस स्पर्धा में स्वर्ण और रजत दोनों अपने नाम किए।

28 Aug 2018, 5:50 PM

एशियाई खेल (एथलेटिक्स): दुती 200 मीटर महिला रेस के फाइनल में

भारत की महिला धावक दुती चंद ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के 10वें दिन मंगलवार को बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। दुती ने सेमीफाइनल के हीट-1 में 23.00 सेकेंड का समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया।

दूसरे स्थान पर बहरीन की इडीडोंग ओडियोंग 23.01 सेकेंड का समय निकाल कर दूसरे स्थान पर रहीं। चीन की कोंग लिंगवेई ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया। उन्होंने 23.32 सेंकेड का समय निकाला।

वहीं, इसी स्पर्धा में भारत को एक बड़ा झटका लगा है। पदक की दावेदार मानी जा रहीं हिमा दास फॉल्स स्टार्ट के कारण इस रेस से बाहर हो गईं। वह हीट-2 में शामिल थीं।


28 Aug 2018, 5:48 PM

200 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल से बाहर हुई हिमा दास

18वें एशियाई खेलों के 10वें दिन मंगलवार को भारत की पदकों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। हाल ही में आईएएएफ अंडर-20 चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीत इतिहास रचने वाली हिमा दास महिलाओं की 200 मीटर रेस में फॉल्श स्टार्ट के कारण बाहर हो गई। रेस में हिस्सा लेने वाले खिलाड़यों को बंदूक की आवाज के बाद दौड़ना शुरू करना होता है लेकिन हिमा ने बंदूक चलने से पहले ही अपना स्थान छोड़ दिया और इस तरह वह बाहर हो गईं।

हिमा के जाने के बाद से देश की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। उम्मीद थी कि हिमा इस स्पर्धा में पदक जीत कर ही लौटेंगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

मौजूदा जूनियर विश्व चैम्पियन हिमा ने 400 मीटर रेस में भारत के लिए रजत पदक जीता था।

28 Aug 2018, 4:33 PM

हॉकी: श्रीलंका पर 20-0 की जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में पहुंचा

भारतीय पुरुष टीम ने 18वें एशियाई खेलों में 10वें दिन मंगलवार को अपने आखिरी पूल मैच में श्रीलंका को एकतरफा मुकाबले में 20-0 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अपना 200वां मैच खेल रहे रुपिंदर पाल सिंह ने और आकाशदीप ने इस मुकाबले में भारत के लिए हैट्रिक लगाई। भारतीय टीम ने अपने चौथे मैच दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर एक लिहाज से सेमीफाइनल में जगह बना ली थी। श्रीलंका के खिलाफ उसे सिर्फ ड्रॉ की जरूरत थी।

पहले ही क्वार्टर में श्रीलंका पर आक्रामक हमला करते हुए भारतीय टीम ने पहले ही मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक हासिल कर गोल किया और अपना खाता खोला। अपने करियर का 200वां मैच खेल रहे रुपिंदरपाल सिंह ने यह गोल किया।

भारतीय टीम को पांचवें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया। तीसरा गोल नौवें मिनट में आकाशदीप सिंह ने किया। इसके अगले ही मिनट में टीम को एक और पीसी मिली, लेकिन इस बार भारतीय टीम इसमें विफल हो गई।

आकाशदीप ने अगले ही मिनट में 11वें मिनट में एक और गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया। श्रीलंका पूरी तरह से कमजोर नजर आ रही थी और ऐसे में पहले क्वार्टर में वह 0-4 से पिछड़ गई।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने श्रीलंका के खिलाफ गोल करना जारी रखा। आकाशदीप ने 17वें मिनट में अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत के लिए पांचवां गोल किया।

भारत के लिए 21वें मिनट में मिली पीसी को भुनाते हुए हरमनप्रीत ने गोल किया और श्रीलंका को 6-0 से पीछे कर दिया। एक बार फिर फॉर्म में आते हुए आकाशदीप ने 22वें मिनट में ही एक और गोल किया। श्रीलंका पर अपना शिकंजा कसते हुए भारतीय टीम ने पहले हाफ में श्रीलंका को 7-0 से पीछे कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में विवेक सागर प्रसाद ने भारत के लिए आठवां गोल किया। आकाशदीप ने अगले ही मिनट में फील्ड गोल कर भारत को 9-0 से आगे कर दिया। हरमनप्रीत ने 33वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए भारत को 10-0 की बढ़त दे दी। यहां मनदीप सिंह ने 35वें मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किया और भारत का स्कोर 15-0 कर दिया।

भारतीय टीम को एक बार फिर 38वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर अमित रोहिदास ने गोल किया और टीम के खाते में 12वां गोल डाला। आकाशदीप ने 43वें मिनट में अपने छठे और मंदीप सिंह ने इसी मिनट में किए गए गोल के साथ भारतीय टीम को 14-0 से आगे कर दिया।

चौथे क्वार्टर में श्रीलंका ने काफी समय तक भारतीय टीम को अपने डिफेंस के जरिए रोके रखा, लेकिन 52वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नरक पर रुपिंदर ने गोल कर भारत को 15-0 से बढ़त दे दी।

रुपिंदर ने एक बार फिर भारत को मिले 16वें पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 16वां गोल दिया। वहीं दिलप्रीत ने 53वें मिनट में, ललित उपाध्याय ने 58वें और मंदीप ने 59वें मिनट में गोल कर भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ 20-0 से जीत दिलाई।


28 Aug 2018, 1:24 PM

टेबल टेनिस: भारतीय पुरुष टीम ने जीता कांस्य पदक

भारत की पुरुष टेबल टेनिस टीम मंगलवार को टीम स्पर्धा का कांस्य पदक हासिल हुआ। भारतीय पुरुष टीम को सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया की टीम ने 3-0 से मात दी। ऐसे में भारत को कांस्य से संतोष करना पड़ा।

पहले मैच में साथियान गनाशेखरन को दक्षिण कोरिया के खिलाड़ी सांग्सु ली ने 11-9, 9-11, 3-11, 3-11 से मात देकर अपनी टीम का खाता खोला। दूसरे मैच में भी भारत को हार का सामना करना पड़ा। अचंता शरथ कमल को सिक योंग जियोंग ने 9-11, 9-11, 11-6, 11-7, 8-11 से हरा दिया।

भारत तीसरे मैच में मिली हार के कारण फाइनल में कदम रखने से चूक गया। तीसरे मैच में दक्षिण कोरिया के वुजिन जांग ने एंथोनी अमलराज को 11-5, 11-7, 4-11, 11-7 से मात दी।

28 Aug 2018, 1:18 PM

महिला बैडमिंटन एकल स्पर्धा में पीवी सिंधु ने जीता सिल्वर मेडल

भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु महिला एकल स्पर्धा के फाइनल में हार गई हैं। हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा है। हालांकि, इस रजत पदक के साथ सिंधु ने नया इतिहास कायम किया है। वह एशियाई खेलों में बैडमिंटन की किसी भी स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली पहली खिलाड़ी हैं।

वर्ल्ड नम्बर-3 सिंधु को फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे की दिग्गज और वर्ल्ड नम्बर-1 ताइ जु यिंग ने सीधे गेमों में 21-13, 21-16 से मात दी।


28 Aug 2018, 12:56 PM

तीरंदाजी के कंपाउंड स्पर्धा में भारतीय पुरुष टीम ने जीता सिल्वर मेडल

इंडोनेशिया में चल रहे 18वें एशियाई खेलों में महिलाओं के बाद भारतीय पुरुष टीम ने तीरंदाजी के कंपाउंड टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में 229-229 से बराबरी के बाद भारतीय टीम शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया से हार गई और इस कारण उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

भारतीय टीम ने 2014 में इंचियोन में हुए एशियाई खेलों में इसी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।

28 Aug 2018, 11:43 AM

10वें दिन महिला तीरंदाजी टीम ने भारत को दिलाया सिल्वर मेडल

इंडोनेशिया में चल रहे 18वें एशियाई खेलों का आज 10वां दिन है। भारत की शुरूआत सिल्वर मेडल से हुई है। महिला टीम ने तीरंदाजी की कंपाउंड स्पर्धा सिल्वर मेडल जीता है। भारतीय टीम को खिताबी मुकाबले में दक्षिण कोरिया से हार मिली। हालांकि, इस स्पर्धा में भारतीय महिलाओं ने पहला रजत पदक जीता है।

दक्षिण कोरिया ने भारत को फाइनल मुकाबले में 231-228 से मात दी और सोना जीता। इससे पहले, 2014 में हुए एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा का कांस्य पदक हासिल किया था। भारतीय महिलाओं ने दक्षिण कोरिया को अच्छी टक्कर दी। पहले सेट में उन्होंने कोरियाई महिला तीरंदाजों के खिलाफ 59-57 से बढ़त हासिल की। इसके बाद, दक्षिण कोरिया की टीम ने दूसरे सेट में वापसी की और 58-56 से बढ़त लेकर कुल स्कोर बराबर कर लिया।

तीसरे सेट में दोनों टीमों ने 58-58 से बराबरी का स्कोर खेला और ऐसे में दोनों का कुल स्कोर 173-173 से बराबर था। वहीं चौथे सेट में भारतीय महिलाएं फिसल गईं और उन्हें 55-58 से पीछे होना पड़ा। ऐसे में कुल स्कोर से 231-228 से हारकर भारतीय टीम ने रजत पदक जीता।

भारतीय महिला स्क्वॉश टीम ने 18वें एशियाई खेलों के 10वें दिन मंगलवार को टीम स्पर्धा के क्वालिफिकेशन में थाईलैंड के खिलाफ जीत हासिल की। पूल-बी में खेले गए इस मैच में भारतीय महिला टीम ने थाईलैंड को 3-0 से हराया। उसका अगला मुकाबला आज ही इंडोनेशिया से होगा।

इसके बाद, भारतीय महिला टीम पूल-बी में ही बुधवार को चीन और गुरुवार को हांगकांग की टीम का सामना करेगी। इससे पहले, सोमवार को नौंवें दिन भारतीय महिला टीम ने ईरान को 3-0 से हराकर अपने अभियान का विजयी आगाज किया था।

भारत को आज कई मेडल मिलने की उम्मीद है। बैडमिंटन महिला एकल वर्ग के फाइनल में पीवी सिंधु अपनी चुनौती पेश करेंगी। उनका मुकाबला दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी थाईलैंड की ताई जू यिंग से होगा। वहीं भारतीय महिला एथलीट दुती चंद और हीमा दास ने 18वें एशियाई खेलों में मंगलवार को 10वें दिन महिलाओं की 200 मीटर रेस स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia