खेल: ICC ODI रैंकिंग में कप्तान गिल को बड़ा फायदा और मैदान से बाहर के मसलों ने बढाई पाक महिला क्रिकेट टीम की दिक्कतें

भारतीय कप्तान शुभमन गिल अब न्यूजीलैंड के डैरिल मिशेल से केवल 24 रेटिंग अंक पीछे हैं। पाकिस्तान को मंगलवार को विश्व कप में लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा ।

भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल
i

गिल वनडे में बल्लेबाजों की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर, बुमराह और हेनरी टेस्ट गेंदबाजी में शीर्ष पर

भारतीय कप्तान शुभमन गिल बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वनडे में बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीन पायदान ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गए, जबकि न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी भारत के जसप्रीत बुमराह के साथ टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज बन गए हैं।

गिल अब न्यूजीलैंड के डैरिल मिशेल से केवल 24 रेटिंग अंक पीछे हैं। भारतीय कप्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ हाल में समाप्त हुई तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन किया था जिसका उन्हें फायदा मिला है। उन्हें अंतिम मैच में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला लेकिन उन्होंने पहले दो मैचों में 84 और 154 रन बनाए थे।

ईशान किशन बल्लेबाजी रैकिंग में 21 पायदान ऊपर 43वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

भारतीय गेंदबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करने का इनाम मिला है। अर्शदीप सिंह 16 स्थान ऊपर 22वें, प्रसिद्ध कृष्णा 34 पायदान ऊपर 58वें और ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर 17 स्थान ऊपर संयुक्त रूप से 71वें स्थान पर पहुंच गए।

विराट कोहली मांसपेशियों में खिंचाव के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में नहीं खेल पाए थे। इससे उन्हें नुकसान हुआ और वह तीसरे स्थान पर खिसक गए। रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं।

श्रेयस अय्यर एक स्थान ऊपर 14वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि केएल राहुल दो स्थान नीचे 11वें स्थान पर खिसक गए।

मैदान से बाहर के मसलों ने बढाई पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की दिक्कतें

इंग्लैंड में टी20 विश्व कप में मैदान पर लचर प्रदर्शन से जूझ रही पाकिस्तानी टीम के बारे में खबरें आ रही है कि टीम के भीतर मतभेद हैं और ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी तनावपूर्ण है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इन खबरों की न तो पुष्टि की है और न ही खंडन लेकिन सोशल और मुख्य मीडिया में ऐसी खबरें हैं कि टीम में काफी समस्यायें चल रही हैं ।

पाकिस्तान को मंगलवार को विश्व कप में लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा । पाकिस्तानी टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी है और टूर्नामेंट से पहले आयरलैंड और वेस्टइंडीज टीमों के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला में भी खाता नहीं खुला था ।

पिछले साल वनडे विश्व कप में पाकिस्तान आखिरी स्थान पर रहा था ।

रिपोर्ट में कहा गया है कि चयन के मसलों पर कप्तान फातिमा सना और टीम मेंटोर वहाब रियाज के बीच भारी मतभेद हैं । बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले सना ने सीनियर खिलाड़ी आलिया रियाज के कमरे में उनके पति के रूकने पर ऐतराज जताया था ।


हरमनप्रीत को अपना नैसर्गिक खेल खेलना होगा: शिखा

भारतीय तेज गेंदबाज शिखा पांडे का मानना है कि महिला टी20 विश्व कप में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को विकेटों के पतन की चिंता छोड़कर स्वाभाविक आक्रामक खेल पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि क्रीज पर थोड़ा समय बिताने के बाद हरमनप्रीत बिल्कुल अलग स्तर की बल्लेबाज नजर आती हैं।

भारतीय टीम के लिए दक्षिण अफ्रीका से हारने के बाद विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गयी है। टीम को लीग चरण में बृहस्तपिवार को बांग्लादेश और रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है।

शिखा ने ‘जियोस्टार’ के ‘गेम प्लान’ कार्यक्रम में सुझाव दिया कि बल्लेबाजी क्रम में बदलाव से हरमनप्रीत अपनी लय वापस पा सकती हैं। उनके अनुसार कप्तान को चौथे नंबर पर आना चाहिये जबकि जेमिमा रोड्रिग्स को पांचवें स्थान पर उतारा जा सकता है।

उन्होंने कहा, “भारतीय मध्यक्रम में हरमनप्रीत कौर की स्ट्राइक रेट चिंता का विषय है। शुरुआती विकेट जल्दी गिरता है तो यास्तिका भाटिया बल्लेबाजी के लिए आती हैं और जेमिमा चौथे नंबर पर खेलती हैं। संभव है कि हरमनप्रीत चौथे नंबर पर आएं और जेमिमा पांचवें स्थान पर चली जाएं।’’

'संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो कानूनी मदद लूंगी', एशियन गेम्स के स्क्वॉड से बाहर किए जाने पर बोलीं मनिका बत्रा

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने के बाद भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा चर्चा में हैं। मनिका ने हाल ही में टीम से बाहर किए जाने पर सवाल उठाए थे और इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की अपील भी की थी। अब उन्होंने उन आरोपों का जवाब दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि वह टीम में शामिल किए जाने या अपने लिए विशेष व्यवस्था की मांग कर रही हैं।

मनिका ने स्पष्ट किया कि वह किसी विशेष सुविधा या रियायत की मांग नहीं कर रही हैं, बल्कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता चाहती हैं। उन्होंने टीम से बाहर किए जाने के फैसले को मनमाना बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से हस्तक्षेप की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो वह कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपना सकती हैं।

मनिका ने एक बयान में कहा, "पिछले दो दशकों से मुझे सर्वोच्च स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। अपने पूरे करियर में मैंने जीत, हार, चयन और चयन न होने, सभी परिस्थितियों को स्वीकार किया है। यह खेल का हिस्सा है। लेकिन जिस बात को स्वीकार करना मुश्किल है, वह है पारदर्शिता की कमी और मनमानी।"


'वह खेल को बदलने की क्षमता रखते हैं',ओयारजाबल ने की लामिन यामल की प्रशंसा

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन को सऊदी अरब के खिलाफ मिली 4-0 की जीत में टीम के स्ट्राइकर मिकेल ओयारजाबल ने 2 गोल करते हुए अहम भूमिका निभाई थी। इन दो गोलों के बूते वह गोल्डन बूट की रेस में शामिल हो गए हैं। हालांकि, ओयारजाबल का कहना है कि उन्हें अपनी लोकप्रियता से ज्यादा चिंता टीम के प्रदर्शन और जीत की रहती है। उन्होंने युवा खिलाड़ी यामल की भी जमकर प्रशंसा की।

ओयारजाबल ने कहा कि वे बड़े खिलाड़ियों जैसे काइलियन एम्बाप्पे, एर्लिंग हालैंड और हैरी केन की तुलना में कम चर्चा में रहते हैं, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने साफ कहा, "मुझे इस बात की चिंता नहीं है कि लोग मेरे बारे में क्या सोचते हैं। मैं अपना समय ऐसी बातों पर बर्बाद नहीं करता। मेरे लिए सबसे जरूरी टीम, कोच और स्टाफ का भरोसा है।"

सऊदी अरब के खिलाफ मिली जीत में युवा खिलाड़ी लामिन यामल का भी अहम योगदान रहा था। यामल ने मैच में शानदार खेल दिखाया और पहले हाफ में एक गोल भी किया। ओयारजाबल ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि यामल जैसे खिलाड़ी विपक्षी टीम के लिए काफी परेशानी पैदा करते हैं और उनकी मौजूदगी से स्पेन को बड़ा फायदा मिलता है। उन्होंने कहा, “हम दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक के बारे में बात कर रहे हैं। वह खेल को बदलने की क्षमता रखते हैं और विरोधी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी कर देते हैं। हमारे लिए यह बहुत फायदेमंद है।"

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए