खेल: ब्रेंडन टेलर ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड और ODI में हार्दिक और पंत की हो सकती है वापसी

जिम्बाब्वे के विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने सचिन तेंदुलकर का सबसे लंबे वनडे करियर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैचों की शुरुआत 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में होगी।

फोटो: सोशल मीडिया
i

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिए हार्दिक और पंत को टीम में मिल सकती है जगह

भारतीय राष्ट्रीय चयन समिति बुधवार को दिल्ली में जब वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला के लिए टीम का चयन करेगी तो ऋषभ पंत और फिट होकर लौटे हार्दिक पंड्या को शामिल किए जाने की संभावना पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।

भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलेगा। टी20 मैचों की शुरुआत छह अक्टूबर से होगी और पूरी संभावना है कि इसके लिए वही टीम चुनी जाएगी जो एशियाई खेलों में भाग लेगी। लेकिन अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति को 50 ओवर के प्रारूप के लिए टीम का चयन करते समय माथापच्ची करनी पड़ सकती है।

अगरकर बैठक के लिए दिल्ली में होंगे और संभावना है कि वह बोर्ड के अधिकारियों से इस पर भी चर्चा करेंगे कि क्या उनका अनुबंध 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक बढ़ाया जाएगा।

पंड्या की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी 20 सितंबर को निर्धारित है क्योंकि उन्हें पहले ही छह अक्टूबर से पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए की तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए चुना जा चुका है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैचों की शुरुआत 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में होगी और यह चयन समिति को तय करना होगा कि क्या पंड्या वनडे में 10 ओवर गेंदबाजी करने और 50 ओवर तक फील्डिंग करने के लिए तैयार हैं या नहीं।

ब्रेंडन टेलर ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड, सबसे लंबे समय तक वनडे क्रिकेट खेलने वाले बने खिलाड़ी

जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान पर पहला वनडे मुकाबला खेला जा रहा है। पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में मैदान पर उतरने के साथ ही जिम्बाब्वे के विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने सचिन तेंदुलकर का सबसे लंबे वनडे करियर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

टेलर ने रिटायरमेंट और आईसीसी के साढ़े तीन साल के निलंबन के बाद 2025 में इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की थी। अब वह 2004 में अपने डेब्यू के बाद से 22 साल और 146 दिन तक वनडे क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है।

उन्होंने भारत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनका 1989 से 2012 तक 22 साल और 91 दिनों का शानदार वनडे करियर रहा। अब टेलर सबसे लंबे समय तक वनडे क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

टेलर जिम्बाब्वे के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। अपने वनडे करियर में टेलर अब तक 205 पारियों में 6,704 रन बना चुके हैं। वह जिम्बाब्वे की ओर से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ एंडी फ्लावर हैं, जिन्होंने 208 पारियों में 6786 रन बनाए।


श्री चरणी ने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की, दीप्ति दूसरे स्थान पर पहुंचीं

भारतीय स्पिनर श्री चरणी ने अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंकों के साथ मंगलवार को यहां जारी आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत की, जबकि उनकी हमवतन दीप्ति शर्मा चार पायदान ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गईं।

श्री चरणी ने श्रीलंका के खिलाफ महिला टी20 एशिया कप के फाइनल में भी 20 रन देकर चार विकेट लिए जिससे उनके रेटिंग अंकों की संख्या 804 हो गई है। उन्होंने अपने करियर में पहली बार 800 रेटिंग अंक का आंकड़ा पार किया।

यह आईसीसी रैंकिंग में किसी भारतीय खिलाड़ी की बल्लेबाजी या गेंदबाजी में सर्वाधिक रेटिंग है। उन्होंने मिताली राज को पीछे छोड़ा। भारत की पूर्व कप्तान ने 2011 में 780 रेटिंग अंक हासिल किए थे।

श्री चरणी अब महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में सर्वाधिक रेटिंग हासिल करने वाली गेंदबाज बनने से केवल दो अंक पीछे हैं। यह रिकॉर्ड नवंबर 2018 में ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट के नाम है। एशिया कप में सर्वाधिक 14 विकेट लेने वाली दीप्ति शर्मा भी चार पायदान ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गईं।

तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने 10 पायदान आगे 94वां स्थान जबकि लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने 50 पायदान की लंबी छलांग लगाते हुए 96वां स्थान हासिल किया

वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी से तारीफ मिलना हौसला बढ़ाने वाला, जो रूट से मुलाकात पर बोले रजाउल्लाह

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मैच एजबेस्टन (बर्मिंघम) में खेला गया था। इस मैच में पाकिस्तान के लिए तेज गेंदबाज रजाउल्लाह ने डेब्यू किया और अपनी गेंदबाजी के साथ ही निचले क्रम में आकर तूफानी बल्लेबाजी से प्रभावित किया।

 रजाउल्लाह ने मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज जो रूट से मुलाकात की। रजाउल्लाह ने रूट के साथ मुलाकात के दौरान हुई बातचीत को साझा किया है।

 पाकिस्तान ऑब्जर्वर के मुताबिक, "रूट ने सीरीज के बाद रजाउल्लाह से मुलाकात की और उन्हें सलाह दी।" रजाउल्लाह ने पाकिस्तान ऑब्जर्वर को बताया कि एक वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी से इतनी तारीफ मिलना मेरे लिए खुशी और हौसला बढ़ाने वाला था।


फॉर्म की तलाश में बाबर आजम घरेलू क्रिकेट में लौटे, ओजीडीसीएल के लिए प्रथम श्रेणी मैच खेलेंगे

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के टेस्ट फॉर्मेट के कप्तान बाबर आजम लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। बाबर ने न सिर्फ टेस्ट बल्कि वनडे और टी20 में भी अपनी बल्लेबाज से निराश किया है। हाल ही में इंग्लैंड में संपन्न टेस्ट सीरीज में भी बाबर का प्रदर्शन साधारण रहा।

 खराब फॉर्म से बाहर निकलने के लिए बाबर आजम ने अब घरेलू क्रिकेट का रुख किया है। आजम 2019 के बाद पहली बार घरेलू रेड बॉल क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। वह ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (ओजीडीसीएल) के लिए चल रहे प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड 1 फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट में खेलेंगे। विभाग ने उन्हें गेस्ट प्लेयर के तौर पर साइन किया है। बाबर ने आखिरी बार दिसंबर 2019 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेली थी।

 ओजीडीसीएल के स्पोर्ट्स हेड फराह के हवाले से कहा गया, "बाबर 16 सितंबर को यूके से पाकिस्तान वापस आएंगे और अगले दिन ओजीडीसीएल स्क्वॉड में शामिल होंगे। उनकी किट का ऑर्डर दे दिया गया है। बाबर आने पर तय करेंगे कि वह दूसरे मैच से खेलेंगे या तीसरे मैच से।"

 पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ