खेल: गॉल में देवदत्त पडिक्कल ने लगाया टेस्ट करियर का पहला शतक और गंभीर ऐंठन के कारण केएल राहुल रिटायर्ड हर्ट

गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में शनिवार को आखिरी सेशन की शुरुआत में गंभीर ऐंठन के कारण केएल राहुल बल्लेबाजी नहीं कर सके। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा कर लिया है।

गॉल में देवदत्त पडिक्कल ने लगाया टेस्ट करियर का पहला शतक
i

पहला टेस्ट: गंभीर ऐंठन के कारण केएल राहुल रिटायर्ड हर्ट, तीसरे सेशन में नहीं कर सके बैटिंग

श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन भारतीय उप-कप्तान केएल राहुल को रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। केएल उस समय तक 162 गेंदों में 77 रन बना चुके थे। गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में शनिवार को आखिरी सेशन की शुरुआत में गंभीर ऐंठन के कारण केएल राहुल बल्लेबाजी नहीं कर सके।

दाएं हाथ का बल्लेबाज टी ब्रेक के बाद देवदत्त पडिक्कल (85 नाबाद) के साथ अपनी पारी को आगे बढ़ाने के लिए मैदान पर उतरा। ब्रेक से पहले, 51वें ओवर में दाहिने हाथ के अग्रभाग में ऐंठन के बाद राहुल ने फिजियो से उपचार भी कराया था।

 हालांकि, आखिरी सेशन की शुरुआत से पहले, 34 वर्षीय राहुल ने तुरंत अंपायर को बताया कि उन्हें बहुत तकलीफ हो रही है और वह अपना बल्ला ठीक से नहीं पकड़ पा रहे हैं। राहुल के लिए स्थिति तब और खराब हो गई जब उन्हें अपने बाएं हाथ और कलाई में खिंचाव महसूस हुआ। मांसपेशियों में ऐंठन के कारण पैरों में भी तकलीफ होने से राहुल दर्द से कराहते और लंगड़ाते हुए दिखे; वह खेल जारी नहीं रख सके और टीम फिजियो की मदद से उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया।

भारत बनाम श्रीलंका: गॉल में देवदत्त पडिक्कल ने लगाया टेस्ट करियर का पहला शतक, नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा कर लिया है। 

यशस्वी जायसवाल (32 रन) के पवेलियन लौटने के बाद क्रीज पर उतरे देवदत्त पडिक्कल ने केएल राहुल संग मिलकर मोर्चा संभाला और श्रीलंकाई गेंदबाजों को खासा तंग किया। पडिक्कल ने अपने टेस्ट करियर की पहले शतक तक पहुंचने के लिए 134 गेंदें खेलीं। वह अब तक अपनी इस शतकीय पारी में 9 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं। उन्होंने राहुल के रिटायर हर्ट होने से पहले दूसरे विकेट के लिए उनके साथ मिलकर 150 रनों की लाजवाब साझेदारी निभाई।

मार्च, 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना डेब्यू करने वाले देवदत्त पडिक्कल को साई सुदर्शन के बाहर होने के बाद नंबर तीन की पोजीशन पर खेलने का मौका मिला है। वह साल 2002 के बाद भारत की ओर से इस पोजीशन पर खेलते हुए शतक लगाने वाले पहले बाएं हाथ के बल्लेबाज भी है। 2002 में भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने नंबर तीन पर खेलते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ 136 रनों की दमदार पारी खेली थी।


ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी फिर लड़खड़ाई, बांग्लादेश ऐतिहासिक जीत के करीब

ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज फिर से नाकाम रहे जिससे बांग्लादेश शनिवार को यहां पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन ऐतिहासिक जीत के करीब पहुंच गया।

पहली पारी में केवल 198 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 161 रन बनाए थे और वह अब भी बांग्लादेश से 67 रन पीछे है। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 426 रन बनाए थे।

ऑस्ट्रेलिया का दारोमदार अब कैमरन ग्रीन (नाबाद 43) और एलेक्स कैरी (नाबाद 19) पर टिका है। ऑस्ट्रेलिया को अगर हार से बचना है तो उसे दूसरी पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करना होगा जो अभी नामुमकिन लग रहा है।

बांग्लादेश को ऑस्ट्रेलिया में अपनी पहली टेस्ट जीत हासिल करने के लिए छह विकेट चाहिए, जो संभवतः इस प्रारूप में उसकी की सबसे बड़ी जीत होगी।

पीएसजी में शामिल हुए फेरान टोरेस, फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में दागा था इकलौता गोल

फीफा वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली स्पेनिश टीम के फॉरवर्ड फेरान टोरेस पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने फ्रेंच क्लब के साथ 2031 तक का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। वह टीम में 'जर्सी नंबर' 9 पहनेंगे।

अर्जेंटीना के खिलाफ 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' के फाइनल में विजयी गोल करने वाले टोरेस, एफसी बार्सिलोना के साथ सफल कार्यकाल के बाद पीएसजी से जुड़े हैं।

26 वर्षीय टोरेस 29 फरवरी 2000 को स्पेन के फोयोस में जन्मे थे, उन्होंने सात साल की उम्र में वालेंसिया एकेडमी में शामिल होने से पहले फुटसल के जरिए फुटबॉल खेलना शुरू किया था। दिसंबर 2017 में आइबार के विरुद्ध वालेंसिया के लिए डेब्यू करते ही वह 'ला लीगा' में खेलने वाले 21वीं सदी में जन्मे पहले खिलाड़ी बन गए।


वीनस विलियम्स का हार का सिलसिला 13 मैच तक पहुंचा

वीनस विलियम्स का वापसी के बाद एकल मुकाबलों में हार का सिलसिला 13 मैचों तक पहुंच गया है।

सात बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन को शुक्रवार को सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में भी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें पहले दौर में एमिलियाना अरंगो ने 6-2, 6-2 से हरा दिया।

46 वर्षीय वीनस को इस डब्ल्यूटीए 1000 टूर्नामेंट में वाइल्डकार्ड से प्रवेश मिला था। उन्होंने जुलाई 2025 के बाद से कोई भी एकल मैच नहीं जीता है।

कोलंबिया की 25 वर्षीय क्वालीफायर अरंगो ने लिंडनर टेनिस सेंटर के ग्रैंडस्टैंड कोर्ट पर वीनस को हराने में 65 मिनट का समय लिया।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए