CWG 2026: भारत का दमदार प्रदर्शन, तीसरा गोल्ड समेत कई पदक जीते, बॉक्सिंग में 10 मेडल हुए पक्के

बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम 10 पदक भी सुनिश्चित कर दिए।

फोटो: सोशल मीडिया
i

ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सातवें दिन (बुधवार) भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में एक स्वर्ण और तीन रजत पदक डाले। इसके साथ ही बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम 10 पदक भी सुनिश्चित कर दिए।

मुरली श्रीशंकर ने रचा इतिहास

भारत के स्टार लॉन्ग जम्पर मुरली श्रीशंकर ने 8.09 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह कॉमनवेल्थ गेम्स की लॉन्ग जंप स्पर्धा में लगातार दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। इससे पहले उन्होंने 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी सिल्वर मेडल जीता था। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जमैका के ताजे गेल ने 8.15 मीटर की छलांग के साथ जीता, जबकि स्कॉटलैंड के स्टीफन मैकेंजी को कांस्य पदक मिला। भारत के एक अन्य खिलाड़ी लोकेश सत्यनाथं पांचवें स्थान पर रहे।

दिलीप गावित ने दिलाया तीसरा स्वर्ण

पैरा एथलेटिक्स की पुरुष 100 मीटर T47 स्पर्धा में भारत का दबदबा देखने को मिला। दिलीप महादू गावित ने 10.71 सेकंड के नए गेम रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इसी स्पर्धा में भारत के मोहम्मद बासिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।

बॉक्सिंग में भारत के 10 पदक तय

भारतीय मुक्केबाजों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए कम से कम 10 पदक पक्के कर दिए। बुधवार को साक्षी चौधरी (51 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा), नरेंद्र बरवाल (90+ किग्रा) और जैस्मिन लाम्बोरिया (57 किग्रा) ने अंतिम चार में प्रवेश किया।

इनसे पहले लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा) और जादुमणि सिंह (55 किग्रा) भी सेमीफाइनल में पहुंच चुके थे। मुक्केबाजी में तीसरे स्थान के लिए मुकाबला नहीं होता, इसलिए सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को कांस्य पदक दिया जाता है। ऐसे में भारत के कम से कम 10 पदक अब तय हो चुके हैं।

अब तक भारत के पदक विजेता

3 स्वर्ण पदक

मीराबाई चानू (वेटलिफ्टिंग)

शर्मिला धनखड़ (पैरा एथलेटिक्स)

दिलीप महादू गावित (पैरा एथलेटिक्स)

9 रजत पदक

ऋषिकांत सिंह (वेटलिफ्टिंग)

राजा मुथुपांडी (वेटलिफ्टिंग)

ज्ञानेश्वरी यादव (वेटलिफ्टिंग)

सर्वेश कुशरे (एथलेटिक्स)

वल्लूरी अजय बाबू (वेटलिफ्टिंग)

गुलवीर सिंह (एथलेटिक्स)

हरजिंदर कौर (वेटलिफ्टिंग)

मोहम्मद बासिल (पैरा एथलेटिक्स)

मुरली श्रीशंकर (लॉन्ग जंप)

3 कांस्य पदक

झंडू कुमार (पैरा पावरलिफ्टिंग)

बिंदियारानी देवी (वेटलिफ्टिंग)

शिल्पा (पैरा एथलेटिक्स)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए