FIFA World Cup 2026: फुटबॉल का सबसे बड़ा महाकुंभ आज से होगा शुरू, 48 टीमें और 104 मैचों के साथ बनेगा नया इतिहास

FIFA World Cup 2026 आज से शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी और 104 मुकाबले खेले जाएंगे। रिकॉर्ड प्राइज मनी वाले इस विश्व कप में लियोनेल मेसी पर दुनियाभर की निगाहें रहेंगी।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में शामिल फीफा विश्व कप 2026 का इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट आज से शुरू होगा और कई नए रिकॉर्ड अपने नाम करेगा। पहली बार विश्व कप में 48 टीमें हिस्सा लेंगी, 104 मुकाबले खेले जाएंगे और 16 शहर इस वैश्विक फुटबॉल महोत्सव की मेजबानी करेंगे। यही वजह है कि इसे फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा विश्व कप माना जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में शकीरा समेत कई कलाकारों होंगे शामिल

विश्व कप का उद्घाटन 11 जून को मैक्सिको सिटी में होगा। पहले मुकाबले से पहले भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगीत और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां अपनी प्रस्तुति देंगी। समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण शकीरा होंगी। उनके अलावा बर्ना बॉय, जे बाल्विन, डैनी ओशन, बेलिंडा, लिला डाउन्स, लॉस एंजिलिस अजुलेस और माना भी मंच पर नजर आएंगे। ये कलाकार फीफा विश्व कप 2026 के आधिकारिक एल्बम के गीतों को लाइव परफॉर्म करेंगे।

इस बार टूर्नामेंट की सबसे बड़ी खासियत टीमों की संख्या में बढ़ोतरी है। 1930 में शुरू हुए विश्व कप के इतिहास में पहली बार 32 की जगह 48 टीमें हिस्सा लेंगी। इससे दुनिया के अधिक देशों को वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही मुकाबलों की संख्या भी 64 से बढ़कर 104 हो गई है, जिससे फुटबॉल प्रेमियों को पहले से कहीं ज्यादा रोमांच देखने को मिलेगा।


रिकॉर्ड प्राइज मनी ने बढ़ाया टूर्नामेंट का आकर्षण

फीफा ने इस बार पुरस्कार राशि में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी की है। टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को 50 मिलियन डॉलर, उपविजेता को 33 मिलियन डॉलर, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 29 मिलियन डॉलर और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 27 मिलियन डॉलर दिए जाएंगे। कुल प्रदर्शन-आधारित प्राइज मनी 655 मिलियन डॉलर निर्धारित की गई है।

दिलचस्प बात यह है कि विश्व कप में हिस्सा लेने वाली हर टीम को 10 मिलियन डॉलर की क्वालिफिकेशन राशि और 2.5 मिलियन डॉलर की तैयारी सहायता मिलेगी। यानी अंतिम स्थान पर रहने वाली टीम भी लगभग 21.5 मिलियन डॉलर, यानी करीब 205 करोड़ रुपये लेकर घर लौटेगी। आर्थिक पैमाने पर देखें तो फीफा विश्व कप और क्रिकेट विश्व कप के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है। 2023 क्रिकेट विश्व कप की कुल पुरस्कार राशि करीब 10 मिलियन डॉलर थी, जबकि फीफा विश्व कप 2026 में केवल विजेता टीम को ही 50 मिलियन डॉलर मिलने वाले हैं।

मेसी पर होंगी निगाहें, क्या टूटेगा 96 साल का इतिहास?

फुटबॉल जगत की सबसे बड़ी चर्चा डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और उसके स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी को लेकर है। माना जा रहा है कि यह मेसी के करियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है। यदि अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार खिताब जीतता है तो यह आधुनिक फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाएगा।

विश्व कप का 96 साल का इतिहास बताता है कि ट्रॉफी जीतना कितना मुश्किल रहा है। 1930 से 2022 तक खेले गए 22 संस्करणों में केवल आठ देश ही विश्व चैंपियन बन पाए हैं। ब्राजील सबसे सफल टीम है जिसने पांच बार खिताब जीता है। उसके बाद जर्मनी और इटली ने चार-चार, अर्जेंटीना ने तीन, जबकि उरुग्वे और फ्रांस ने दो-दो बार ट्रॉफी अपने नाम की है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 2026 में कोई नया देश इतिहास रचेगा या फिर एक बार फिर कोई पारंपरिक फुटबॉल महाशक्ति ट्रॉफी उठाएगी।


भारत में कहां और कैसे देख सकेंगे मैच?

भारतीय दर्शक फीफा विश्व कप 2026 के सभी मुकाबलों का प्रसारण जी एंटरटेनमेंट के स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे। हिंदी कमेंट्री के साथ मैच Unite8 Sports 1 और Unite8 Sports 1 HD चैनलों पर उपलब्ध होंगे, जबकि अंग्रेजी कमेंट्री Unite8 Sports 2 और Unite8 Sports 2 HD पर प्रसारित की जाएगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग ZEE5 ऐप और वेबसाइट के जरिए की जाएगी।

हालांकि सभी मुकाबले देखने के लिए दर्शकों को ज़ी के स्पोर्ट्स चैनलों या ZEE5 की सदस्यता लेनी होगी, लेकिन फुटबॉल प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि टूर्नामेंट के आठ बड़े मुकाबले मुफ्त में भी देखे जा सकेंगे। इनमें उद्घाटन मैच, चारों क्वार्टर फाइनल, दोनों सेमीफाइनल और फाइनल शामिल हैं। इन मैचों का सीधा प्रसारण DD Sports पर भी किया जाएगा, जिससे दर्शक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के विश्व कप के सबसे अहम मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia