फीफा विश्व कप 2026: मेसी, रोनाल्डो, नेमार, लुका और मूलर, इन 5 दिग्गजों के करिश्मे को देखने का आखिरी मौका
फीफा विश्व कप शुरू होने का इंतजार जिस बेसब्री से फैंस कर रहे हैं, उतनी ही मायूसी भी उनके दिल में है। मायूसी की वजह इस विश्व कप का उन 5 दिग्गज खिलाड़ियों का संभवतः आखिरी विश्व कप होना है, जिन्होंने लंबे समय तक फुटबॉल की दुनिया पर राज किया है।

फीफा विश्व कप 2026 के रोमांचक सफर की शुरुआत में बस कुछ ही घंटे शेष रह गए हैं। तीन देशों (अमेरिका, कनाडा, और मेक्सिको) में आयोजित हो रहा यह अब तक का सबसे बड़ा विश्व कप है। इसमें 48 देश भाग ले रहे हैं और कुल 104 मैच खेले जाने हैं। विश्व कप के शुरू होने का इंतजार जिस बेसब्री से फैंस कर रहे हैं, उतनी ही मायूसी भी उनके दिल में है। फैंस के मायूस होने की वजह इस विश्व कप का उन 5 दिग्गज खिलाड़ियों का संभवतः आखिरी विश्व कप होना है, जिन्होंने अपने करिश्माई और साहसिक खेल से लगभग डेढ़-दो दशक से फुटबॉल की दुनिया पर राज किया है और फैंस को अनगिनत रोमांचक यादें दी हैं। आइए जानते हैं उन 5 खिलाड़ियों के बारे में जिनका यह आखिरी विश्व कप हो सकता है।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो: 41 साल के हो चुके पुर्तगाल के स्टार फॉरवर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपना छठा विश्व कप खेलने के लिए तैयार हैं। उनकी उम्र को देखते हुए यह उनका आखिरी विश्व कप माना जा रहा है। पिछले दो दशक में अपने करिश्माई खेल से खुद को महानतम फुटबॉलर के रूप में स्थापित करने वाले रोनाल्डो का आखिरी सपना पुर्तगाल को विश्व चैंपियन बनाना है। 2026 उनके लिए आखिरी मौके की तरह है और वह विश्व कप जीतने के सपने को इस आखिरी मौके पर जरूर पूरा करना चाहेंगे। वर्ल्ड कप ही एकमात्र ऐसी बड़ी ट्रॉफी है, जो रोनाल्डो के पास नहीं है। रोनाल्डो पुर्तगाल के लिए 228 मैचों में 143 गोल कर चुके हैं।
लियोनेल मेसी: अर्जेटीना को अपनी कप्तानी में विश्व कप 2022 में चैंपियन बनाने वाले मेसी 24 जून को 39 साल के हो जाएंगे। फीफा विश्व कप 2030 तक वह 43 साल के हो जाएंगे। ऐसे में फीफा विश्व कप 2026 उनके करियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है। मेसी को सर्वकालिक महान फुटबॉलर माना जाता है। वह मौजूदा समय के सबसे लोकप्रिय फुटबॉलरों में से एक हैं। अपने आखिरी विश्व कप में वह एक बार फिर से अर्जेटीना को चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे।
लुका मोड्रिक: क्रोएशिया को अपनी कप्तानी में विश्व कप 2018 के फाइनल में पहुंचाने वाले लुका मोड्रिक 40 साल के हो चुके हैं। मोड्रिक ने क्रोएशियाई फुटबॉल को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई है। मिडफील्ड के जादूगर माने जाने वाले मोड्रिक अपने आखिरी विश्व कप को यादगार बनाने की पूरी कोशिश करेंगे।
नेमार: ब्राजील की तरफ से सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल का रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले स्टार खिलाड़ी नेमार का करियर इंजरी से बुरी तरह प्रभावित रहा है। फीफा विश्व कप में ब्राजील के पहले मैच में उनकी उपलब्धता इंजरी की वजह से संशय में है। इंजरी की वजह से ही 34 वर्षीय नेमार के लिए फीफा विश्व कप 2026 को उनका आखिरी विश्व कप माना जा रहा है। नेमार दुनिया भर में गेंद को खिलाड़ियों के बीच से लेकर आगे बढ़ने और उसे गोल में बदलने के लिए मशहूर रहे हैं। अपने आखिरी विश्व कप में नेमार 2002 के बाद से विश्व कप नहीं जीत सकी ब्राजील को चैंपियन बनाना चाहेंगे।
थॉमस मुलर: जर्मनी को 2014 में विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले थॉमस मुलर 36 साल के हो चुके हैं। दबाव में भी बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए अपनी पहचान बनाने वाले मुलर का भी यह आखिरी विश्व कप हो सकता है।
इन पांचों दिग्गजों को विश्व कप में गेंद के साथ करिश्मा करते हुए देखने का यह आखिरी अवसर है, और फैंस निश्चित रूप से इस मौके को नहीं चूकना चाहेंगे।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
