Asian Games 2026: भारत की बेटियों ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड मेडल, चीन को हराकर रचा इतिहास

गोल्ड मेडल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही चीन पर दबाव बनाए रखा। पहले सेट में भारत ने परफेक्ट 60 अंक हासिल किए, जबकि चीन की टीम 58 अंक ही बना सकी। इसके बाद भारतीय तीरंदाजों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

फोटो: सोशल मीडिया
i

एशियन गेम्स 2026 में भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 7 हो गई है। तीरंदाजी के महिला कंपाउंड टीम इवेंट में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 238-234 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ज्योति, चिकिता और प्रीतिका की तिकड़ी ने मिलकर 238 अंक हासिल किए और विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

गोल्ड मेडल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही चीन पर दबाव बनाए रखा। पहले सेट में भारत ने परफेक्ट 60 अंक हासिल किए, जबकि चीन की टीम 58 अंक ही बना सकी। इसके बाद भारतीय तीरंदाजों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

दूसरे सेट में भी भारत ने 59-58 से बढ़त हासिल की। इस तरह दो सेट के बाद भारतीय टीम की कुल बढ़त 3 अंकों की हो गई। तीसरे सेट में चीन ने शानदार वापसी करते हुए 60 अंक बनाए, लेकिन भारत ने भी 59 का स्कोर किया। इसके बावजूद भारत की बढ़त बरकरार रही और कुल स्कोर 178-176 हो गया।

फाइनल सेट में भारतीय टीम के सामने सिर्फ अपनी बढ़त कायम रखने की चुनौती थी। ज्योति, चिकिता और प्रीतिका ने दबाव के बावजूद बेहतरीन निशाने लगाए और परफेक्ट 60 अंक हासिल किए। इसके साथ ही भारत ने मुकाबला 238-234 से जीतकर गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया।

चारों सेट में भारत का प्रदर्शन

पहला सेट: भारत 60-58 चीन

दूसरा सेट: भारत 59-58 चीन

तीसरा सेट: भारत 59-60 चीन

चौथा सेट: भारत 60-59 चीन

कुल स्कोर: भारत 238-234 चीन

विश्व रिकॉर्ड की बराबरी

भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने 238 अंकों के स्कोर के साथ इस इवेंट के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इससे पहले दक्षिण कोरिया ने 2014 एशियाई खेलों के फाइनल में 238 अंक हासिल करके यह रिकॉर्ड बनाया था।

ज्योति, चिकिता और प्रीतिका ने पूरे मुकाबले में शानदार निरंतरता दिखाई। 24 शॉट्स में भारतीय टीम ने 22 बार 10 अंक हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत भारत ने न केवल चीन को हराकर गोल्ड जीता, बल्कि रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए एशियन गेम्स में देश के खाते में सातवां स्वर्ण पदक भी जोड़ दिया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए