खेल: 'प्रिय वैभव, बहुत बढ़िया', कोहली ने सूर्यवंशी को दिया विराट आशीर्वाद और MI के साथ रोहित के 15 साल पूरे

मैच के बाद विराट कोहली ने वैभव सूर्यवंशी की कैप पर एक खास संदेश लिखा जो उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं था। मुंबई इंडियंस (एमआई) के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा ने फ्रेंचाइजी के साथ अपने 15 साल पूरे कर लिए हैं।

फोटो: IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

आईपीएल 2026: 'प्रिय वैभव, बहुत बढ़िया', कोहली ने सूर्यवंशी को दिया विराट आशीर्वाद

आईपीएल 2026 में 10 मार्च को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच एक जोरदार मुकाबला खेला गया। इस मैच में आरआर के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक पारी से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से 'किंग' के नाम से मशहूर विराट कोहली को भी अपना मुरीद बना लिया।

मैच के बाद विराट कोहली ने वैभव सूर्यवंशी की कैप पर एक खास संदेश लिखा जो उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं था। विराट ने मैच के बाद वैभव की कैप पर लिखा, "प्रिय वैभव, बहुत बढ़िया"।

विराट के शब्द वैभव की रोमांचक पारी को देखकर निकले थे। विराट कोहली का संदेश निश्चित रूप से वैभव के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और भविष्य में उन्हें और भी बेहतर करने की प्रेरणा देगा।

एमआई के साथ रोहित के 15 साल पूरे, शार्दुल बोले- 'हर कोई वह नहीं कर सकता, जो उन्होंने किया' 

मुंबई इंडियंस (एमआई) के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा ने फ्रेंचाइजी के साथ अपने 15 साल पूरे कर लिए हैं। इस दौरान उन्होंने टीम को 5 बार आईपीएल चैंपियन बनाया है। तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के सामने रोहित के लिए दिल को छू लेने वाले शब्द कहे, और उनकी कप्तानी के दूसरे पहलू पर रोशनी डाली।

 शार्दुल ठाकुर ने फ्रेंचाइजी की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए एक वीडियो में कहा, "हर किसी ने उनके (रोहित शर्मा) क्रिकेटिंग पहलू के बारे में बात की है, लेकिन मैदान के बाहर की बातों की बात करें तो, हर कोई वह नहीं कर सकता जो उन्होंने किया है। वह कई वर्षों से वैसे ही इंसान रहे हैं- बेशक, अब वह पहले से कहीं ज्यादा बेहतर इंसान बन गए हैं, लेकिन हां, उनमें ज्यादा बदलाव नहीं आया है। वह पहले दिन से लेकर आज तक मैदान के बाहर हमारे साथ वैसा ही बर्ताव करते हैं। इसलिए मैं बस एक ही बात कहूंगा, अपने अंदर के बच्चे को कभी मरने मत देना।"

 रोहित ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2008 में डेक्कन चार्जर्स के साथ की थी, लेकिन 2011 में वह मुंबई इंडियंस में आ गए। इस ट्रांसफर का उस समय के कप्तान सचिन तेंदुलकर ने समर्थन किया था। उन्होंने 10 अप्रैल 2011 को फिरोज शाह कोटला में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के लिए अपना पहला मैच खेला था। इस मुकाबले में नाबाद 27 रन बनाए और टीम को आठ विकेट से शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस मैच में उन्होंने तेंदुलकर के साथ मिलकर एक मैच-जिताऊ साझेदारी भी की थी।


पंद्रह बरस की उम्र में काफी परिपक्व हैं सूर्यवंशी : भुवनेश्वर

 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की उम्र भले ही 15 साल हो लेकिन वह काफी परिपक्वता और स्पष्टता के साथ बल्लेबाजी करते हैं ।

सूर्यवंशी ने आरसीबी के खिलाफ 26 गेंद में 78 रन बनाकर राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट से जीत दिलाई ।

भुवनेश्वर ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ जिस तरह से वह शॉट्स खेलता है , वह बाकायदा क्रिेकेट शॉट होते हैं । 15 वर्ष की उम्र में वह काफी परिपक्व है । जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहा है, हमें उसे इसका श्रेय देना चाहिये ।’’

उन्होंने यह भी कहा कि आरसीबी कभी भी पूरी तरह से दबाव में नहीं थी । उन्होंने कहा ,‘‘ यह टी20 मैच है । वह युवा है और अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है । वह परिपक्वता से बल्लेबाजी कर रहा है लेकिन हमें कभी भी यह नहीं लगा कि हम पर पूरी तरह से दबाव बन गया है । अगर एक 15 साल का लड़का इस तरह से बल्लेबाजी कर रहा है या वह 25 का भी हो, यह टी20 मैच में होता है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ हमने रणनीति बनाई थी और एक कैच भी छूटा लेकिन यह क्रिकेट में होता है । हम अपनी रणनीति पर अमल नहीं कर सके और यह टी20 क्रिकेट का हिस्सा है । हम बहुत चिंतित नहीं हैं ।’

भारतीयों ने 13 स्वर्ण पदक जीतकर दक्षिण एशियाई युवा टेबल टेनिस में अपना दबदबा कायम रखा

 भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने शनिवार को यहां दक्षिण एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में अलग-अलग वर्ग में 13 स्वर्ण पदक जीतकर अपना क्षेत्रीय दबदबा साबित कर दिया।

यह टूर्नामेंट एशियाई युवा चैंपियनशिप के लिए क्वालीफायर भी है।

भारत के प्रियनुज भट्टाचार्य ने अंडर-19 लड़कों के एकल फाइनल में हमवतन पुनीत बिस्वास को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

युगल में एमआर बालमुरुगन और मेहान सेंथिल ने पहले गेम में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए बांग्लादेश के अबुल हसीब और नफीज इकबाल को हराकर खिताब अपने नाम किया।

अंडर-15 लड़कों के वर्ग में आदित्य दास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में हमवतन खिलाड़ी अक्षय किरिकारा को हराया।

युगल का खिताब भी भारत के ही पास रहा जिसमें ऋषान चट्टोपाध्याय और आकाश राजवेलु ने नेपाल के खिलाफ पांच गेम तक चले कड़े मुकाबले में जीत हासिल की।


रियल मैड्रिड के खिताब जीतने की उम्मीदों को झटका, गिरोना के साथ घरेलू मैदान पर मुकाबला 1-1 से ड्रॉ

रियल मैड्रिड ने शुक्रवार रात सैंटियागो बर्नब्यू स्टेडियम में गिरोना एफसी के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलकर इस सीजन के ला लीगा खिताब की दौड़ में खुद को मुश्किल स्थिति में डाल लिया है। इस नतीजे के बाद रियल मैड्रिड अंकतालिका में एफसी बार्सिलोना से छह अंक पीछे हो गया है, जबकि सीजन में अब केवल सात मुकाबले शेष हैं।

बार्सिलोना के पास शनिवार को आरसीडी एस्पेनयोल के खिलाफ घरेलू मैच में जीत हासिल कर अपनी बढ़त नौ अंकों तक करने का मौका है, जिससे रियल की वापसी और कठिन हो सकती है।

 रियल मैड्रिड के कोच अल्वारो अर्बेलोआ ने इस मैच में सात बदलाव किए। यह बदलाव यूईएफए चैंपियंस लीग में बायर्न म्यूनिख के खिलाफ हालिया 2-1 की हार के बाद किए गए थे। टीम में जूड बेलिंगहैम, दानी कार्वाजल, ब्राहिम डियाज और एडर मिलिटाओ जैसे खिलाड़ी शामिल थे, जबकि अर्दा गुलर को आराम दिया गया।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia