FIFA: इतिहास रच दिया..., दक्षिण अफ्रीका ने पहली बार नॉकआउट में बनाई जगह, द.कोरिया को 1-0 से हराया

दक्षिण अफ्रीका ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर पहली बार विश्वकप के नॉकआउट दौर में प्रवेश कर इतिहास रच दिया।

फोटो: FIFA
i

फीफा विश्वकप 2026 के ग्रुप चरण के अंतिम मुकाबलों में ग्रुप-ए से बड़ा उलटफेर देखने को मिला। दक्षिण अफ्रीका ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर पहली बार विश्वकप के नॉकआउट दौर में प्रवेश कर इतिहास रच दिया। वहीं, मेक्सिको के खिलाफ हार के बाद चेकिया का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।

ग्रुप चरण के अंतिम दौर में दोनों मुकाबले एक ही समय पर खेले गए। यह व्यवस्था इसलिए की गई थी ताकि किसी भी टीम को दूसरे मैच के नतीजे का लाभ न मिल सके।

63वें मिनट में थापेलो मासेको ने किया शानदार गोल

दक्षिण अफ्रीका और दक्षिण कोरिया के बीच खेले गए मुकाबले का फैसला 63वें मिनट में हुआ, जब थापेलो मासेको ने शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। यही गोल अंत तक निर्णायक साबित हुआ और दक्षिण अफ्रीका ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली।

इस गोल के साथ मासेको ने भी एक खास उपलब्धि हासिल की। 22 वर्ष और 225 दिन की उम्र में गोल करने वाले वह फीफा विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका के लिए गोल करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।

रविवार को कनाडा से होगा अफ्रीका का सामना

जीत के दम पर दक्षिण अफ्रीका ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा और अब राउंड ऑफ 32 में रविवार को लॉस एंजिलिस में सह-मेजबान कनाडा का सामना करेगा। दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया को अगले दौर में पहुंचने के लिए सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत थी, लेकिन टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।

दक्षिण कोरिया पूरे मैच में हावी रहा

आंकड़ों पर नजर डालें तो दक्षिण कोरिया पूरे मैच में हावी दिखाई दिया। टीम ने 69 प्रतिशत समय तक गेंद अपने कब्जे में रखी और 672 सफल पास भी पूरे किए, लेकिन वह अपने अवसरों को गोल में तब्दील करने में नाकाम रही। इसके विपरीत, दक्षिण अफ्रीका ने मिले सीमित मौकों का बेहतरीन फायदा उठाकर यादगार जीत हासिल की।

हालांकि, इस हार के बावजूद दक्षिण कोरिया की नॉकआउट की उम्मीदें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम अब अन्य समूहों के परिणामों का इंतजार करेगी। यदि वह आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में जगह बनाने में सफल रहती है, तो अगले दौर का टिकट हासिल कर सकती है।