खेल: इंग्लैंड टीम पर लगा भारी जुर्माना और सैमसन ने धोनी को बताया क्रिकेट का फेडरर, इस खिलाड़ी से की कोहली की तुलना

न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में धीमी गति से ओवर डालने के कारण आईसीसी ने इंग्लैंड टीम पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। संजू सैमसन ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तुलना टेनिस के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर से की है।

फोटो: IANS
i

इंग्लैंड टीम पर लगा भारी जुर्माना, आईसीसी ने 12 डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स भी काटे

न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में धीमी गति से ओवर डालने के कारण आईसीसी ने इंग्लैंड टीम पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही इंग्लिश टीम के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के 12 प्वाइंट्स भी काटे गए हैं। 

आईसीसी के अनुसार, तय समय के हिसाब से इंग्लैंड की टीम दूसरे टेस्ट में 12 ओवर पीछे रही और इसी वजह से मेजबान टीम पर जुर्माना लगाया गया है। इंग्लैंड टीम पर यह जुर्माना मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट द्वारा लगाया गया है। टीम को आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 का दोषी पाया गया है।

 डब्ल्यूटीसी की प्लेइंग कंडीशंस के आर्टिकल 16.11.2 के अनुसार, तय समय के अंदर ओवर पूरे नहीं करने की स्थिति में हर ओवर कम फेंकने पर टीमों का एक प्वाइंट काट लिया जाता है। इस मुकाबले में इंग्लैंड टीम की कप्तानी करने वाले जो रूट ने गलती को मान लिया है और सजा को स्वीकार कर लिया है, जिसके कारण औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी है।

आईसीसी द्वारा लगाए गए इस जुर्माने से इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में अब इंग्लैंड सातवें नंबर पर पहुंच गई है और टीम के कुल 38 प्वाइंट्स हैं। वहीं, इंग्लिश टीम का जीत प्रतिशत 26.39 है। यह दूसरा मौका है, जब इंग्लैंड के डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स काटे गए हैं। इससे पहले, पिछले साल भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच के बाद भी इंग्लैंड को 2 डब्ल्यूटीसी प्वाइंट गंवाने पड़े थे।

आईसीसी ने महिला क्रिकेटर्स के लिए प्रेग्नेंसी के बाद खेल में वापसी की गाइडलाइंस जारी कीं

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने सोमवार को प्रेग्नेंसी के बाद खेल में वापसी की गाइडलाइंस जारी की हैं। ये गाइडलाइंस महिला क्रिकेटर्स, मेंबर बोर्ड और मेडिकल स्टाफ को एक व्यवस्थित ढांचा देती हैं, ताकि बच्चे के जन्म के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में लौटने वाली खिलाड़ियों की मदद की जा सके।

आईसीसी के बड़े '100 प्रतिशत क्रिकेट' पहल के हिस्से के तौर पर इन गाइडलाइंस का मकसद महिलाओं की सेहत से जुड़ी बातचीत को सामान्य बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि मां बनने और प्रोफेशनल क्रिकेट खेलने को एक-दूसरे के विरोधी के तौर पर न देखा जाए।

 इन गाइडलाइंस में छह चरणों वाला '6 आर' तरीका शामिल है– रेडी (तैयार होना), रिव्यू (समीक्षा), रिस्टोर (बहाली), रीकंडीशन (फिर से कंडीशनिंग), रिटर्न (वापसी) और रिफाइन (बेहतर बनाना)।

 इनमें रिकवरी, मेडिकल रिव्यू, धीरे-धीरे ट्रेनिंग, क्रिकेट-स्पेसिफिक कंडीशनिंग, प्रतियोगिता में वापसी और आगे की निगरानी शामिल है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब अधिकतर महिला क्रिकेटर्स अपने करियर के दौरान परिवार शुरू करने और फिर सफलतापूर्वक मैदान पर अपनी जिम्मेदारियां संभालने के लिए लौटने का विकल्प चुन रही हैं।

इन सुझावों में एक डेडिकेटेड केस मैनेजर– आमतौर पर डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट– की नियुक्ति शामिल है, जो खिलाड़ी की प्रेग्नेंसी और उसके बाद मैदान पर वापसी के दौरान मुख्य संपर्क व्यक्ति के तौर पर काम करेगा।


विंबलडन के महिला एकल में वापसी करेंगी 44 साल की सेरेना

सेरेना विलियम्स ने तीन सप्ताह पहले घोषणा की थी कि वह चार साल के बाद पेशेवर टेनिस में वापसी कर रही हैं, लेकिन अब स्पष्ट हो गया है कि यह दिग्गज खिलाड़ी 44 साल की उम्र में विंबलडन के महिला एकल में अपना जलवा दिखाएंगी।

पिछले तीन सप्ताह से कयास लगाए जा रहे थे कि 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना विंबलडन के एकल में खेलेगी या नहीं लेकिन अब ऑल इंग्लैंड क्लब ने एक वाक्य के बयान में सब कुछ साफ कर दिया है।

ऑल इंग्लैंड क्लब ने ग्रास कोर्ट पर होने वाले इस ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के शुरू होने से आठ दिन पहले बयान जारी करके कहा, ‘‘सेरेना विलियम्स (अमेरिका) को महिला एकल वर्ग में अंतिम वाइल्ड कार्ड दिया गया है।’’

सेरेना इस तरह से विंबलडन में एकल और युगल दोनों में खेलेंगी। उन्होंने पहले ही अपनी बड़ी बहन वीनस के साथ युगल प्रतियोगिता के लिए वाइल्ड कार्ड स्वीकार कर लिया है।

विंबलडन ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कहा, ‘‘यह कोई ‘ड्रिल’ नहीं है।’’

डब्ल्यूटीए टूर ने कहा, ‘‘इससे अधिक यादगार वापसी (करने वाले खिलाड़ी) का नाम बताइए। हम इंतजार करेंगे।’’

दर्शक बनकर उरुग्वे का निराशाजनक प्रदर्शन देख रहे हैं सुआरेज़

विश्व कप में उरुग्वे की शुरुआत अप्रत्याशित रही है। सऊदी अरब और केप वर्दे के खिलाफ ड्रॉ के बाद और स्पेन की मजबूत टीम के खिलाफ एक मैच बाकी होने के कारण दो बार के चैंपियन पर पहले दौर से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।

केप वर्दे के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ छूटे मैच को देखने आए कई प्रशंसकों में एक ऐसा खिलाड़ी भी था जिस पर टीम 15 वर्षों से अधिक समय तक गोल करने के लिए निर्भर रही। यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि लुई सुआरेज़ हैं।

उसुग्वे के मैच मियामी स्टेडियम में खेले गए जो उस स्थान के पास है जहां सुआरेज़ इंटर मियामी के स्ट्राइकर के रूप में खेलते हैं। 39 वर्षीय सुआरेज़ ने स्टेडियम में दर्शक के रूप में इन मैच को देखा।

सुआरेज़ ने 2024 में अपना अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त किया और राष्ट्रीय टीम के लिए 143 मैचों में 69 गोल करके सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर रहे। महीनों की अटकलों के बाद अंततः उन्हें कोच मार्सेलो बिएल्सा की टीम में जगह नहीं मिली।

उरुग्वे के प्रशंसकों को इस बात का अहसास था कि सुआरेज़ जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी की जगह लेना कितना मुश्किल हो सकता है।


क्रिकेट के फेडरर हैं धोनी, कोहली की तुलना अज्कारेज से हो सकती है: सैमसन

 विंबलडन से पहले क्रिकेट और टेनिस के बीच समानता पर बात करते हुए भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तुलना टेनिस के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर से की और विराट कोहली के आक्रामक अंदाज की तुलना स्पेन के स्टार कार्लोस अल्कारेज से की।

दुनिया के बेहतरीन टेनिस स्टार विंबलडन के लिए तैयार हो रहे हैं और ऐसे में सैमसन ने टेनिस और क्रिकेट के दिग्गजों के बीच तुलना की।

सैमसन ने ‘जियो स्टार’ से कहा, ‘‘क्रिकेट के रोजर फेडरर? वह महेंद्र सिंह धोनी ही हो सकते हैं। वह अपने काम को बहुत शांत और संयमित तरीके से करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी ओर कार्लोस अल्कारेज बहुत आक्रामक हैं। ठीक वैसे ही जैसे विराट भाई ने शुरुआत की थी। शायद विराट कोहली की तुलना अल्कारेज से की जा सकती है।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए