खेल: CSK के गेंदबाजी कोच का धोनी को लेकर बड़ा दावा और ऋतुराज पर लगा 24 लाख का जुर्माना
सिमंस से पूछा गया कि क्या धोनी अगले साल के लिए उपलब्ध रहेंगे, उन्होंने कहा, ‘‘क्या आप सचमुच यह सवाल पूछ रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर 24 लाख का जुर्माना लगा है।
सीएसके के कप्तान ऋतुराज पर लगा 24 लाख का जुर्माना, अन्य खिलाड़ियों की भी मैच फीस कटी
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर 24 लाख का जुर्माना लगा है। ऋतुराज पर यह जुर्माना सीएसके द्वारा गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में धीमी ओवर गति के कारण लगा है। जीटी के खिलाफ सीएसके को 89 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
आईपीएल 2026 में यह दूसरा मौका रहा, जब सीएसके की टीम निर्धारित समय पर अपने 20 ओवर फेंकने में नाकाम रही है। इसी कारण कप्तान ऋतुराज के साथ-साथ प्लेइंग इलेवन में शामिल सीएसके के बाकी खिलाड़ियों पर भी 6 लाख या मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, जिसमें इम्पैक्ट खिलाड़ी भी शामिल है। सीएसके और कप्तान ऋतुराज को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 का दोषी पाया गया है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 229 रन लगाए। साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टीम को शानादर शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 12.2 ओवर में 125 रन जोड़े।
पहली गेंद पर सैमसन को आउट करना जीटी के लिए मैच में बड़ा पल रहा: बाउचर
साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर मार्क बाउचर का मानना है कि गुजरात टाइटंस (जीटी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच हुए मुकाबले में संजू सैमसन का पहली ही गेंद पर आउट होना सबसे बड़ा पल रहा। जीटी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सीएसके को 89 रनों से हराया।
सैमसन को मोहम्मद सिराज ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। सिराज की बाहर की तरफ निकलती गेंद से छेड़छाड़ करने के प्रयास में संजू विकेटकीपर जोस बटलर को आसान सा कैच दे बैठे। पहले ओवर में लगे बड़े झटके के बाद सीएसके की टीम पूरी पारी में उबर नहीं सकी और टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। जीटी से मिले 230 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 रन बनाकर ढेर हो गई। इस हार के साथ ही सीएसके का टूर्नामेंट में सफर भी समाप्त हो गया।
बाउचर के अनुसार, सैमसन ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज थे, जो चेज में बड़ी चुनौती पेश कर सकते थे। उन्होंने कहा कि सिराज को अपनी योजनाओं को पूरी तरह से लागू करने का श्रेय दिया। बाउचर ने जियोहॉटस्टार से बात करते हुए कहा, "संजू सैमसन शायद अकेले ऐसे बल्लेबाज थे जो उस चेज में गुजरात टाइटंस के लिए असली चुनौती बन सकते थे, इसलिए उन्हें पहली ही गेंद पर आउट करना मैच का एक बहुत बड़ा पल था।”
सिमंस ने धोनी के बारे में कहा, वह टीम के हित में ही फैसला लेंगे
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी कब वापसी करेंगे इसका फैसला यह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज स्वयं करेगा।
44 वर्षीय धोनी पैर में चोट लगने के कारण आईपीएल के इस सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाए लेकिन सिमंस ने कहा कि उन्होंने नेट पर अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया।
सिमंस से पूछा गया कि क्या धोनी अगले साल के लिए उपलब्ध रहेंगे, उन्होंने कहा, ‘‘क्या आप सचमुच यह सवाल पूछ रहे हैं। उनके पांव में चोट लगी थी जिससे उन्हें दौड़ने में बहुत दिक्कत हो रही थी और इसलिए वह नहीं खेल पाए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘नेट पर अभ्यास के दौरान वह इस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे जैसा वह पहले किया करते थे। लेकिन मैं हमेशा कहता रहा हूं कि इसका फैसला स्वयं धोनी ही करेंगे ही कि वह कब खेलने के लिए तैयार हैं और उनकी वापसी के लिए सही समय क्या है।’’
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि धोनी हमेशा व्यक्तिगत उपलब्धियों से ऊपर टीम के हित को प्राथमिकता देते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिए पाकिस्तान की टीम में तीन नए खिलाड़ी
पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले सप्ताह से शुरू होने वाली तीन मैचों की एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए शुक्रवार को अपनी 16 सदस्यीय टीम में तीन नए खिलाड़ियों को शामिल किया।
विकेटकीपर-बल्लेबाज रोहैल नाज़िर, तेज गेंदबाज अहमद दानियाल और ऑलराउंडर अराफ़ात मिन्हास ने कुछ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, लेकिन उन्हें पहली बार वनडे टीम में चुना गया है। नाज़िर और ग़ाज़ी गोरी टीम में दो विकेटकीपर हैं।
तीन मैचों की श्रृंखला का पहला मैच 30 मई को रावलपिंडी में खेला जाएगा। इसके बाद दो और चार जून को लाहौर में मैच खेले जाएंगे।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी टीम की कप्तानी करना जारी रखेंगे।
अनुभवी खिलाड़ियों बाबर आजम, नसीम शाह और शादाब खान ने टीम में वापसी की है। फखर जमां और साइम अयूब चोटिल होने के कारण इस श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे।
पाकिस्तान टीम: शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), सलमान अली आगा, अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, हारिस रऊफ, माज सदाकत, गाजी गोरी, नसीम शाह, रोहेल नाजिर, साहिबजादा फरहान, शादाब खान, शमील हुसैन, सुफयान मोकिम।
विभिन्न परिस्थितियों में जल्द सामंजस्य बिठाना गुजरात टाइटंस की सफलता का राज: राशिद खान
गुजरात टाइटन्स के मध्य क्रम की कमजोरी की लगातार चर्चा चलती रही है लेकिन उसके स्टार स्पिनर राशिद खान ने कहा कि टीम ने इस सत्र में अपनी कमियों पर ध्यान देने के बजाय खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाया तथा विभिन्न परिस्थितियों से तेजी से सामंजस्य बिठाकर सफलता हासिल की।
गुजरात में गुरुवार को यहां चेन्नई सुपर किंग्स पर 89 रन की बड़ी जीत दर्ज कर अंक तालिका में शीर्ष दो में जगह पक्की की।
राशिद ने मैच के बाद कहा, ‘‘मुझे लगता है कि प्रत्येक टीम में सुधार की गुंजाइश होती है। प्रत्येक टीम किसी विभाग में मजबूत होती है। कोई भी टीम शत प्रतिशत संपूर्ण नहीं होती है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपके पास कितने अच्छे खिलाड़ी हैं। पूरे टूर्नामेंट में हमारे मध्य क्रम और ऐसी ही चीजों को लेकर काफी चर्चा हुई है, लेकिन मुझे लगता है कि हर कोई अपना योगदान दे रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हर कोई अपनी जिम्मेदारी समझ रहा है और मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण है। अगर आप उन 10 या 15 प्रतिशत कमियों के बारे में सोचते रहेंगे तो इसका असर बाकी 70-75 या 80 प्रतिशत पर भी पड़ेगा।’’
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
