खेल: साईं सुदर्शन को तीसरे नंबर पर पर्याप्त मौके देंगे गंभीर और स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की फॉर्म भारत के लिए अहम

गौतम गंभीर ने स्पष्ट किया कि साई सुदर्शन को टेस्ट क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के पर्याप्त मौके दिए जाएंगे। डायना एडुल्जी का मानना ​​है कि स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की फॉर्म टी20 विश्व कप में टीम की संभावनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

गंभीर ने दिन के टेस्ट में गुलाबी गेंद के इस्तेमाल के प्रस्ताव का किया समर्थन

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टेस्ट क्रिकेट में खराब रोशनी की स्थिति में गुलाबी गेंद के इस्तेमाल की अनुमति देने के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के फैसले का स्वागत करते हुए शुक्रवार को कहा कि इससे मैच का परिणाम हासिल करने का मौका मिलेगा।

आईसीसी बोर्ड की हालिया बैठक में यह निर्णय लिया गया कि दोनों टीमों की सहमति होने पर सामान्य टेस्ट मैचों में गुलाबी गेंद के उपयोग का परीक्षण किया जा सकेगा, ताकि खराब रोशनी की आशंका होने पर अधिक से अधिक खेल संभव हो सके।

यह पता चला है कि मैच की शुरुआत पारंपरिक लाल गेंद से होगी, लेकिन अगर रोशनी की समस्या उत्पन्न होती है तो फ्लडलाइट (दुधिया रोशनी) में गुलाबी गेंद का उपयोग किया जाएगा, जिससे उन ओवरों की भरपाई की जा सके

गंभीर ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से पहले कहा, ‘‘मुझे यह फैसला पसंद है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि अगर मैच का परिणाम निकालने का अवसर मौजूद है तो उसे हर हाल में किया जाना चाहिए।”

यह नया नियम एक अक्टूबर से लागू होगा। गंभीर के समर्थन के पीछे एक व्यवहारिक कारण भी है। भारत को फरवरी-मार्च में घरेलू मैदान पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलनी है। श्रृंखला का तीसरा टेस्ट गुवाहाटी और अंतिम टेस्ट रांची में प्रस्तावित है। देश के पूर्वी क्षेत्र के इन शहरों में सूर्यास्त अपेक्षाकृत जल्दी होने के कारण खेल के ओवर प्रभावित हो सकते हैं।

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की फॉर्म भारत के लिए अहम: डायना एडुल्जी

भारत की पूर्व कप्तान डायना एडुल्जी का मानना ​​है कि सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की फॉर्म महिला टी20 विश्व कप में टीम की संभावनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी।

भारत ने विश्व कप से पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मैच की श्रृंखला खेली थी, जिसमें मंधाना और शेफाली अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। भारत यह श्रृंखला 1-2 से हार गया था।

एडुल्जी ने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला बहुत अच्छी नहीं रही लेकिन हमें केवल सलामी जोड़ी के प्रदर्शन पर ही गौर करने की जरूरत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘स्मृति और शेफाली को जल्द से जल्द फॉर्म में वापसी करनी होगी। उनकी फॉर्म भारत की विश्व कप में संभावनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।’’

एडुल्जी ने इस बात को खारिज कर दिया कि भारत को मुश्किल ड्रॉ मिला है जिसमें उसका सामना छह बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों से होगा।


विश्व कप फुटबॉल के दौरान स्टेडियम में फिर से भरने वाली पानी की बोतलें नहीं ला सकेंगे दर्शक

फीफा ने अपनी नीति में ऐन मौके पर बदलाव करते हुए उत्तर अमेरिका में होने वाले फुटबॉल विश्व कप के मैचों में फिर से भरी जाने वाली पानी की बोतलें स्टेडियम में लाने पर रोक लगा दी है।

स्टेडियम आचार संहिता की इंग्लैंड के प्रशंसकों के एक समूह ने कड़ी निंदा की है जिसका कहना है कि फीफा ने आश्वासन दिया था कि भीषण गर्मी के बीच होने वाले टूर्नामेंट में स्टेडियम में मुफ्त पानी की व्यवस्था रहेगी और दर्शक प्लास्टिक की खाली बोतलें ला सकेंगे ।

फ्री लायंस प्रशंसक समूह ने एक बयान में कहा ,‘‘ हमें तो यही लग रहा है कि पैसा कमाने के लिये यह किया जा रहा है ।’’

विश्व कप स्टेडियमों में पानी, सोड़ा और जूस फीफा के पुराने प्रायोजक कोका कोला द्वारा बेचे जायेंगे ।

इस साल विश्व कप में व्हाइट हाउस कार्यबल के कार्यकारी निदेशक एंड्रयू जियुलियानी ने कहा ,‘‘ दर्शक पानी की बोतल किसी पर फेंक सकते हैं और हथियार की तरह उनका इस्तेमाल कर सकते हैं । फीफा ने कल इस फैसले की घोषणा की है लिहाजा मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता ।’’

साईं सुदर्शन को तीसरे नंबर पर पर्याप्त मौके दिए जाएंगे: गंभीर

भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि साई सुदर्शन को टेस्ट क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के पर्याप्त मौके दिए जाएंगे क्योंकि बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के छह मैच में निराशाजनक प्रदर्शन से उनकी क्षमता का आकलन नहीं किया जा सकता है।

सुदर्शन ने अब तक खेले गए छह टेस्ट मैचों में 27.45 के औसत से कुल 302 रन बनाए हैं, लेकिन मुख्य कोच ने कहा कि उन्हें देवदत्त पडिक्कल पर तरजीह दी जाएगी, जो इस स्थान के लिए एक अन्य दावेदार हैं। पडिक्कल ने पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2024 में टेस्ट मैच के बाद से लंबी अवधि के प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व नहीं किया है।

गंभीर ने कहा कि सुदर्शन को इंग्लैंड में तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में खेलना पड़ा और इसे देखते हुए उन्हें बाहर करना अनुचित होगा।

गंभीर ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से पहले पत्रकारों से कहा, ‘‘सच कहूं तो साई को उचित मौका नहीं मिला है। उन्होंने बहुत कम टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत इंग्लैंड में की। हम सभी जानते हैं कि इंग्लैंड में खेलना आसान नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है (722 रन) और हम उन्हें उचित मौका देंगे। मुझे अब भी लगता है कि उन्हें पर्याप्त मौके नहीं मिले हैं।’’


लॉर्ड्स टेस्ट: ओली रॉबिन्सन ने इंग्लैंड को पहली पारी में दिलाई बढ़त, न्यूजीलैंड पिछड़ी

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की पहली पारी 113 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड को पहली पारी के आधार पर 27 रन की अहम बढ़त मिली है।

न्यूजीलैंड को पहली पारी में 113 रन पर समेटने में इंग्लैंड के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन का अहम योगदान रहा। रॉबिन्सन ने 10.5 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट लिए। इसके अलावा, जोश टंग ने 10 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट लिए। गस एटकिंसन को 5 ओवर में 9 रन खर्च कर 2 विकेट मिले।

न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी पर गौर करें तो कीवी टीम पहली पारी में इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना मात्र 29.5 ओवर कर सकी और 113 रन पर सिमट गई। कीवी टीम के लिए नौवें नंबर पर आए काइल जैमिसन ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। इसके अलावा ग्लेन फिलिप्स ने 34 रन बनाए। नाथन स्मिथ ने 15 रन बनाए। न्यूजीलैंड के शीर्ष 6 बल्लेबाज सिर्फ 20 रन का योगदान दे सके।

 इसके पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम टेस्ट के पहले दिन की 140 रन पर सिमट गई थी। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने सर्वाधिक 56 रन बनाए थे। बेन डकेट 19 रन बनाकर दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। इंग्लैंड के भी 6 बल्लेबाज 2 अंकों में नहीं पहुंच सके थे।

 पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia