Asian Para Games 2026: नितेश-थुलसिमथी की जोड़ी ने बैडमिंटन में जीता सिल्वर, भारत के खाते में 104 मेडल

एशियन पैरा गेम्स 2026 में नितेश कुमार और थुलसिमथी मुरुगेसन ने बैडमिंटन मिक्स्ड डबल्स में सिल्वर जीता है। इसके साथ ही भारत के खाते में कुल मेडल 104 हो गए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • नितेश कुमार और थुलसिमथी मुरुगेसन ने मिक्स्ड डबल्स में सिल्वर मेडल जीता।

  • थुलसिमथी और नित्या श्री सुमति सिवन ने भी अपने-अपने फाइनल में हार के बाद सिल्वर जीता।

  • नितेश कुमार ने प्रमोद भगत को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

  • भारत के कुल मेडल 104 हो गए हैं और वह पदक तालिका में चौथे स्थान पर है।

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को नितेश कुमार और थुलसिमथी मुरुगेसन की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स एसएल3-एसयू5 कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता। फाइनल में भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की लीनी रात्री ओक्टिला और हिकमत रामदानी के खिलाफ 21-11, 19-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 21-11 से जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन इंडोनेशियाई जोड़ी ने अगले दोनों गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। थुलसिमथी ने इससे पहले महिला एकल एसयू5 फाइनल में भी सिल्वर मेडल जीता था। उन्हें चीन की यांग ने 21-18, 21-11 से हराया।

नितेश कुमार ने प्रमोद भगत को हराकर जीता गोल्ड

नितेश कुमार ने पुरुष एकल में हमवतन प्रमोद भगत को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। दो पैरालंपिक चैंपियनों के बीच हुए इस मुकाबले में नितेश ने 21-18, 21-16 से जीत दर्ज की। प्रमोद भगत ने 2018 और 2022 के संस्करणों में गोल्ड मेडल जीता था।

महिला एकल एसएच6 वर्ग में नित्या श्री सुमति सिवन ने भी सिल्वर मेडल हासिल किया। फाइनल में उन्हें चीन की ली फेंगमेई के खिलाफ 12-21, 13-21 से हार मिली।


भारत के खाते में 104 मेडल, पदक तालिका में चौथा स्थान

रिपोर्ट लिखे जाने तक भारत ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में कुल 104 मेडल जीत लिए थे। इनमें 27 गोल्ड, 34 सिल्वर और 43 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारतीय दल फिलहाल पदक तालिका में चौथे स्थान पर है।

भारत हांगझोऊ में 2023 में हुए पिछले एशियन पैरा गेम्स में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बाद इस बार आइची-नागोया पहुंचा है। पिछले संस्करण में भारतीय खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड 111 मेडल जीते थे, जिनमें 29 गोल्ड, 31 सिल्वर और 51 ब्रॉन्ज शामिल थे।

पैरा बैडमिंटन में एसएल3 वर्ग उन खिलाड़ियों के लिए है जिनके निचले अंगों में गंभीर कमी होती है और वे हाफ कोर्ट पर खेलते हैं। एसएल4 वर्ग में ऐसे खिलाड़ी आते हैं जिनका चलने और दौड़ने का संतुलन बेहतर होता है। एसयू5 ऊपरी अंगों में कमी वाले खिलाड़ियों के लिए है, जबकि एसएच6 छोटे कद के खिलाड़ियों की श्रेणी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए