खेल: कप्तान गिल ने की पडिक्कल-मानव की जमकर तारीफ और इमरान खान के बेटों ने उनकी सुरक्षा को लेकर जताई आशंका
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने देवदत्त पडिक्कल और मानव सुथार के प्रदर्शन की सराहना की। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और महान क्रिकेटर इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम ने जेल में बंद अपने पिता की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है
कप्तान गिल ने की पडिक्कल-मानव की जमकर तारीफ, दूसरा टेस्ट ड्रॉ होने पर जताई निराशा
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टेस्ट सीरीज में मिली 1-0 की जीत के बाद कहा कि इस सीरीज के दौरान कई सकारात्मक नतीजे निकले। उन्होंने खासतौर पर देवदत्त पडिक्कल और मानव सुथार के प्रदर्शन की सराहना की।
साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में तीसरे नंबर पर खेलते हुए पडिक्कल ने शानदार प्रदर्शन किया और दो शतक समेत कुल 328 रन बनाए। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में बात करते हुए गिल ने कहा, "मुझे लगता है कि यह हमारे लिए एक बेहतरीन सीरीज रही। सीरीज में कई सकारात्मक बातें देखने को मिलीं, सभी युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जो देखकर बहुत खुशी होती है।"
भारतीय कप्तान ने आगे कहा, "निश्चित रूप से हम अक्सर कहते हैं कि एक बार जब कोई बल्लेबाज क्रीज पर जम जाए, तो उसे इसका पूरा फायदा उठाना चाहिए, और देवदत्त ने ऐसा करके दिखाया है। यह हमारे लिए बहुत सकारात्मक संकेत है और सीरीज में उनकी बल्लेबाजी देखना वाकई सुखद अनुभव था। इससे खिलाड़ी की मानसिकता का पता चलता है, और यह हमारे लिए एक बहुत अच्छी बात है।"
बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर सुथार ने 16 विकेट लिए, जिसमें गाले में 165 रन की जीत के दौरान एक मैच में 10 विकेट लेना का शानदार प्रदर्शन भी शामिल रहा। गिल ने आगे कहा, "उन्होंने (मानव सुथार) हमारे लिए शानदार प्रदर्शन किया है और मुझे लगता है कि वह लंबे समय तक भारत के स्पिन अटैक की कमान संभालेंगे। इस मैच और पहले मैच में भी उनकी गेंदबाजी देखना बहुत अच्छा लगा। जब भी वह गेंदबाजी करने आते हैं, तो ऐसा लगता है कि वह मौके बनाएंगे और हमें विकेट दिलाएंगे। उम्मीद है कि वह आगे भी अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे।"
लॉर्ड्स टेस्ट: इंग्लैंड की पहली पारी 290 पर सिमटी, पाकिस्तान के लिए अब्बास ने लिए 4 विकेट
पाकिस्तान के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन के पहले सत्र में इंग्लैंड की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए।
दूसरे दिन के खेल की शुरुआत इंग्लैंड ने 9 विकेट पर 248 रन से की। गस एटकिंसन और जोश टंग की जोड़ी ने 10वें विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 290 तक पहुंचाया। एटकिंसन 46 गेंदों पर 45 रन बनाकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। टंग 48 गेंदों पर 30 रन बनाकर नाबाद रहे।
पहले दिन टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 77 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे और ऐसा लग रहा था कि टीम 200 का आंकड़ा शायद पार न करे, लेकिन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए जॉर्डन कॉक्स ने 55 और सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने 61 रन की पारी खेल टीम को संभाला था।
इमरान के बेटों ने उनकी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई, कहा कि वे उन्हें जान से मारना चाहते हैं
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और महान क्रिकेटर इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम ने जेल में बंद अपने पिता की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है और कहा है कि उन्हें ‘वहां जान से मारने के लिए खुलेआम’ प्रयास किए जा रहे हैं।
दोनों भाई ‘स्काई स्पोर्ट्स’ पर प्रसारित 18 मिनट के एक साक्षात्कार में दिखाई दिए जो इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइक एथर्टन ने लिया था। एथर्टन उन दिग्गज 21 क्रिकेटरों में शामिल थे जिन्होंने पाकिस्तान सरकार को पत्र भेजकर इमरान को उचित चिकित्सा मुहैया कराने की अपील की थी।
कासिम ने अपने 73 वर्षीय पिता की वर्तमान स्थिति के बारे में गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘वे जो कर रहे हैं उससे स्पष्ट हो जाता है कि वे उन्हें खुलेआम मारने की कोशिश कर रहे हैं। वे जितना संभव हो उन्हें जेल में रखना चाहते हैं और उन्हें विश्वास है कि वे उनकी आवाज दबा देंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हाल में जब हमारे रिश्तेदारों ने उनसे मुलाकात की थी तो उन्होंने (इमरान) कहा था कि हालात बेहद खराब हो गए हैं। वह इसकी तुलना उन अन्य राजनीतिक कैदियों से कर रहे थे जिन्हें मार दिया गया है या जिनकी जेल में मौत हो गई है।’’
कासिम ने कहा, ‘‘अभी स्थिति पहले से भी बदतर है। उन्हें दिन में 23 घंटे से अधिक समय तक एक कोठरी में पूरी तरह से अलग-थलग रखा जाता है।’’
सुलेमान ने कहा कि इमरान की जांच स्वतंत्र डॉक्टरों द्वारा नहीं की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘इससे हमें बस यह सोचने पर मजबूर होना पड़ रहा है कि वे क्या छिपा रहे हैं। वे किसी निष्पक्ष, तटस्थ डॉक्टर से उनकी जांच क्यों नहीं करवा रहे हैं।’’
उम्मीद है इमरान खान के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाएगा: पैट कमिंस
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस ने जेल में बंद पाकिस्तानी दिग्गज इमरान खान को उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने की पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।
73 वर्षीय इमरान भ्रष्टाचार के आरोपों में दोषी ठहराए जाने के बाद से 2023 से रावलपिंडी की जेल में बंद हैं। हाल ही में इस्लामाबाद में उनकी चिकित्सा जांच की गई थी। इसके बाद उन्हें फिर से जेल भेज दिया गया था।
कमिंस ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘मैं यहां ग्रेग चैपल और अन्य पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों के समर्थन में अपनी बात रख रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि अदालत के आदेश के बाद उनको (इमरान खान) उचित चिकित्सा मुहैया कराई जाएगी और उनके परिवार के सदस्यों को उनसे मिलने दिया जाएगा। मुझे उम्मीद है कि इमरान खान के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाएगा जिसके वे हकदार हैं।’’
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक का चोटिल, दूसरे टेस्ट में खेलने पर संशय
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक की पिंडली में खिंचाव ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान की चिंता बढ़ा दी है। उनके मौजूदा मैच में मैदान पर उतरने को लेकर संशय बना हुआ है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इमाम को टेस्ट के पहले दिन चोट लगी थी। बृहस्तपतिवार को शाम के सत्र के दौरान वह कुछ समय के लिए मैदान से बाहर भी रहे।
पीसीबी ने एक बयान में कहा, “ पहले दिन के खेल के बाद में कराए गए जांच में पिंडली में हल्के खिंचाव की पुष्टि हुई है। इमाम का फिलहाल पाकिस्तान की मेडिकल टीम की निगरानी में उपचार चल रहा है।”
बोर्ड ने आगे कहा कि टेस्ट मैच के शेष हिस्से में इमाम की भागीदारी उपचार के बाद उनके पूरी तरह स्वस्थ होने पर निर्भर करेगी।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
