विनेश फोगाट को राहत, WFI को दो हफ्ते में नोटिसों पर फैसला लेने का दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश
दिल्ली हाईकोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ को विनेश फोगाट के खिलाफ जारी दोनों कारण बताओ नोटिसों पर दो सप्ताह के भीतर फैसला सुनाने का आदेश दिया है।

WFI को विनेश फोगाट के दोनों नोटिसों पर दो सप्ताह में फैसला लेना होगा।
दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि अनिश्चितता खिलाड़ी की तैयारी प्रभावित कर सकती है।
विनेश दिसंबर में प्रस्तावित राष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेना चाहती हैं।
तय समय के बाद लिए गए फैसले पर अगली सुनवाई तक अमल नहीं होगा।
पहलवान विनेश फोगाट को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) को उनके खिलाफ जारी दो कारण बताओ नोटिसों पर दो सप्ताह के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया है। जस्टिस अमित महाजन की बेंच ने कहा कि अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर लंबे समय तक बनी अनिश्चितता किसी खिलाड़ी की मानसिक तैयारी पर असर डाल सकती है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ी का मानसिक रूप से स्वस्थ, तनावमुक्त और सहज रहना जरूरी है।
हाईकोर्ट विनेश फोगाट की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें उन्होंने महासंघ की ओर से 9 मई और 17 जून को जारी किए गए दो कारण बताओ नोटिसों को चुनौती दी है। विनेश को आशंका थी कि महासंघ आगामी प्रतियोगिताओं से ठीक पहले उनके खिलाफ कोई प्रतिकूल फैसला ले सकता है। ऐसी स्थिति में उन्हें अदालत से राहत मांगने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा।
दिसंबर में राष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेना चाहती हैं विनेश
सुनवाई के दौरान विनेश की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि वह जिस राष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेना चाहती हैं, उसका आयोजन दिसंबर 2026 के मध्य में प्रस्तावित है। ऐसे में उन्हें प्रतियोगिता की तैयारी करनी है, लेकिन महासंघ की ओर से जारी नोटिसों पर फैसला लंबित होने के कारण वह अनिश्चितता में हैं। वकील ने दलील दी कि इन नोटिसों का मामला उनके सिर पर तलवार की तरह लटक रहा है।
अदालत ने विनेश की आशंका को वास्तविक प्रतीत होने वाला माना। कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को दोनों नोटिसों पर दो सप्ताह के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि के बाद कोई फैसला लिया जाता है तो अगली सुनवाई तक उस पर अमल नहीं किया जाएगा। हाईकोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर अगली सुनवाई से पहले जवाब दाखिल करने को भी कहा है।
WFI ने विनेश पर लगाए थे नियमों के उल्लंघन के आरोप
भारतीय कुश्ती महासंघ ने विनेश फोगाट को अनुशासनहीनता और डोपिंग रोधी नियमों से जुड़े प्रावधानों के उल्लंघन के आरोपों के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किए थे। महासंघ का कहना था कि संन्यास से वापसी करने वाले खिलाड़ियों पर लागू यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के नियमों के मुताबिक छह महीने की अनिवार्य पूर्व सूचना अवधि का पालन नहीं किया गया।
WFI ने यह आरोप भी लगाया था कि पंजीकृत परीक्षण पूल में शामिल होने के बावजूद विनेश ने अपने ठिकाने की जानकारी देने और डोपिंग परीक्षण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने में विफलता दिखाई। इन्हीं नोटिसों को विनेश ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है। अब अदालत के निर्देश के बाद महासंघ को तय समय के भीतर इस मामले में अपना फैसला लेना होगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
