खेल: ICC रैंकिंग में बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने लगाई जबरदस्त छलांग और फिजियो को हटाए जाने से नाखुश पाकिस्तानी खिलाड़ी
पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने ताजा आईसीसी मेंस टेस्ट रैंकिंग में काफी सुधार किया है। पाकिस्तान के कई खिलाड़ी फिजियो क्लिफ डीकन को हटाए जाने से नाखुश हैं।

भारत की निगाहें टी20 विश्व कप से पहले इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में लय हासिल करने पर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम अगले महीने होने वाले महिला टी20 विश्व कप विश्व कप के लिए अपनी अंतिम तैयारी के तौर पर बृहस्पतिवार से यहां शुरू हो रही तीन मैच की श्रृंखला में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ अपनी निरंतरता दोबारा हासिल करने और सर्वश्रेष्ठ टीम संयोजन तय करने की कोशिश करेगी।
टी20 विश्व कप 12 जून से शुरू हो रहा है और इस वैश्विक टूर्नामेंट को देखते हुए हरमनप्रीत कौर की टीम के लिए यह दौरा और भी ज्यादा अहम हो जाता है। भारतीय टीम ने पिछले एक साल में कई बार शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन लगातार लय बनाए रखने में उसे संघर्ष करना पड़ा है।
टी20 विश्व कप के लिए भारत की तैयारियां मिली-जुली रही हैं। टीम ने पिछले साल दिसंबर में घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ 5-0 से शानदार जीत के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद टीम ने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रचते हुए 2-1 से टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीती, इस तरह उसने एक दशक में वहां पहली द्विपक्षीय सीरीज जीती।
ऑस्ट्रेलिया में मिली यह जीत उस टीम के लिए एक बड़ा कदम मानी गई जिसे अक्सर विदेशों में खासकर दबाव वाले हालात में संघर्ष करना पड़ता था। बल्लेबाजों का आक्रामक रवैया और गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अच्छे संकेत थे।
आरसीबी के खिलाड़ियों का एकजुट खेलना उन्हें ‘पूर्ण टीम’ बनाता है : बोबाट
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने गत चैंपियन के क्वालीफायर एक में गुजरात टाइटन्स को करारी शिकस्त देने के बाद लगातार दूसरे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फाइनल में पहुंचने के बाद टीम के ‘सामूहिक योगदान’ की तारीफ की।
आरसीबी ने पांच विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर गुजरात टाइटन्स को 162 रन पर ऑल आउट कर दिया। आरसीबी की जीत में कप्तान रजत पाटीदार की 33 गेंदों पर खेली गई 93 रन की तूफानी नाबाद पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन का अहम योगदान रहा।
बोबाट ने कहा कि पिछले दो सत्र में आरसीबी के शानदार प्रदर्शन से सबसे बड़ी सीख यह मिली है कि दबाव वाले हालात में कई खिलाड़ी लगातार आगे बढ़कर टीम के लिए योगदान दे रहे हैं।
बोबाट ने कहा, ‘‘मुझे इस बात की खुशी है कि हमारी जीत में कई खिलाड़ी योगदान दे रहे हैं। हम बल्लेबाजी या गेंदबाजी के लिए सिर्फ एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं हैं। हमारी टीम के कई खिलाड़ी योगदान दे रहे हैं और यह बहुत अच्छी बात है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर हर कोई अपना योगदान देता है और अपनी भूमिका ठीक से निभाता है तो नतीजे अपने आप ही अच्छे आते हैं। आज के मैच से मिली सबसे उत्साहजनक बात शायद यही है। और साथ ही यह भी कि हम फाइनल में पहुंच गए हैं। ’’
स्कोरबोर्ड का दबाव और खराब क्षेत्ररक्षण की वजह से हार मिली: ग्लेन फिलिप्स
गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने स्वीकार किया कि स्कोरबोर्ड के दबाव और खराब क्षेत्ररक्षण के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले क्वालीफायर में उनकी टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों 92 रनों की करारी हार झेलनी पड़ी, लेकिन उन्होंने कहा कि टीम एलिमिनेटर से पहले इस हार को भुलाकर आगे बढ़ जाएगी।
गुजरात टाइटन्स अब दूसरे क्वालीफायर में खेलेगी।
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार की 93 रनों की तूफानी नाबाद पारी की बदौलत आरसीबी ने पांच विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इस बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइन्स का शीर्ष क्रम दबाव का सामना करने में नाकाम रहा जिससे टीम162 रन पर ही ऑल आउट हो गई।
फिलिप्स मंगलवार को हुए इस मैच में नहीं खेले थे, उन्होंने कहा कि आरसीबी के गेंदबाजों द्वारा शुरुआती झटके दिए जाने के बाद लक्ष्य का पीछा करना और भी मुश्किल हो गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘250 रन का लक्ष्य किसी भी दिन मुश्किल होता है, खासकर तब जब सब कुछ आपके पक्ष में नहीं जा रहा हो। जब आप 250 रन का पीछा करने की कोशिश कर रहे होते हैं तो स्कोरबोर्ड का बहुत ज्यादा दबाव होता है और बहुत कम टीमें ही ऐसा कर पाई हैं। ’’
पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप, आईसीसी रैंकिंग में बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने लगाई जबरदस्त छलांग
पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने ताजा आईसीसी मेंस टेस्ट रैंकिंग में काफी सुधार किया है। अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम उन खिलाड़ियों में से एक रहे, जिन्हें सबसे ज्यादा फायदा हुआ।
दाएं हाथ के 39 वर्षीय बल्लेबाज ने पाकिस्तान के विरुद्ध टेस्ट सीरीज की चार पारियों में सर्वाधिक 259 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ मुशफिकुर रहीम ने बल्लेबाजी रैंकिंग में 10 पायदान की छलांग लगाते हुए संयुक्त रूप से 16वां स्थान हासिल कर लिया है।
इनके अलावा, बांग्लादेशी बल्लेबाज लिटन दास को भी जबरदस्त फायदा मिला, जिन्होंने सीरीज के दौरान 239 रन बनाकर 14 स्थान की छलांग लगाई और 24वें स्थान पर पहुंच गए।
इस सीरीज के बाद बांग्लादेशी गेंदबाजों को भी फायदा मिला है। बाएं हाथ के स्पिनर तैजुल इस्लाम को आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में 2 स्थान का फायदा मिला, जिन्होंने 11वें स्थान पर पहुंचकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग भी हासिल कर ली। ऑफ-स्पिनर मेहदी हसन मिराज दो स्थान ऊपर चढ़कर 25वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने 10 स्थान की छलांग लगाकर 54वां स्थान हासिल किया। तैजुल इस्लाम ने आईसीसी टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में भी 3 पायदान की छलांग लगाते हुए 29वां स्थान हासिल कर लिया।
फिजियो क्लिफ डीकन को हटाए जाने से नाखुश पाकिस्तानी खिलाड़ी: रिपोर्ट
पाकिस्तान के कई खिलाड़ी, खासकर तेज गेंदबाज, लंबे समय से टीम के साथ जुड़े फिजियो क्लिफ डीकन को हटाए जाने से नाखुश हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से अपने इस फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है।
डीकन को ऑस्ट्रेलिया की नेशनल क्रिकेट टीम के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान के सपोर्ट स्टाफ से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर बोर्ड ने इफ्तिखार अहमद को टीम का नया फिजियो नियुक्त किया है। 'टेलीकॉम एशिया' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस कदम से कई खिलाड़ी निराश हैं, क्योंकि डीकन लंबे समय से राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़े हुए थे।
45 वर्षीय साउथ अफ्रीकी फिजियो साल 2017 से पाकिस्तानी टीम से जुड़े थे। ड्रेसिंग रूम में उन्हें काफी सम्मान की नजर से देखा जाता था, खासकर तेज गेंदबाजों के बीच, जिन्हें व्यस्त अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल के दौरान वर्कलोड और फिटनेस से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता था।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
