टोक्यो पैरालिंपिक में भाविना पटेल ने रचा इतिहास, गोल्ड मेडल जीतने से सिर्फ एक कदम दूर
जीत के बाद भाविना पटेल ने कहा कि मेरी हिम्मत और भारतवासियों का प्यार ऐसे ही बना रहा तो मैं गोल्ड भी जीतकर आ सकती हूं। मैंने सोचा था कि मुझे अपना 100% देना है और मैं वो ही देती जा रही हूं।

टोक्यो पैरालिंपिक के टेबल टेनिस महिला एकल वर्ग 4 में पैडलर भाविना पटेल चीन की मियाओ झांग को 3-2 से हराकर फाइनल में पहुंचीं। भाविना पटेल इतिहास रचने से सिर्फ एक दूर हैं।
जीत के बाद भाविना पटेल ने कहा कि मेरी हिम्मत और भारतवासियों का प्यार ऐसे ही बना रहा तो मैं गोल्ड भी जीतकर आ सकती हूं। मैंने सोचा था कि मुझे अपना 100% देना है और मैं वो ही देती जा रही हूं। जब हम अपना 100% देते हैं तो मेडल बनता है। मैं फाइनल के लिए मानसिक रूप से तैयार हूं।
चीन की मियाओ झांग को हराकर फाइनल में पहुंचने पर भाविना पटेल ने कहा कि ये मेरे लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। हर कोई हमेशा कहता है कि चीन को हराना नामुमकिन है लेकिन आज मैंने साबित कर दिया कि अगर आप कुछ करना चाहते हैं तो नामुमकिन कुछ भी नहीं होता।
भारतीय पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष दीपा मलिक ने कहा कि उम्मीद करते हैं कि कल हमारे मेडल का रंग और बड़ा हो लेकिन भाविना हम सबका दिल पहले ही जीत चुकी हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भाविना पटेल का प्रदर्शन आज बहुत ही खूबसूरत रहा, महिला इतिहास रचे जा रही हैं। वो(मियाओ झांग) दुनिया की टॉप तीन खिलाड़ियों में से थीं जिनसे भाविना दो साल पहले हारी थीं। उन्होंने अपनी हार को आज जीत में बदला है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 28 Aug 2021, 8:25 AM
