FIFA: गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे मेसी, 4-4 गोल के साथ दूसरे नंबर पर ये दो खिलाड़ी
गोल्डन बूट की दौड़ में फिलहाल लियोनल मेसी सबसे आगे हैं। हालांकि मेसी की राह आसान नहीं है। किलियन एमबाप्पे और एर्लिंग हालंद लगातार उनके करीब बने हुए हैं।

फीफा विश्व कप 2026 में जहां टीमें नॉकआउट चरण में जगह पक्की करने के लिए कड़ी टक्कर दे रही हैं, वहीं गोल्डन बूट की दौड़ भी दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुकी है। टूर्नामेंट में अब तक 94 अलग-अलग खिलाड़ी गोल कर चुके हैं। इस सूची में पहले जॉर्डन के निजार अल रशदन 92वें गोल स्कोरर बने, इसके बाद अल्जीरिया के नाधिर बेनबुआली 93वें और फिर अमीन गोइरी 94वें खिलाड़ी के रूप में अपना नाम दर्ज कराने में सफल रहे।
गोल्डन बूट की दौड़ में फिलहाल लियोनल मेसी सबसे आगे हैं। अर्जेंटीना के कप्तान ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागकर टूर्नामेंट में अपने कुल गोलों की संख्या पांच तक पहुंचा दी। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया और गोल्डन बूट की रेस में बढ़त बना ली।
हालांकि मेसी की राह आसान नहीं है। किलियन एमबाप्पे और एर्लिंग हालंद लगातार उनके करीब बने हुए हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अब तक चार-चार गोल किए हैं और अपनी-अपनी टीमों के लिए निर्णायक भूमिका निभाई है।
इराक के खिलाफ दो गोल करने वाले एमबाप्पे ने गोलों की संख्या चार तक पहुंचा दी, जबकि हालंद ने सेनेगल के खिलाफ दो बार गेंद को जाल में भेजकर अपने खाते में चार गोल दर्ज किए। मेसी, एमबाप्पे और हालंद तीनों ही अपनी टीमों के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं और नॉकआउट मुकाबलों में भी इनसे बड़ी उम्मीदें होंगी।
गोल्डन बूट स्टैंडिंग (टॉप 5 स्कोरर)
लियोनल मेसी, अर्जेंटीना, 5
किलियन एमबाप्पे, फ्रांस, 4
एर्लिंग हालंद, नॉर्वे, 4
डेनिज उंडाव, जर्मनी, 3
जोनाथन डेविड, कनाडा, 3
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
