Asian Games 2023: प्‍वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर चीन, 22 मेडल के साथ 5वें स्थान पर भारत, जानें टॉप 5 में और कौन से देश?

भारत के लिए हांगझोऊ में महिला शूटिंग टीम ने 24 सितंबर को पदक का खाता खोला था। खबर लिखे जाने तक भारत ने 5 गोल्‍ड, 7 सिल्‍वर और 10 ब्रॉन्‍ज मेडल जीते हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i

चीन के हांगझोउ में खेले जा रहे 19वें एशियन गेम्स का आज चौथा दिन है। भारत के लिए एशियाई खेल 2023 की शुरुआत शानदार रही। भारतीय दल ने हांगझोऊ में पहला पदक 24 सितंबर को जीता था। भारत के लिए हांगझोऊ में महिला शूटिंग टीम ने 24 सितंबर को पदक का खाता खोला था। खबर लिखे जाने तक भारत ने 5 गोल्‍ड, 7 सिल्‍वर और 10 ब्रॉन्‍ज मेडल जीते। एशियन गेम्‍स की प्‍वाइंट्स टेबल की बात करें तो भारत 5वें स्थान पर आ गया है। पहले नंबर पर चीन, दूसरे में दक्षिण कोरिया, तीसरे में जापान, चौथे स्थान में हॉन्गकॉन्ग, 5वें स्थान में भारत और 6ठे स्थान में उजबेकिस्तान है।

इन भारतीय एथलीट्स ने जीते पदक

  1. निशानेबाजी, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम: मेहुली घोष, रमिता और आशी चौकसे की शूटिंग टीम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद रजत पदक जीता। उन्होंने 1886 का कुल स्कोर बनाया।

  2. रोइंग मेंस डबल्स स्कल्स: अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह की जोड़ी ने लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स में रजत पदक जीता।

  3. रोइंग, मेंस पेयर: लेख राम और बाबू लाल यादव की जोड़ी ने तीसरे स्थान पर रही और कांस्य पदक अपने नाम किया।

  4. रोइंग, मेंस एट: भारत ने इस बार पुरुषों की आठ स्पर्धा में एक और रजत पदक जीता।

  5. निशानेबाजी, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत: महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली रमिता जिंदल ने 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में व्यक्तिगत स्पर्धा में 230.1 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।

  6. निशानेबाजी, पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम: दिव्यांश सिंह पंवार, रुद्रांक्ष पाटिल और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की तिकड़ी ने 2023 एशियाई खेलों में भारत को अपना पहला स्वर्ण पदक दिलाया।

  7. रोइंग, मेंस कॉक्सलेस फोर: जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनीत और आशीष कुमार की चौकड़ी ने पुरुषों की चार स्पर्धा में कांस्य जीता।

  8. रोइंग, पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स: सतनाम, परमिंदर, जाकर और सुखमीत की चौकड़ी फाइनल में 3:6.08 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रही।

  9. पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत: शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, जिन्होंने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर टीम स्पर्धा में भारत को एशियाई खेलों का पहला स्वर्ण पदक दिलाया था, उन्होंने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

  10. पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टीम: आदर्श सिंह, अनीश भानवाला और विजयवीर सिद्धू की तिकड़ी ने 1718 के कुल स्कोर के साथ भारत को कांस्य पदक दिलाया।

  11. महिला क्रिकेट: भारतीय टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

  12. नाविक नेहा ठाकुरः 17 वर्षीय नाविक नेहा ठाकुर ने रजत पदक जीता।

  13. नाविक इबाद अलीः इबाद अली ने नौकायन में कांस्य पदक जीता। वह पुरुषों की विंडसर्फर आरएस एक्स स्पर्धा में 52 के नेट स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

  14. घुड़सवारी टीमः हृदय छेदा, दिव्यकृति सिंह, अनुष अग्रवाल और सुदीप्ति हजेला की भारतीय मिश्रित टीम ने 209.205 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता।

  15. 50 मीटर थ्री पोजिशन राइफल टीम, सिफ्त, मानिनी और आशी: भारतीय शूटिंग टीम ने रजत पदक पर निशाना साधा है। भारत ने 50 मीटर थ्री पोजिशन की टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता है।

  16. 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा, मनु, ईशा और रिदम: मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान ने 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता

  17. 50 मीटर थ्री पोजिशन राइफल व्यक्तिगत, सिफ्त कौर (स्वर्ण): सिफ्त कौर ने स्वर्ण अपने नाम किया। सिफ्त कौर समरा ने 50 मीटर थ्री पोजिशन राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में 10.2 अंक हासिल कर आसानी से स्वर्ण पदक जीत लिया। सिफ्त कौर एशियाई खेल 2023 में एकल प्रतिस्पर्धा में भारत को स्वर्ण दिलाने वाली पहली एथलीट हैं। सिफ्त ने स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया विश्व रिकॉर्ड भी बनाया है।

  18. 50 मीटर थ्री पोजिशन राइफल व्यक्तिगत, आशी चौकसे (कांस्य): 50 मीटर थ्री पोजिशन राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में सिफ्त जहां पहले स्थान पर रहीं, वहीं इसी प्रतियोगिता में आशी चौकसे ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

  19. भारतीय पुरुष स्कीट शूटिंग टीम: अंगद बाजवा, गुरजोत सिंह खंगुरा और अनंत जीत सिंह नरुका की तिकड़ी ने भारतीय पुरुष स्कीट टीम ने कांस्य पदक जीता।

  20. नौकायन डिंगी ILCA 7 पुरुष, विष्णु सरवनन (कांस्य): विष्णु सरवनन ने पुरुषों की डिंगी ILCA 7 में 34 के नेट स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।

  21. महिला 25 मीटर पिस्टल, ईशा सिंह (रजत): शूटिंग में ईशा सिंह ने रजत पदक पर कब्जा जमाया है। उन्होंने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल प्रतियोगिता में 34 का स्कोर किया और दूसरे स्थान पर रहीं।

  22. अनंत सिंह ने शूटिंग में देश को एक और पदक दिलाया है। उन्होंने 60 में 58 शॉट सही निशाने पर लगाए और रजत पदक अपने नाम किया।


आपको बता दें, पहले दिन भारत को पांच, दूसरे दिन छह और तीसरे दिन तीन पदक मिले। फिलहाल आज खबर लिखे जाने तक 8 पदक जीते हैं। साल 2018 एशियाई खेलों में भारतीय दल ने 570 सदस्यीय मजबूत दल से 80 पदक अर्जित करके एशियाड में अपना सबसे ज्यादा पदक का रिकॉर्ड बनाया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए