खेल: दीप्ति ने बताया भारतीय टीम को मिली सफलता का गुरुमंत्र और इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका

दीप्ति ने बताया कि टीम मैनेजमेंट की तरफ से मैसेज साफ था कि गेंदबाजी करते हुए पिछले ओवर में क्या हुआ उसे अगले ओवर में याद नहीं रखना है। इंग्लिश तेज गेंदबाज ओली रोबिन्सन दाहिने घुटने की चोट के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं।

फोटो: IANS
i

'पिछले ओवर में जो हुआ उसे भूल जाओ', दीप्ति ने बताया भारतीय टीम को मिली सफलता का गुरुमंत्र

भारतीय टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज जीत के साथ किया। बर्मिंघम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से हराया। दीप्ति शर्मा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। 

 दीप्ति ने बताया कि टीम मैनेजमेंट की तरफ से मैसेज साफ था कि गेंदबाजी करते हुए पिछले ओवर में क्या हुआ उसे अगले ओवर में याद नहीं रखना है। दीप्ति ने जियोस्टार से बात करते हुए कहा, "किसी एक पल को चुनना मुश्किल है क्योंकि इस मैच में मैं जो कुछ भी कर पाई, वह खास था, लेकिन मैं पांच विकेट लेने को चुनूंगी। आईसीसी टूर्नामेंट में 5 विकेट लेना और अपनी टीम के लिए मैच जीतना बहुत बड़ी बात है। जब पहला ड्रिंक्स ब्रेक हुआ, तो चर्चा थोड़ी बेहतर करने की थी, क्योंकि हम जानते हैं कि हमारी टीम में कितने काबिल खिलाड़ी हैं।"

 उन्होंने आगे कहा, "भले ही आप एक ओवर में रन दे दें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता,क्योंकि आपको अगले ओवर में वापसी करने का मौका मिलेगा। हर कोई सकारात्मक रहेगा, और यही मैसेज हर गेंदबाज को दिया गया। सभी को मैसेज दिया गया कि अगले ओवर में वे क्या बेहतर कर सकते हैं, इस पर फोकस करें, और पिछले ओवर में जो हुआ उसे भूल जाएं।"

इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका, न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हुए ओली रॉबिन्सन

इंग्लैंड को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। इंग्लिश तेज गेंदबाज ओली रोबिन्सन दाहिने घुटने की चोट के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। 

 रॉबिन्सन इस सीरीज में दो साल बाद टेस्ट टीम में लौटे थे। पहले टेस्ट में लॉर्ड्स के मैदान पर उनका प्रदर्शन शानदार रहा था और उन्होंने 7 विकेट लेकर इंग्लैंड को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, रॉबिन्सन की नई इंजरी ने उनकी फिटनेस को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोबिन्सन ने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला फरवरी 2024 में रांची में खेला था, जहां उन्होंने सिर्फ 13 ओवर ही गेंदबाजी की थी। वहीं, रोबिन्सन दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर सके थे।

 हालांकि, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बताया है कि रोबिन्सन टीम के साथ ही रहेंगे। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि वह 25 जून से ट्रेंट ब्रिज में होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए फिट हो पाते हैं या नहीं। रॉबिन्सन का न होना इंग्लैंड के लिए बड़ा झटका है। टीम के नियमित कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को नाइट क्लब विवाद को लेकर जारी जांच की वजह से दूसरे टेस्ट के लिए टीम में नहीं चुना गया है।


अवसाद से जूझ रही थी, क्रिकेट छोड़ना चाहती थी: श्रेयंका पाटिल

 भारत की ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल ने बताया कि चोट के कारण एक साल से अधिक समय तक खेल से दूर रहने के दौरान वह अवसाद से जूझ रही थीं और उन्होंने क्रिकेट छोड़ने के बारे में भी सोचा था।

रविवार को यहां महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की 64 रन की जीत में किफायती गेंदबाजी करने वाली श्रेयंका ने इस मुश्किल दौर से निकलने और राष्ट्रीय टीम में सफल वापसी करने का श्रेय अपने मजबूत सहयोगी ढांचे को दिया।

जुलाई 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप मैच के दौरान अंगुली में फ्रैक्चर होने के बाद श्रेयंका लगभग 14 महीने तक खेल से दूर रहीं। चोट की परेशानियां यहीं नहीं रुकीं। उन्हें दोनों पैरों की पिंडली में गंभीर समस्या और बाएं अंगूठे में फ्रैक्चर का भी सामना करना पड़ा जिसके बाद आखिरकार इस साल की शुरुआत में महिला प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से उन्होंने वापसी की।

श्रेयंका ने ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘अगर मैं कहूं मैं अवसाद में नहीं थी या मैंने क्रिकेट छोड़ने के बारे में नहीं सोचा तो यह झूठ होगा। चोट के दौर में शुरुआत में मुझे ऐसा ही महसूस हुआ था। लेकिन मेरे अंदर एक आवाज थी जो कह रही थी, ‘चाहे कुछ भी हो, मुझे यह खेल खेलना पसंद है। मैं यहां सिर्फ इसलिए हूं क्योंकि मुझे इसे खेलना पसंद है’।’’

दोहा डायमंड लीग के जरिये वापसी करेंगे नीरज चोपड़ा

फिट हो चुके भारत के भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने सोमवार को घोषणा की कि वह 19 जून को होने वाली दोहा डायमंड लीग के जरिये प्रतिस्पर्धा में वापसी करेंगे।

तोक्यो ओलंपिक 2020 चैम्पियन और पेरिस ओलंपिक 2024 के रजत पदक विजेता 28 वर्ष के चोपड़ा ने 2025 विश्व चैम्पियनशिप में निराशाजनक आठवें स्थान पर रहने के बाद प्रतिस्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया है ।

उनकी प्रबंधन फर्म वेल स्पोटर्स ने इंस्टाग्राम पर लिखा ,‘‘ 2026 का पहला थ्रो दोहा में । नीरज चोपड़ा 19 जून को प्रतियोगिता में वापसी करेंगे ।’’

दोहा डायमंड लीग में भालाफेंक की प्रविष्टियों में चोपड़ा का नाम शामिल है जबकि 12 जून को जारी सूची में उनका नाम नहीं था । उन्होंने पिछले साल इसी टूर्नामेंट में 90 मीटर का आंकड़ा पारी किया था ।

चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर लिखा ,‘‘ दोहा में मिलते हैं ।’’

चोपड़ा इस समय स्विटजरलैंड के बियेने में अपने फिजियो ईशान मारवाहा और कोच जय चौधरी के साथ 47 दिन के आफ सीजन अभ्यास शिविर में भाग ले रहे हैं ।


आईपीएल का सबसे अधिक देखा गया मैच बना आरसीबी और टाइटन्स का फाइनल

आधिकारिक प्रसारणकर्ता के अनुसार हाल में संपन्न इंडियन प्रीमियर लीग को रिकॉर्ड एक अरब 20 करोड़ दर्शक मिले जो प्रति वर्ष के आधार पर सात प्रतिशत का इजाफा है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अहमदाबाद में हुए फाइनल में गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर अपना लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीता।

‘जियोस्टार’ ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘टाटा आईपीएल 2026 को एक अरब 20 करोड़ से अधिक दर्शक मिले जो प्रति वर्ष के आधार पर सात प्रतिशत के इजाफे को दर्शाता है। इस सत्र में दर्शक स्क्रीन से चिपके रहे क्योंकि मैच देखने का समय 870 अरब मिनट तक पहुंच गया। फाइनल ने दर्शकों की संख्या दोगुनी कर दी और यह अब तक का सबसे अधिक देखा जाने वाला टाटा आईपीएल मैच बन गया जिसे स्क्रीन पर 40 करोड़ से अधिक लोगों ने देखा।’’

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ