खेल: दलीप ट्रॉफी पर ईस्ट जोन की पकड़ मजबूत और मंधाना ने टी20 रैंकिंग में शीर्ष पांच में मजबूत किया अपना स्थान
ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। स्मृति मंधाना ने आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पांच में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।

दलीप ट्रॉफी फाइनल: तीसरे दिन की समाप्ति तक ईस्ट जोन की पकड़ में मुकाबला
ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पहली पारी में 708 रन बनाने के बाद इस टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 242 के स्कोर तक साउथ जोन के 6 विकेट हासिल कर लिए हैं। फिलहाल, साउथ जोन की टीम ईस्ट जोन से 466 रन पीछे है।
एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रनों का विशाल स्कोर बनाया।
इसके जवाब में साउथ जोन ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 80 ओवरों का सामना किया, जिसमें 6 विकेट खोकर 242 रन जुटाए। इस टीम ने 10 के स्कोर पर रिकी भुईं (1) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने नारायण जगदीशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 70 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
तीसरे दिन की समाप्ति तक तिलक 133 गेंदों में 5 चौकों के साथ 56 रन बना चुके हैं, जबकि चामा मिलिंद 2 रन बनाकर नाबाद हैं। विपक्षी खेमे से मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार को 2-2 विकेट हाथ लगे। इनके अलावा, कौनेन कुरैशी और शिखर मोहन ने 1-1 विकेट चटकाया।
मंधाना ने टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पांच में मजबूत किया अपना स्थान
भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ महिला एशिया कप के मुकाबले में 124 रन की शानदार पारी के बाद मंगलवार को आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पांच में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।
मंधाना ने 64 गेंदों में 124 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने हांगकांग को 137 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
इस दौरान मंधाना ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह सभी प्रारूपों को मिलाकर महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। उनके नाम अब 10,880 रन हैं और उन्होंने भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज के 10,868 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
यह मंधाना का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 18वां शतक भी था। इसके साथ ही वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाली बल्लेबाजों की सूची में सबसे आगे निकल गईं। टी20 रैंकिंग में मंदाना पांचवें स्थान पर कायम हैं।
भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में दो पायदान की छलांग लगाई है। वह गेंदबाजों की रैंकिंग में अब छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्हें बल्ले और गेंद दोनों से उनके अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिला है।
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स को भारत अफगानिस्तान टी20 श्रृंखला के प्रसारण अधिकार मिले
सोनी स्पोटर्स नेटवर्क को भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से यहां शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 श्रृंखला के प्रसारण अधिकार मिले हैं ।
दोनों टीमें 13 सितंबर को पहला टी20 मैच खेलेंगी । दूसरा मैच 15 सितंबर को और तीसरा 17 सितंबर को अरूण जेटली स्टेडियम पर खेला जायेगा ।
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के मुख्य राजस्व अधिकारी और बिजनेस प्रमुख (खेल और अंतरराष्ट्रीय) राजेश कौल ने कह ,‘‘ अफगानिस्तान भारत टी20 श्रृंखला सोनी स्पोटर्स नेटवर्क के क्रिकेट पोर्टफोलियो को और मजबूत बनाती है और हमारे ‘फेस्टिवल आफ स्पोटर्स में एक और रोमांचक प्रतिस्पर्धा को जोड़ती है ।’’
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम में ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, तिलक वर्मा हैं जबकि जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा का खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा ।
वहीं इब्राहिम जदरान की कप्तानी वाली अफगानिस्तान टीम में राशिद खान, रहमतुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल और अजमतुल्लाह उमरजइ जैसे सितारे हैं ।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बिग बैश लीग के निजीकरण को मंजूरी दी, मेलबर्न रेनेगेड्स की होगी बिक्री
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने मंगलवार को बिग बैश लीग (बीबीएल) में निजी निवेश करने को मंजूरी दे दी है जिसके बाद इस टी20 लीग की टीम मेलबर्न रेनेगेड्स की बिक्री का रास्ता साफ हो गया है लेकिन देश के खिलाड़ियों के संघ ने कहा कि नई योजना में ‘‘महत्वपूर्ण मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं।’’
सीए ने घोषणा की कि वह मेलबर्न रेनेगेड्स में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए निजी मालिकों से बोलियां आमंत्रित करेगा।
लेकिन ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स एसोसिएशन (एसीए) के सीईओ पॉल मार्श ने कहा कि दोनों संस्थाएं अभी ‘नए समझौते के करीब नहीं पहुंचे हैं’‘, जिसमें खिलाड़ियों के साथ वेतन से जुड़ा समझौता भी शामिल है।
क्रिकेट डॉट कॉम एयू की रिपोर्ट के अनुसार फ्रेंचाइजी का नया स्वामित्व 2027-28 के बिग बैश लीग और महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) के लिए लागू रहेगा तथा बिक्री प्रक्रिया का बीबीएल और डब्ल्यूबीबीएल के आगामी सत्र पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
मेलबर्न रेनेगेड्स टीम का संचालन अभी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया कर रहा है।
भारत के बाद अफगानिस्तान मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के लिए इन दो देशों की मेजबानी करेगा
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ नई दिल्ली में 3 टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम की मेजबानी कर रही है। इस सीरीज के बाद अफगानिस्तान यूएई में मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के लिए बांग्लादेश और जिम्बाब्वे की मेजबानी करेगी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसकी पुष्टि की है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है कि अफगानिस्तान क्रिकेट टीम अक्टूबर और नवंबर (9 अक्टूबर से 17 नवंबर) के दौरान यूएई में बांग्लादेश के खिलाफ एक टेस्ट खेलेगी। इसके बाद एक वनडे त्रिकोणीय सीरीज खेली जाएगी जिसकी दो अन्य टीमें बांग्लादेश और जिम्बाब्वे हैं। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 टी20 मैच और 2 टेस्ट खेले जाएंगे।
अफगानिस्तान सबसे पहले 9 से 13 अक्टूबर तक बांग्लादेश के साथ एक टेस्ट खेलेगा। इसके बाद 17-23 अक्टूबर तक अफगानिस्तान, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के साथ वनडे त्रिकोणीय सीरीज खेलेगी। सीरीज में हर टीम एक-दूसरे से एक बार खेलेगी। टॉप दो टीमें 23 अक्टूबर को फाइनल खेलेंगी।
त्रिकोणीय सीरीज के बाद अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे 27 अक्टूबर, 29 अक्टूबर और 1 नवंबर को तीन टी20 मैच खेलेंगे। इसके बाद दोनों टीमें दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेंगी। पहला टेस्ट 5 नवंबर से और दूसरा टेस्ट 13 नवंबर से खेला जाएगा।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
