एशियन गेम्स: निशानेबाजी में भारतीय खिलाड़ियों का कमाल, सौरभ ने जीता स्वर्ण, संजीव का सिल्वर पर कब्जा

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में चल रहे 18वें एशियाई खोलों के पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में भारत के 16 वर्षीय निशानेबाज सौरभ चौधरी ने गोल्ड मेडल जीता है। सौरभ ने इस स्पर्धा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए कुल 240.7 अंक हासिल किए।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में चल रहे 18वें एशियाई खोलों का तीसरा दिन है। तीसरे दिन निशानेबाजी स्पर्धा से भारत के लिए अच्छी खबर है। मंगलवार को यहां पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में भारत के 16 वर्षीय निशानेबाज सौरभ चौधरी ने गोल्ड मेडल जीता है। सौरभ ने एशियाई खेलों में इस स्पर्धा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए कुल 240.7 अंक हासिल किए। यह भारत की झोली में तीसरे दिन गिरा पहला और कुल तीसरा स्वर्ण पदक रहा।

इसके अलावा इसी स्पर्धा में निशानेबाज अभिषेक वर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया। अभिषेक ने फाइनल में शीर्ष-3 में जगह बनाई और अंत में कुल 219-3 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।

भारतीय निशानेबाज संजीव राजपूत ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल-3 पोजिशन स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया है। संजीव ने 452.7 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल कर रजत पर कब्जा जमाया। संजीव का यह एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में जीता गया पहला पदक है।

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में सौरभ चौधरी के स्वर्ण पदक जीतने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 50 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

निशानेबाजी में गोल्ड मेडल जीतने के बाद सौरभ चौधरी को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके घर उत्तर प्रदेश के मेरठ में जश्न का माहौल है। सौरभ की इस उपलब्धी से उनके परिजन बेहद खुश हैं। वे मिठाई बांटकर जश्न मना रहे हैं।

18वें एशियाई खोलों में अब तक भारत की झोली में 8 पदक आ चुके हैं। सौरभ से पहले कुश्ती में बजरंग पूनिया और विनेश फोगोट ने स्वर्ण पदक जीता था। पदक तालिका में भारत 7वें स्थान पर है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia