खेल: डेविड वॉर्नर शराब पीकर गाड़ी चलाने पर गिरफ्तार और तमीम इकबाल बने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष

आस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को मंगलवार को शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया । बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की एड-हॉक कमेटी ने पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

आस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज डेविड वॉर्नर शराब पीकर गाड़ी चलाने पर गिरफ्तार

आस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को मंगलवार को शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया ।

सेवन न्यूज ने बताया कि मारूबा में श्वास की औचक जांच के बाद उनके शरीर में अल्कोहल की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई । वॉर्नर अगले महीने अदालत के समक्ष पेश होंगे ।

पाकिस्तान क्रिकेट लीग में कराची किंग्स के साथ करार करने वाले वॉर्नर को स्थानीय थाने ले जाया गया जहां फिर उनके शरीर में अल्कोहल की मात्रा तय सीमा से दुगुनी पाई गई । बाद में उन्हें छोड़ दिया गया ।

कानूनी कार्रवाई का असर वॉर्नर के पीएसएल में खेलने पर नहीं पड़ेगा । उनकी टीम का अगला मैच नौ अप्रैल को है और वह सात दिन के ब्रेक में निजी दौरे पर यहां आये हैं ।

रहाणे की 'जलन' वाली टिप्पणी पर सहवाग बोले- 'लड़ाई-झगड़े में क्यों पड़ना, चुप रहो'

पूर्व भारतीय क्रिकेट वीरेंद्र सहवाग ने खिलाड़ियों को सलाह दी है कि वह आईपीएल 2026 के दौरान आलोचकों के बारे में अजिंक्य रहाणे की 'जलन' वाली टिप्पणी के जवाब में बेवजह टकराव से बचें। सहवाग ने सुझाव दिया है कि इस तरह की बहस में पड़ने का कोई खास मतलब नहीं है, खासकर तब जब कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) पर सभी की नजरें ज्यादा टिकी हुई हैं, क्योंकि इस सीजन में उनकी शुरुआत बिना किसी जीत के हुई है।

अंजिक्य रहाणे की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने अब तक 3 में से 2 मैच गंवाए हैं, जबकि एक मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा। इस बीच रहाणे ने 3 पारियों में 148.21 की स्ट्राइक रेट के साथ 83 रन बनाए हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 67 रन बनाए। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 8 रन की पारी खेली। पंजाब किंग्स के विरुद्ध बारिश से रद्द हुए मैच में रहाणे ने नाबाद 8 रन जुटाए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब रहाणे से उनकी स्ट्राइक रेट के बारे में पूछा गया, तो वह नाराज दिखे। उन्होंने जवाब देते हुए आलोचकों को 'जलनखोर' कहा। उनका यह तीखा अंदाज चर्चा का विषय बन गया, जो उनके आम तौर पर शांत और संयमित व्यक्तित्व से बिल्कुल अलग था।


हमें खेल के सभी विभागों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा: क्लासेन

दक्षिण अफ्रीका के आक्रामक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने उम्मीद जताई कि सनराइजर्स हैदराबाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में अच्छी शुरुआत नहीं करने के बावजूद आगे खेल के सभी विभागों में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेगा।

सनराइजर्स को अपने पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इसके बाद उसने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से हराया। पिछले मैच में हालांकि उसे लखनऊ सुपर जायंट्स ने पांच विकेट से करारी शिकस्त दी।

क्लासेन ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ‘‘हमारी बल्लेबाजी अब तक ठीकठाक रही है, लेकिन हमने तीन मैचों में लगभग 40 रन कम बनाए। हमें बल्लेबाजी में और सुधार करने की जरूरत है। जिन दो मैचों में हमें संघर्ष करना पड़ा, उनमें हमने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। हमारे गेंदबाजों विशेषकर तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हमें 220-230 रन बनाने होंगे ताकि हमारे गेंदबाजों को लक्ष्य का बचाव करने का मौका मिल सके।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी फील्डिंग अच्छी नहीं रही है और इससे हमारा प्रदर्शन प्रभावित हुआ है। मैं अभी तक हमें 10 में से छह अंक दूंगा। हमने कुछ चरणों में शानदार क्रिकेट खेली लेकिन खेल के महत्वपूर्ण मौकों पर चूक गए।’’

क्लासेन ने कहा, ‘‘हमारे गेंदबाजों ने रणनीति के अनुसार गेंदबाजी की है लेकिन हमारी फील्डिंग में सुधार की जरूरत है। हमें कैच लेने होंगे। हमें खेल के तीनों विभाग में सुधार करके अपनी लय बनानी होगी।’’

कप्तान के तौर पर किशन जबरदस्त रहे हैं, वे सलाह भी मांगते हैं: क्लासेन

सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने कप्तान ईशान किशन को एक बेहतरीन कप्तान बताते हुए कहा है कि जिस तरह से टीम इस युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज का साथ देती है, वह 'बस कमाल का' है। इसके साथ ही क्लासेन ने किशन के फैसले लेने में शांत रहने और टीम में मौजूद अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा करने की इच्छा को भी सराहा है।

एसआरएच के नियमित कप्तान पैट कमिंस फिलहाल कमर की चोट से उबर रहे हैं। इस वजह से शुरुआती मुकाबलों के लिए किशन को टीम की कमान सौंपी गई है। ईशान किशन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने 3 में से 1 मैच गंवाए हैं, जबकि 2 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर मौजूद है।

 क्लासेन ने आईपीएल 2026 राइवलरी वीक से पहले जियोस्टार प्रेस रूम में 'आईएएनएस' के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, "मुझे लगता है कि अब तक उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वह ऐसे इंसान हैं जो सलाह मांगते हैं। हमारे ड्रेसिंग रूम में बहुत अनुभव है। इसलिए वह उस अनुभव का फायदा भी उठाते हैं, लेकिन उनके फैसले लेने का तरीका, जिस तरह से वह गेंदबाजों को बदलते हैं, जिस तरह से टीम उनकी बात सुनती है, वह अब तक बस कमाल का रहा है।"


तमीम इकबाल बने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की एड-हॉक कमेटी ने पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। तमीम की नियुक्ति नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल की तरफ से अमीनुल इस्लाम के नेतृत्व वाले मौजूदा बोर्ड को भंग करने के बाद की गई है। पिछले साल बीसीबी के चुनावों में अनियमितताओं के सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है।

यह फैसला 11 मार्च को खेल मंत्रालय की ओर से शुरू की गई जांच के बाद आया, जिसमें पांच सदस्यीय समिति को 6 अक्टूबर को हुए चुनावों में हेरफेर, दुर्व्यवहार और अधिकारों के दुरुपयोग के आरोपों की जांच सौंपी गई थी। बीसीबी ने पहले इस पैनल के गठन पर आपत्ति जताते हुए इसे क्रिकेट प्रशासन में सरकार का अनावश्यक हस्तक्षेप बताया था।

मीडिया ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया में कई तरह की गड़बड़ियां पाई गईं। राष्ट्रीय खेल परिषद (एनएससी) के खेल निदेशक अमीनुल एहसान ने कहा कि यह रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को सौंप दी गई है। इसके साथ ही नई बनाई गई 11 सदस्यीय अंतरिम समिति का विवरण भी साझा किया गया है।

 पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ