खेल: पूर्व क्षेत्र ने 13 साल बाद जीती दलीप ट्रॉफी और विश्व कप में खेलने को लेकर रोहित ने किया बड़ा दावा

ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट जोन ने 13 साल का सूखा खत्म करते हुए दलीप ट्रॉफी के खिताब को अपने नाम किया। भारत के स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा ने अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में खेलने की संभावना पर अपना जवाब दिया है।

फोटो: IANS
i

पूर्व क्षेत्र ने 13 साल बाद जीती दलीप ट्रॉफी, दक्षिण क्षेत्र को पहली पारी की बढ़त के आधार पर हराया

ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट जोन ने 13 साल का सूखा खत्म करते हुए दलीप ट्रॉफी के खिताब को अपने नाम किया। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए साउथ जोन के खिलाफ फाइनल मुकाबले में पहली पारी के आधार पर हासिल की बढ़त के चलते ईस्ट जोन को विजेता घोषित किया गया। 

ईस्ट जोन ने तीसरी बार दलीप ट्रॉफी के खिताब को अपने नाम किया है। इससे पहले, टीम ने साल 2012-13 में आखिरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। ईस्ट जोन का प्रदर्शन फाइनल मुकाबले में लाजवाब रहा। पहली पारी में ईस्ट जोन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 708 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए।

 कप्तान ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 270 रनों की यादगार पारी खेली। 334 गेंदों की अपनी इस पारी में ईशान ने 30 चौके और 7 छक्के लगाए। वहीं, कुमार कुशाग्र ने शतक लगाया और 132 गेंदों में 101 रनों का योगदान दिया। शिखर मोहन ने 85 रन बनाए, तो वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 37 गेंदों में 44 रन बनाए। अभिमन्यु ईश्वरन ने 86 गेंदों में 72 रनों का योगदान दिया। अनुकूल रॉय ने 45 और मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने 40 रन बनाए।

 ईस्ट जोन द्वारा पहली पारी में बनाए गए 708 रनों के जवाब में साउथ जोन की टीम कप्तान तिलक वर्मा की 99 रनों की पारी के बावजूद 336 रन बनाकर ऑलआउट हुई। तिलक के अलावा, टीम की ओर से देवदत्त पडिक्कल ही कुछ हद तक लय में नजर आए और उन्होंने 62 रन बनाए, जबकि चमा मिलिंद ने 43 रन बनाकर आउट हुए। गेंदबाजी में ईस्ट जोन की तरफ से मुकेश कुमार ने 3 विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद शमी, कुरैशी और शिखर मोहन ने दो-दो विकेट निकाले। पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन ने 372 रनों की विशाल बढ़त हासिल की।

नजरें हमेशा अगले स्तर पर होनी चाहिए: शमी

मोहम्मद शमी ने मार्च 2025 के बाद से भारत के लिए कोई मैच नहीं खेला है, लेकिन इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनके अंदर प्रेरणा की कोई कमी नहीं आई है और उनकी नजरें अब भी करियर में ‘अगले स्तर’ को हासिल करने पर लगी हुई हैं।

शमी ने आखिरी टेस्ट मैच 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेला था। उन्होंने दलीप ट्रॉफी के फाइनल के बाद कहा, ‘‘अगर आप प्रेरणा के कारण तलाशें, तो प्रेरित रहने के बहुत सारे कारण हैं। इस स्तर पर अगर आप खुद से प्रेरित नहीं होते हैं, तो आपका नजरिया ही गलत है। आप अपने करियर के किसी भी पड़ाव पर खेल रहे हों, आपकी नजरें हमेशा अगले स्तर पर होनी चाहिए। ’’

दलीप ट्रॉफी के फाइनल में पूर्वी क्षेत्र ने पहली पारी में बढ़त के आधार पर दक्षिण क्षेत्र को हरा दिया। शमी (36 साल) ने खिताबी मुकाबले में रविचंद्रन स्मरण और शेख रशीद के महत्वपूर्ण विकेट लेकर दक्षिण क्षेत्र के मध्यक्रम को झकझोर दिया।

शमी इस बात से बेहद खुश थे कि उनके 100वें प्रथम श्रेणी मैच में ही पूर्वी क्षेत्र ने खिताबी जीत दर्ज की।

उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक संतुष्टि की बात है, अपने 100वें मैच में यह उपलब्धि हासिल करना और वो भी दलीप ट्रॉफी के फाइनल में जीत के साथ, मेरे लिए बेहद खास है। पूर्वी क्षेत्रने बहुत लंबे समय बाद यह खिताब जीता है।’’


रोहित ने विश्व कप में खेलने की संभावना पर कहा, अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है, तब देखेंगे

भारत के स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा ने अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में खेलने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर बृहस्पतिवार को यहां कहा कि अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है।

यहां एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व कप्तान ने एक पंक्ति में जवाब दिया। टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट में नहीं खेलने के कारण रोहित के वनडे प्रारूप में भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रहे हैं। रोहित ने कार्यक्रम के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘ अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है, तब देखेंगे।’’

वनडे विश्व कप 2027 की सह-मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे।

उनसे यह भी पूछा गया कि क्या भारत के खिताब जीतने पर प्रशंसकों के साथ जश्न मनाने के लिए खुली बस में परेड आयोजित की जाएगी, ठीक उसी तरह जैसे 2024 में रोहित के नेतृत्व वाली टीम ने वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप जीतने के बाद मुंबई में विजय परेड निकाली थी।

रोहित ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि अब बस परेड संभव होगी।’’

कनाडा सुपर 60 की टीम वैंकूवर एंकर्स के सह-मालिक बने जहीर

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान कनाडा सुपर 60 की पुरुष और महिला फ्रेंचाइजी वैंकूवर एंकर्स के स्वामित्व समूह में शामिल हो गए हैं। भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह कनाडा सुपर 60 के सह मालिक हैं।

जहीर, नागेंद्र ‘नागा’ सिद्दौतम और स्टॉकहोम स्थित एंकर स्पोर्ट्स एबी के साथ स्वामित्व समूह में शामिल हो गए हैं।

इस तरह से जहीर और युवराज फिर से एक दूसरे से जुड़ गए हैं। यह दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम में लंबे समय तक एक साथ खेले जिसमें भारत की 2011 में वनडे विश्व कप में जीत भी शामिल है।

एंकर्स वैंकूवर के बीसी प्लेस में अपने घरेलू मैच खेलेगी।

जहीर ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘कनाडा सुपर 60 एक प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट है जिसका आयोजन एक ऐसे शहर में किया जाता है जिसकी अपनी अलग पहचान है। यह जानते हुए कि मेरे दोस्त और लंबे समय तक टीम के साथी रहे युवराज लीग के स्वामित्व का हिस्सा हैं, मुझे इस टूर्नामेंट पर पूरा भरोसा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व खिलाड़ी होने के नाते यह हमारा कर्तव्य है कि हम ऐसी विश्वसनीय लीग का समर्थन करें जो आईसीसी के एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों और महिला क्रिकेटरों के लिए वास्तविक अवसर पैदा करे। मैं वैंकूवर में आने और अपने दोस्त युवी (युवराज) के साथ इस नए टूर्नामेंट से जुड़ने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।’’


बीबीएल: मेलबर्न स्टार्स से जुड़े न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन

मौजूदा दौर में टी20 के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक न्यूजीलैंड के फिन एलन ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) द्वारा संचालित बिग बैश लीग (बीबीएल) लीग के आगामी सीजन के लिए मेलबर्न स्टार्स के साथ करार किया है।

एलन के जुड़ने से ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस जैसे खिलाड़ियों वाली मेलबर्न स्टार्स और मजबूत हुई है। बीबीएल का अगला सीजन 12 दिसंबर से शुरू हो रहा है। एलन पिछले सीजन पर्थ स्कॉर्चर्स का हिस्सा थे और टीम के लिए सबसे ज्यादा रन उन्होंने बनाए थे। एलन ने स्कॉर्चर्स के लिए 42.36 की औसत से 466 रन बनाए थे। 

 मेलबर्न स्टार्स से जुड़ने पर एलन ने कहा, "इस लीग में स्टार्स एक पावरहाउस टीम है। उनके लिए खेलना बहुत मजेदार होगा। उनके पास पहले से ही एक बहुत बड़ा फैनबेस है। वे और भी बड़े होते जा रहे हैं। मैं इसका हिस्सा बनने का इंतजार नहीं कर सकता। मुझे लगता है कि सभी क्रिकेटर एमसीजी में खेलना पसंद करते हैं, इसलिए इसे अपना होम ग्राउंड कह पाना वाकई रोमांचक है।"

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए