फीफा विश्व कप: जीत के साथ आगाज करना चाहेगा स्पेन, अन्य मुकाबलों में उरुग्वे-मिस्र, मोरक्को-ईरान की होगी भिड़ंत

फीफा विश्व कप के मुकाबले में आज स्पेन का सामना मौजूदा यूरोपीय चैम्पियन पुर्तगाल से होगा। इसके अलावा ईरान का मुकाबला मोरक्को से और उरुग्वे, मिस्र से भिड़ेगा।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

आईएएनएस

फुटबॉल विश्व कप में आज 3 मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय समयानुसार पहला मैच शाम 5:30 बजे से लुझनिकी स्टेडियम में मिस्र और उरुग्वे, दूसरा रात 8:30 बजे से सेंट पीटर्सबर्ग स्टेडियम में मोरक्को और ईरान और तीसरा रात 11:30 बजे से सोच्ची में पुर्तगाल और स्पेन के बीच खेला जाएगा।

फीफा विश्व कप के ग्रुप बी के एक रोमांचक मुकाबले में आज स्पेन का सामना मौजूदा यूरोपीय चैम्पियन पुर्तगाल से होगा। कोच से जुड़े विवादों के बीच स्पेन की टीम स्टार फारवर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नेतृत्व वाली पुर्तगाल को हराकर टूर्नामेंट की शुरुआत करना चाहेगी।

फीफा विश्व कप शुरू होने से एक दिन स्पेन ने अपने मुख्य कोच जुलेन लोपतेगुई को बर्खास्त कर दिया और उनकी जगह टीम के खेल निदेशक फर्नाडो हिएरो को मुख्य कोच का पद सौंपा।

स्पेन को खिताब जीतने को प्रबल दोवेदार माना जा रहा था लेकिन कोच को लेकर उठे विवाद के बाद प्रशंसकों के मन में संशय पैदा हो गया है। हालांकि, टीम के कप्तान सर्गियो रामोस ने प्रशंसकों से कहा कि उनकी इस टूर्नामेंट में एकजुट होकर खेलेगी।

रामोस ने ट्वीट किया, “हम स्पेन हैं, हम अपने बैज, अपने रंग, अपने समर्थकों और अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। हमारी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी कल, आज और कल आपके लिए है। हम एक साथ हैं।”

विवादों के बावजूद कोई भी टीम दक्षिण अफ्रीका में हुए 2010 फीफा विश्व कप की विजेता को कमतर नहीं आंकना चाहेगा। स्पेन की टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है। स्पेन के पास हर पोजीशन पर खेलने के विश्वस्तरीय खिलाड़ी मौजूद हैं और टीम अभी भी गेंद पर नियंत्रण बनाकर खेलना पसंद करती है।

स्पेन के पस गोलपोस्ट में डेविड डि गिया है, तो वहीं डिफेंस में जेरार्ड पीके, सर्गियो रामोस, सेजार अजपिलिकुएटा जैस दमदार खिलाड़ी। मिडफील्ड में आंद्रेस इनिएस्ता, सर्गियो बुस्क्वेट्स और डेविड सिल्वा का अनुभव टीम के लिए संजीवनी बूटी का कार्य करेगा। फारवर्ड लाइन की जिम्मेदारी मार्को असेंसियो, डिएगो कोस्टा और लुकस वाजक्वेज के कंधों पर होगा।

दूसरी ओर, 2016 में पहली बार यूरोपीय चैम्पियंशिप का खिताब अपने नाम करने वाली पुर्तगाल अपने कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दम पर स्पेन को हराकर सबको चौंकाना चाहेगी। 33 वर्षीय रोनाल्डो का यह अंतिम विश्व कप भी हो सकता है, ऐसे में वह इस ट्रॉफी को जीतकर फुटबाल के इतिहास में हमेशा के लिए अमर होना चाहेंगे।

कोच फर्नान्डो सांतोस के मार्गदर्शन में पुर्तगाल का हालिया प्रदर्शन भी शानदार रहा है और टीम रोनाल्डो में अलावा अन्य खिलाडियों का प्रदर्शन भी बेहतर हुआ है। सांतोस के मार्गदर्शन में पुर्तगाल ने 24 में से कुल 20 मैच जीते हैं जबकि केवल एक में उसे हार का सामना करना पड़ा है। पुर्तगाल की मिडफील्ड एवं फारवर्ड लाइन दमदार है लेकिन डिफेंस में टीम पेपे एवं जोसे फोंते की फिटनेस टीम के लिए चिंता का विषय हो सकती है।

रोनाल्डो के अलावा प्रशंसकों की नजरें बर्नाडो सिल्वा, रिकाडरे क्वारेसमा और आंद्रे सिल्वा जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर होगी।

मोरक्को से भिड़ेगा ईरान:

एशिया की सबसे मजबूत फुटबॉल टीम मानी जाने वाली ईरान अपने पहले मैच में मोरक्को से भिड़ेगी। दोनों टीमें ग्रुप-बी के पहले मैच में सेंट पीटर्सबर्ग स्टेडियम में एक दूसरे के सामने होंगी। ईरान अपने स्टार खिलाड़ी सइद एजातोलाही के बिना मैदान पर उतरेगी। उन पर दो मैचों का प्रतिबंध है।

फीफा की अनुशासन समिति ने पिछले साल 31 अगस्त को सियोल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेले गए क्वालीफाइंग मैच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने को लेकर अक्टूबर में एजातोलाही पर दो मैचों का प्रतिबंध लगा दिया था।

ईरान को हालांकि विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में बिल्कुल परेशानी नहीं हुई। एशियाई क्वालीफाइंग के दूसरे और तीसरे दौर में तो वो बिल्कुल आसानी से पार हो गई। 18 क्वालीफाइंग मैचों में उसने सिर्फ पांच गोल खाए। मेहदी तारेमी तथा अक्षण डेजागह की चोट भी उसके लिए परेशानी का सबब है। मोरक्को नाबिल दिरार के फिट होने की उम्मीद लगाए बैठा है। यह ईरान का पांचवां विश्व कप है, लेकिन अभी तक ग्रुप स्टेज को पार करना उसके लिए चुनौती बना हुआ है।

वहीं मोरक्को पिछले 18 मैचों से अपराजित है। फीफा रैंकिंग में 42वें नंबर पर काबिज मोरक्को एकमात्र ऐसी टीम है जिसने विश्व कप के अपने क्वालीफाइंग अभियान के दौरान छह मैचो में एक भी गोल नहीं खाया था। टीम ने पिछले साल गेबन को 3-0 से मात देकर 20 साल बाद विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया था।

आज उरुग्वे-मिस्र भी होंगे आमने-सामने:

उरुग्वे और मिस्र आज यहां के एकातेरिना स्टेडियम में फीफा विश्व कप के दूसरे मैच में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। ग्रुप-ए के इस मैच में दोनों टीमों की ख्वाहिश विश्व कप की शुरुआत जीत के साथ करने की होगी।

मिस्र ने लगभग 28 साल बाद विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है। मैच से पहले उसके स्ट्राइकर मोहम्मद सलाह के खेलने पर संशय भी समाप्त हो गया है। टीम के कोच ने कहा है कि सलाह कल मैदान पर उतरेंगे।

दो बार की विश्व विजेता उरुग्वे के रूप में मिस्र के सामने बड़ी चुनौती है। ऊरुग्वे ने बीते दो विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। 2010 में खेले गए विश्व कप में तो इस दक्षिण अमेरिकी देश ने चौथा स्थान हासिल किया था। 2014 में ब्राजील में हालांकि टीम अंतिम-16 से ही बाहर हो गई थी। उस विश्व कप से इस विश्व कप में उरुग्वे की टीम ज्यादा अनुभवी है, हालांकि टीम का दारोमदार एक बार फिर स्टार स्ट्राइकर लुइस सुआरेज पर है। वहीं एडिसन कवानी सुआरेज के साथ जिम्मेदारी साझा करेंगे।

उरुग्वे के पास अपने इतिहास को बदलने का मौका है। वह 1970 के बाद से कभी भी विश्व कप की शुरुआत जीत के साथ नहीं कर पाई। इस बार उसके सामने उससे कमजोर विपक्षी तो हो सकता है कि उरुग्वे इस इतिहास को यहीं तक ही सीमित कर दे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 15 Jun 2018, 11:29 AM