एशियन गेम्सः भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को हराकर जीता गोल्ड, खत्म हुआ 44 साल का इंतजार, ओलंपिक का मिला टिकट

चीन को रजत पदक मिला जबकि जापान ने शूटआउट में कोरिया को हराकर कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही पेरिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई नहीं कर पाने की नाकामी को भुलाते हुए भारत ने 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक का सीधे टिकट कटा लिया है।

एशियन गेम्सः भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को हराकर जीता गोल्ड, खत्म हुआ 44 साल का इंतजार, ओलंपिक का मिला टिकट
i

भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को हराकर जीता गोल्ड

भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल का सूखा खत्म किया

जीत के साथ भारतीय टीम ने ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल मुकाबले में चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने आखिरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल साल 1982 में जीता था। इस तरह महिला हॉकी टीम बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 44 साल का सूखा खत्म कर दिया है। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारतीय टीम ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी डायरेक्ट क्वालिफाई कर लिया है।

भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। फाइनल मैच में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही चीन पर दबाव बनाने का प्रयास किया। भारतीय टीम लगातार अटैक करती नजर आई, जिसका फायदा भी मिला। मैच के छठे मिनट में बलजीत कौर को ग्रीन कार्ड मिला, लेकिन 10वें मिनट में अपना 200वां इंटरनेशनल मैच खेलने उतरीं लालरेम्सियामी ने बेहतरीन गोल दागते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।


भारतीय टीम को इसके बाद अपनी बढ़त दोगुनी करने का सुनहरा मौका मिला, लेकिन पेनल्टी कॉर्नर को टीम गोल में तब्दील नहीं कर सकी। हालांकि, मजबूत डिफेंस के बूते भारतीय टीम पहले क्वार्टर में अपनी बढ़त को बनाए रखने में सफल रही। दूसरे क्वार्टर में चीन ने वापसी करने की कोशिश की और आक्रामक खेल दिखाया। चीन को जल्द ही पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन सविता पूनिया ने दमदार बचाव करते हुए चीन को बराबरी करने से रोक दिया।

हालांकि, इसके बावजूद चीन का आक्रामक खेल लगातार जारी रहा, लेकिन वह भारतीय टीम के मजबूत डिफेंस को नहीं भेद सके। तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी भारतीय टीम के डिफेंस ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और चीन को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। तीसरे क्वार्टर में कप्तान सलीमा टेटे के चोटिल होने के बावजूद, भारतीय टीम ने चीन को हावी होने का मौका नहीं दिया। चौथे क्वार्टर में सलीमा मैदान पर वापस लौटीं और उनकी अगुवाई में टीम अपने दबदबे को कायम रखते हुए गोल्ड मेडल जीतने में सफल रही।


चीन को रजत पदक मिला जबकि जापान ने शूटआउट में कोरिया को हराकर कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही पेरिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई नहीं कर पाने की नाकामी को भुलाते हुए भारत ने 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक का सीधे टिकट कटा लिया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए