खेल: पूर्व शूटरों ने जसपाल राणा के निधन को देश की बड़ी क्षति बताया और 'किसी से भी हारो, पाकिस्तान से नहीं'
शूटिंग के दिग्गज खिलाड़ी और कोच रहे जसपाल राणा के असामयिक निधन से भारतीय खेल जगत सदमे में है। भारतीय टीम की बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा है कि हम किसी भी टीम से हार सकते हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ हार मंजूर नहीं है।

'उनके जैसा कोई कोच नहीं है', पूर्व शूटरों ने जसपाल राणा के निधन को देश की बड़ी क्षति बताया
शूटिंग के दिग्गज खिलाड़ी और कोच रहे जसपाल राणा के असामयिक निधन से भारतीय खेल जगत सदमे में है। 49 साल के राणा का निधन भारतीय खेलों के लिए बड़े नुकसान के रूप में देखा जा रहा है। उनका निधन शुक्रवार की सुबह दिल्ली में हुआ था। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर उनके देहरादून स्थित घर पर ले जाया गया, जहां उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
जसपाल राणा का अंतिम संस्कार शनिवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाना है। इसके लिए उनके परिजन निजी विमान ने उनका पार्थिव शरीर वाराणसी लेकर आ रहे हैं। वाराणसी एयरपोर्ट पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी और उसके बाद मणिकर्णिका के लिए अंतिम यात्रा निकलेगी।
वाराणसी एयरपोर्ट पर जसपाल राणा के पार्थिव शरीर के आने का इंतजार उनके साथी और सीनियर रहे कई पूर्व खिलाड़ी कर रहे हैं। आईएएनएस से बातचीत में पूर्व खिलाड़ियों ने राणा के निधन को भारतीय खेल जगत के लिए बड़ी क्षति बताया।
'किसी से भी हारो, पाकिस्तान से नहीं': जेमिमा रोड्रिग्स
महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हमेशा से रोमांचक होता रहा है। फैंस बेसब्री से दोनों देशों के बीच होने वाले मैच का इंतजार करते हैं। भारतीय टीम की बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा है कि हम किसी भी टीम से हार सकते हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ हार मंजूर नहीं है।
जेमिमा रोड्रिग्स ने जियोस्टार पर कहा, "मुझे याद है जब मैंने अपना पहला भारत-पाकिस्तान मैच खेला था। ड्रेसिंग रूम में, हरमन दी ने हमसे बात की थी, और कहा था, 'इसे नकारो मत। बाहर से दबाव होता है क्योंकि हम भारत बनाम पाकिस्तान का इतिहास जानते हैं। हम जानते हैं कि फैंस क्या उम्मीद करते हैं।'"
रोड्रिग्स ने कहा, "मेरी बिल्डिंग का वॉचमैन भी कहता है, 'किसी से भी हारो, लेकिन पाकिस्तान से नहीं।' यह उस तरह का दबाव है क्योंकि लोग क्रिकेट को पसंद करते हैं। उन्हें यह प्रतिस्पर्धा पसंद है।"
मध्यक्रम बल्लेबाज ने कहा, "भारतीय टीम एक बड़े लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है, जो टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाना है।"
सिंधू ऑस्ट्रेलिया ओपन के सेमीफाइनल में हारीं, खिताब का इंतजार और लंबा हुआ
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू शनिवार को ऑस्ट्रेलिया बैडमिंटन ओपन के सेमीफाइनल में जापान की शीर्ष वरीय अकाने यामागुची से सीधे गेम में पराजित हो गईं जिससे इस भारतीय खिलाड़ी का बीडब्ल्यूएफ खिताब का इंतजार बरकरार रहा।
दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी सिंधू को यहां तीसरी वरीयता मिली थी। उन्होंने पहले गेम में कड़ी टक्कर दी लेकिन 43 मिनट तक चले मुकाबले में दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी यामागुची से 20-22, 12-21 से हार गईं।
सिंधू के बाहर होने के साथ ही इस बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 500 टूर्नामेंट में भारत का अभियान भी समाप्त हो गया।
सिंधू ने पहले गेम में यामागुची के हर शॉट का डटकर सामना किया। दोनों खिलाड़ियों ने लगातार छह-छह अंक हासिल किए, लेकिन भारतीय खिलाड़ी अपने गेम प्वाइंट को अंक में बदलने में नाकाम रही। यामागुची ने संयम बनाए रखते हुए पहला गेम जीत लिया।
पर दूसरे गेम में खेल का रुख पूरी तरह बदल गया। यामागुची ने लगातार आठ अंक बनाकर 13-6 की बढ़त बना ली और पूरे गेम में अपना दबदबा बनाए रखते हुए आसानी से मैच जीत लिया।
अब जापानी खिलाड़ी महिला एकल के खिताबी मुकाबले में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से भिड़ेंगी।
सुथार का काउंटी क्रिकेट में शानदार आगाज, वारविकशर की ओर से झटके दो विकेट
भारत के लिए टेस्ट में यादगार पदार्पण करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन में वारविकशर की ओर से पदार्पण मैच में यॉर्कशर के खिलाफ पहले दिन दो विकेट हासिल किए।
अफगानिस्तान के खिलाफ इस सप्ताह खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में सात विकेट लेकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने सुथार ने शुक्रवार को यॉर्कशर के खिलाफ 76 रन पर दो विकेट झटके। यॉर्कशर ने दिन का खेल समाप्त होने तक छह विकेट पर 398 रन बनाए थे।
इस 23 साल के गेंदबाज ने अपने काउंटी करियर का पहला विकेट यॉर्कशर के तीसरे क्रम के बल्लेबाज सैम व्हाइटमैन के रूप में लिया। व्हाइटमैन 55 रन बनाकर आउट हुए।
सुथार ने दिन के अंतिम लम्हों में सलामी बल्लेबाज विलियम लक्सटन को पगबाधा आउट कर यॉर्कशर को बड़ा झटका दिया। लक्सटन ने 261 गेंदों पर 167 रन की मैराथन पारी खेली।
सुथार को मौजूदा काउंटी चैम्पियनशिप के अगले दो दौर के लिए वारविकशर ने अनुबंधित किया है। उनके अगले सप्ताह टॉनटन में समरसेट के खिलाफ भी खेलने की संभावना है।
आईपीएल में विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता पर हस्तक्षेप नहीं करेगा बीसीसीआई
हाल में खत्म हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र के दौरान फ्रेंचाइजी की चिंताओं के बावजूद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) विदेशी खिलाड़ियों और उनकी टीम के बीच उनकी उपलब्धता को लेकर कोई मध्यस्थता नहीं करेगा।
बीसीसीआई ने उन विदेशी खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया हुआ है जो नीलामी में खरीदे जाने के बाद टूर्नामेंट से हट जाते हैं। लेकिन दो महीने तक चलने वाले आईपीएल में खिलाड़ियों की उपलब्धता अभी भी एक मुद्दा बनी हुई है।
जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क जैसे खिलाड़ी मामूली चोटों के कारण टूर्नामेंट के शुरूआती हिस्से में उपलब्ध नहीं थे। स्टार्क की अनुपस्थिति का दिल्ली कैपिटल्स पर प्रतिकूल असर पड़ा।
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने प्लेऑफ अभियान के बाद सैम करन के चोट के कारण आईपीएल से हटने के बाद ब्रिटेन में टी20 खेलने पर निराशा व्यक्त की थी। पंजाब किंग्स के सह-मालिक मोहित बर्मन का कहना है कि बीसीसीआई और अन्य बोर्डों को विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता पर बेहतर तालमेल बिठाने की जरूरत है।
संगकारा ने कहा था, ‘‘हमें बताया गया था कि सैम करन को ऐसी चोट लगी है जिससे वह पूरे सत्र के लिए बाहर हो गए हैं। लेकिन मैंने उन्हें सरे के लिए दो-तीन मैच खेलते हुए देखा है। इसलिए यह निराशाजनक था। ’
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
