ओलंपिक स्वर्ण विजेता पूर्व हॉकी खिलाड़ी रविंदर पाल सिंह का कोरोना से निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस

1980 ओलिंपिक में गोल्ड जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे रविंदर पाल सिंह ने 1984 के लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व किया था। उसके पहले उन्होंने 1979 में हॉकी का जूनियर वर्ल्ड कप भी खेला था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ रहा है। इस महामारी की चपेट में अब खिलाड़ी भी आ रहे हैं। हाल ही में भारत के पूर्व हॉकी प्लेयर रविंदर पाल सिंह का कोरोना से निधन हो गया है। आपको बता दें, रविंदर पाल सिंह की कोरोना से जंग 2 हफ्ते से जारी थी, जिसने आखिरकार उनका जीवन लील लिया। रविंदर पाल सिंह ने शनिवार सुबह लखनऊ में अंतिम सांस ली। वो 65 साल के थे।

आपको बता दें, भारत के पूर्व हॉकी खिलाड़ी को 24 अप्रैल को लखनऊ के विवेकानंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। खबरों की माने तो वो कोरोना से उबर चुके थे और उन्हें गुरुवार को नॉन कोविड वॉर्ड में शिफ्ट भी कर दिया गया था। लेकिन, शुक्रवार को उनकी तबीयत फिर से अचानक खराब हुई, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर डाला गया।

1980 ओलिंपिक में गोल्ड जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे रविंदर पाल सिंह ने 1984 के लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व किया था। उसके पहले उन्होंने 1979 में हॉकी का जूनियर वर्ल्ड कप भी खेला था। सीतापुर में जन्में और सेंटर हाफ पोजिशन से खेलने वाले भारतीय हॉकी प्लेयर ने ओलिंपिक के अलावा चैंपियंस ट्रॉफी, सिल्वर जुबली 10 नेशन कप, 1982 के वर्ल्ड कप और 1982 के एशिया कप जैसे बड़े हॉकी टूर्नामेंट में भी शिरकत किया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia