FIFA: इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में अर्जेंटीना, बिना गोल किए भी छाए मेस्सी, बना दिया ये बड़ा रिकॉर्ड
मेस्सी ने पहले हाफ में जूझने के बाद दूसरे हाफ के अंतिम लम्हों में अपना जलवा बिखेरा और दो गोल करने में मदद की जिससे अर्जेन्टीना ने फुटबॉल विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। अटलांटा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अर्जेंटीना ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में कभी हार न मानने का अपना रिकॉर्ड भी कायम रखा।
अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच यह मुकाबला सिर्फ फुटबॉल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मैदान पर खिलाड़ियों के बीच कई बार धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ी काफी आक्रामक नजर आए। पहले हाफ में कुल 19 फाउल हुए, जिनमें से 7 फाउल पहले 10 मिनट के भीतर ही हो गए। मैच खत्म होने के बाद भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तनाव बना रहा।
इंग्लैंड ने पहले बनाई बढ़त
पहले हाफ में दोनों टीमों को कोई सफलता नहीं मिली और स्कोर 0-0 रहा। दूसरे हाफ के 55वें मिनट में इंग्लैंड के एंथनी गॉर्डन ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद अर्जेंटीना पर दबाव जरूर बढ़ा, लेकिन टीम ने धैर्य बनाए रखा और अंत तक मुकाबले में बनी रही।
मेसी ने दो असिस्ट से पलट दी बाजी
84वें मिनट तक इंग्लैंड जीत की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, लेकिन इसके बाद लियोनेल मेसी ने अपनी शानदार प्लेमेकिंग का प्रदर्शन किया। 85वें मिनट में मेसी के बेहतरीन असिस्ट पर एंजो फर्नांडीज ने गोल कर अर्जेंटीना को 1-1 की बराबरी दिलाई। निर्धारित 90 मिनट के बाद मिले 9 मिनट के अतिरिक्त समय में मेसी ने एक और शानदार असिस्ट किया, जिस पर मार्टिनेज ने 92वें मिनट में गोल कर अर्जेंटीना को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। गोल न करने के बावजूद मेसी ने दो असिस्ट के दम पर मैच का रुख बदल दिया और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इसी के साथ उनके फीफा वर्ल्ड कप करियर में असिस्ट की संख्या 12 हो गई, जो एक नया रिकॉर्ड है।
सेमीफाइनल में कायम रहा अर्जेंटीना का दबदबा
वर्ल्ड कप इतिहास में अर्जेंटीना का यह छठा सेमीफाइनल था और टीम ने एक बार फिर जीत हासिल कर अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा। अब फाइनल में अर्जेंटीना का सामना 20 जुलाई को स्पेन से होगा, जबकि इंग्लैंड की टीम 19 जुलाई को तीसरे स्थान के मुकाबले में फ्रांस के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
