खेल: बल्लेबाज ने कोहली को लेकर कही बड़ी बात और अभिषेक शर्मा की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी के कायल हुए इयान बिशप

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने कहा, ‘‘मैंने यूट्यूब पर विराट कोहली के वीडियो देखकर यह समझने की कोशिश की कि वह स्पिन का सामना कैसे करते हैं। वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इयान बिशप ने भारत की गेंदबाजी और अभिषेक शर्मा की समझदारी भरी रणनीति की तारीफ की है।

कोहली की बल्लेबाजी के वीडियो देखकर स्पिन खेलने के गुर सीखे: मैकस्वीनी
i

अभिषेक शर्मा की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी के कायल हुए इयान बिशप, भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन को भी सराहा

वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इयान बिशप ने भारत की गेंदबाजी और अभिषेक शर्मा की समझदारी भरी रणनीति की तारीफ की है। रविवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 14 रनों से हराया और पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल की।

बिशप ने बताया कि भारत ने यॉर्कर और वाइड लाइन का अच्छा इस्तेमाल किया, जिसमें अर्शदीप सिंह ने अटैक की कमान संभाली और नमन धीर ने उनका बखूबी साथ दिया। उन्होंने ओस न होने को भी एक अहम वजह बताया, जिससे गेंदबाजों को अपनी योजनाएं लागू करने में मदद मिली।

इयान बिशप ने 'जियोस्टार' पर बात करते हुए कहा कि इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने आठवें ओवर के बाद मैच में वापसी की कोशिश की। पहले रोस्टन चेज, फिर स्प्रिंगर और गुडाकेश मोटी ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन प्रिंस यादव के बनाए अहम रन अंत में भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हुए।

बिशप ने कहा कि भारत ने टीम में प्रिंस यादव को इसलिए वापस शामिल किया था क्योंकि वह यॉर्कर और वाइड लाइन पर सटीक गेंदबाजी कर सकते हैं। टी20 क्रिकेट में यह बहुत असरदार रणनीति होती है और भारत को इसका फायदा मिला। उन्होंने अर्शदीप सिंह की भी जमकर तारीफ की और कहा कि वह भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के लीडर के तौर पर सामने आए। नमन धीर की मदद से उन्होंने हालात को जल्दी समझा और उसी के अनुसार गेंदबाजी की। बिशप ने यह भी कहा कि ओस नहीं पड़ने से भारतीय गेंदबाजों को मदद मिली।

रणजी ट्रॉफी: रवींद्र जडेजा का चला बल्ला, सौराष्ट्र के लिए लगाया शतक, रिंकू ने भी बिखेरा जलवा  

रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन की शुरुआत रवींद्र जडेजा ने सौराष्ट्र की ओर से खेलते हुए शानदार अंदाज में की है। जडेजा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। वहीं, उत्तर प्रदेश की तरफ से खेलते हुए रिंकू सिंह ने भी शतक लगाया। 

जडेजा ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेलते हुए 209 गेंदों का सामना करते हुए 102 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 7 चौके लगाए। जडेजा जब बल्लेबाजी करने उतरे, तो सौराष्ट्र का स्कोर 3 विकेट खोकर 120 रन था। उन्होंने चौथे विकेट के लिए चिराग जानी के साथ मिलकर 31 रनों की साझेदारी निभाई।

 चिराग के आउट होने के बाद प्रेरक मांकड़ के रूप में जडेजा को अच्छा जोड़ीदार मिला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 205 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाई। प्रेरक ने 150 गेंदों का सामना करते हुए 129 रनों की बेहतरीन पारी खेली। जडेजा और प्रेरक की शतकीय पारी की बदौलत सौराष्ट्र की टीम 392 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही। चिराग जानी ने 83 रनों का योगदान दिया।

वहीं, बिहार के खिलाफ उत्तर प्रदेश की तरफ से खेलते हुए रिंकू सिंह ने भी शतकीय पारी खेली। रिंकू ने 168 गेंदों में 112 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए। रिंकू ने माधव कौशिक के साथ मिलकर 312 गेंदों में 207 रनों की साझेदारी निभाई। माधव ने भी 150 रनों की दमदार पारी खेली। बड़ौदा की तरफ से खेलते हुए दीपक हुड्डा ने गोवा के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 98 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 52 रन बनाए।


कोहली की बल्लेबाजी के वीडियो देखकर स्पिन खेलने के गुर सीखे: मैकस्वीनी

ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के बल्लेबाज नाथन मैकस्वीनी ने कहा कि विराट कोहली के वीडियो देखकर स्पिन गेंदबाजी खेलने के तरीके सीखने से उन्हें भारत ‘ए’ के खिलाफ वनडे शृंखला में अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिली। मैकस्वीनी ने तीन मैचों में 194 रन बनाए और उन्हें शृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने यूट्यूब पर कोहली के बल्लेबाजी करने के वीडियो देखकर यह जानने की कोशिश की कि वह स्पिन गेंदबाजों का सामना किस तरह करते हैं।

भारत ‘ए’ के रविवार को शृंखला का तीसरा मैच 49 रन से जीता लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने शुरूआती दो मैच जीतकर पहले ही इसे अपने नाम कर लिया था।

मैकस्वीनी ने तीसरे वनडे के बाद कहा, ‘‘एक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के तौर पर भारत आना हो, तो यहां स्पिन गेंदबाजी पर विशेष ध्यान देना पड़ता है। ऐसे में आप कड़ी मेहनत करते हैं और भारतीय दिग्गज खिलाड़ियों को स्पिन के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए देखते हैं, ताकि उनसे सीख सकें।’’

इस 27 साल के बल्लेबाज ने कहा, ‘‘मैंने यूट्यूब पर विराट कोहली के वीडियो देखकर यह समझने की कोशिश की कि वह स्पिन का सामना कैसे करते हैं। इसके अलावा स्टीव स्मिथ और उन दूसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी देखा, जिन्होंने भारत आकर अच्छा प्रदर्शन किया है। विश्लेषकों से काफी जानकारी और आंकड़े भी मिले। खुशी है कि मैं इन जानकारियों को मैदान पर अपने खेल में उतारने और उन पर अमल करने में सफल रहा।’’

बल्लेबाजी कौशल से गेंदबाजी में भी प्रभाव छोड़ते हैं ऑलराउंडर नमन धीर

भारत के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर नमन धीर का कहना है कि बल्लेबाजी कौशल उन्हें गेंदबाजी के दौरान बल्लेबाजों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करता है और इससे वह बल्लेबाज के खड़े होने के तरीके (स्टांस) और शॉट के चयन के आधार पर उसके इरादों का अनुमान लगा पाते हैं।

अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला खेल रहे धीर ने रविवार को यहां तीसरे मैच में कामिल पूरन और शिमरोन हेटमायर के अहम विकेट चटकाए जिससे भारत ने वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर पांच मैच की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बना ली।

धीर ने ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘बल्लेबाज होने का फायदा मिलता है क्योंकि आप बल्लेबाज के स्टांस, उसके बैकलिफ्ट की दिशा, गार्ड और उसके खेलने के तरीके को समझते हैं। गेंदबाजी करते समय मैं इन चीजों पर लगातार नजर रखता हूं।’’

कामिल ने 11वें ओवर में धीर पर तीन छक्के जड़े लेकिन भारतीय ऑलराउंडर ने ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें आउट करके बदला चुकता कर दिया।

धीर ने कहा, ‘‘मैंने तीन छक्के देने और फिर विकेट लेने की योजना नहीं बनाई थी। उदाहरण के लिए, जब कामिल पूरन बल्लेबाजी कर रहे थे तो वह हर शॉट लेग साइड में खेलने और शॉट लगाने के लिए जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए मैं उन्हें जगह नहीं देना चाहता था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पहली दो गेंद पर मेरे से कुछ गलतियां हुईं। मुझे पता था कि मैं अपना तीसरा ओवर कर रहा हूं, बल्लेबाज क्रीज पर जम चुका है और रन गति अधिक होने के कारण वह जोखिम लेने की कोशिश करेगा।’’


होप को रोकने की योजना सफल रहने से खुश हैं अर्शदीप

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहा कि वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को रोकने के लिए टीम ने खास रणनीति बनाई थी और गेंदबाजों ने मैदान पर उस पर अच्छी तरह अमल किया।

भारत ने पांच मैचों की शृंखला के तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर 2-1 की बढ़त बना ली।

अर्शदीप ने रविवार को खेले गए मुकाबले में चार ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने खतरनाक बल्लेबाज शाई होप (5) और शेरफेन रदरफोर्ड (32) को बोल्ड करके भारत को अहम सफलता दिलाई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन बनाए और फिर वेस्टइंडीज को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया।

यह जीत भारत के लिए खास रही, क्योंकि रांची में खेले गये दूसरे टी20 मैच में होप के शतक और रदरफोर्ड की 37 गेंदों में 84 रन की तूफानी पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने 250 रन का लक्ष्य हासिल कर रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से जारी वीडियो में अर्शदीप ने कहा ‘‘ मैच से पहले हमने शाई होप को रोकने की रणनीति बनाई थी। हमारा लक्ष्य उन पर दबाव बनाए रखना और योजना को मैदान पर सही तरीके से लागू करना था। जब इसका नतीजा मिलता है, तो बहुत अच्छा लगता है।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए