FIFA World Cup: जीत के करीब पहुंचकर नीदरलैंड को हाथ लगी निराशा, दाइची के गोल ने टाली जापान की हार
मुकाबले का सबसे अहम पल 88वें मिनट में आया, जब दाइची कामदा ने गोल दागकर जापान को 2-2 की बराबरी दिलाई और अपनी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण अंक सुनिश्चित किया।

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-एफ में नीदरलैंड और जापान के बीच खेला गया मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा और 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। डलास स्टेडियम में खेले गए इस मैच में डच टीम ने दो बार बढ़त हासिल की, लेकिन जापान ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए हर बार स्कोर बराबर कर दिया। मुकाबले का सबसे अहम पल 88वें मिनट में आया, जब दाइची कामदा ने गोल दागकर जापान को 2-2 की बराबरी दिलाई और अपनी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण अंक सुनिश्चित किया।
शुरूआत में नीदरलैंड रही हावी
मैच की शुरुआत में नीदरलैंड्स की टीम जापान के डिफेंस पर हावी नजर आई। नीदरलैंड्स की ओर से एक के बाद एक अटैक किए गए, लेकिन जापान के गोलकीपर जियोन सुजुकी ने कई शानदार बचाव किए। हालांकि, नीदरलैंड्स पहले हाफ में जापान के डिफेंस को भेदने में पूरी तरह से नाकाम रहा और कोई गोल नहीं हो सका।
दूसरे हाफ में आया पहला गोल
दूसरे हाफ की शुरुआत के साथ ही नीदरलैंड्स ने अपना आक्रामक खेल और भी तेज कर दिया। इसका फायदा टीम को अगले पांच मिनट में ही मिल गया। मैच के 50वें मिनट में रयान ग्रावेनबेर्ख की फ्री किक पर नीदरलैंड्स के कप्तान वर्जिल वैन डाइक ने बेहतरीन हेडर लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, जापान ने नीदरलैंड्स की बढ़त को ज्यादा देर बरकरार नहीं रहने दिया। मुकाबले के 57वें मिनट में ही जापान की ओर से ताकेफुसा कुबो ने शानदार मूव बनाते हुए बॉल को केइतो नाकामुरा को पास की। नाकामुरा ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।
64वें मिनट में नीदरलैंड ने फिर ली लीड
हालांकि, नीदरलैंड्स की तरफ से लगातार अटैक जारी रहा और 64वें मिनट में टीम फिर से लीड में आ गई। रयान ग्रावेनर्बर्ख ने मैच में अपना दूसरा असिस्ट करते हुए गेंद को क्रिसेंसियो समरविल को पास दिया। समरविल ने शानदार कर्लिंग शॉट लगाते हुए जापान के गोलकीपर को छकाया और नीदरलैंड्स को मुकाबले में 2-1 से आगे कर दिया।
नीदरलैंड्स की जीत अब पक्की लग रही थी और मुकाबला अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका था। हालांकि, 88वें मिनट में जापान को कॉर्नर मिल गया। कोकी ओगावा का शॉट दाइची कामदा पर पहुंचा और उन्होंने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ ही जापान ने स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद मैच में कोई और गोल नहीं लग सका।
दोनों टीमों को मिला एक-एक अंक
इस ड्रॉ के साथ नीदरलैंड और जापान दोनों ने अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत एक-एक अंक के साथ की। ग्रुप-एफ में आगे की लड़ाई देखते हुए दोनों टीमों के लिए यह अंक महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
