खेल: अभिषेक को रक्षात्मक खेलते देखकर हैरान हुए गावस्कार और औकिब नबी को भारतीय टीम में चाहते हैं सौरव गांगुली
सुनील गावस्कर ने टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगाकर आलोचकों को चुप कराने के लिए अभिषेक शर्मा की सराहना की। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने औकिब नबी के बेहतरीन प्रदर्शन की तारीफ की है।

अभिषेक को रक्षात्मक खेलते देखकर हैरानी हुई, लेकिन उन्होंने आलोचकों को चुप करा दिया: गावस्कर
भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगाकर आलोचकों को चुप कराने के लिए अभिषेक शर्मा की सराहना की लेकिन साथ ही कहा कि उन्हें इस विस्फोटक बल्लेबाज को रक्षात्मक शॉट खेलते देखकर हैरानी हुई।
अभिषेक इस टूर्नामेंट के दौरान अस्वस्थ भी रहे और तीन मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए। उन्होंने हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की 72 रन की जीत में 30 गेंदों में 55 रन बनाकर फॉर्म में वापसी का संकेत दिया।
गावस्कर ने जियोस्टार से कहा, ‘‘हम जानते हैं कि अभिषेक शर्मा कितने अच्छे बल्लेबाज। जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन की इस पारी से उन्होंने अपने आलोचकों को चुप करा दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अभिषेक ने अपना स्वाभाविक खेल खेलने से पहले कुछ समय लिया। उनकी बल्लेबाजी में एक तरीका था। उन्होंने ऑफ स्पिनर का सम्मान किया, किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया तथा शांत और संयमित तरीके से खेले।’’
गावस्कर ने कहा, ‘‘इस मैच में उन्होंने वास्तव में रक्षात्मक शॉट खेले। उन्होंने कुछ गेंद को रोका भी। मुझे यह देखकर हैरानी हुई क्योंकि हम आमतौर पर अभिषेक को ऐसा करते नहीं देखते हैं।’’
बुमराह, सिराज और मोर्केल के साथ अपने कौशल पर काम कर रहा हूं: अर्शदीप
भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहा कि वह परिस्थितियों से सामंजस्य से बिठाने और बल्लेबाजों पर हावी होने के लिए अब भी अपने सीनियर साथियों जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज से सीख ले रहे हैं।
अर्शदीप ने यहां टी20 विश्व कप के सुपर आठ के मैच में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा तथा केवल 24 रन देकर तीन विकेट लिए।
भारत की 72 रन से जीत के बाद अर्शदीप ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं अपने गेंदबाजी समूह में सबसे युवा हूं। टीम मुझ पर भरोसा दिखाती है। अगर आपको पावर प्ले में दो ओवर फेंकने का मौका मिलता है तो विकेट लेने की संभावना बढ़ जाती है क्योंकि उस समय बल्लेबाज रन बनाने के लिए जोखिम भरे शॉट खेलने की कोशिश करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं (गेंदबाजी कोच) मोर्ने (मोर्केल) के साथ इस पर काम कर रहा हूं कि मैं कैसे सक्रिय रह सकता हूं। मैं कैसे बल्लेबाजों पर हावी हो सकता हूं, परिस्थितियों के अनुसार खुद को कैसे ढाल सकता हूं और अपने खेल में कैसे बदलाव ला सकता हूं। मेरा साथ देने के लिए मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक (पंड्या) भाई जैसे बहुत अच्छे गेंदबाजी सहयोगी हैं।’’
व्यक्तिगत नहीं टीम का प्रदर्शन महत्व रखता है: कैगिसो रबाडा
कैगिसो रबाडा टी20 विश्व कप में अभी तक वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जैसा वह चाहते थे लेकिन दक्षिण अफ्रीका का जीत का सिलसिला जारी है और इसलिए यह तेज गेंदबाज बड़े लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने से संतुष्ट है।
दक्षिण अफ्रीका की गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ नौ विकेट से जीत के बाद रबाडा ने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत नहीं टीम का प्रदर्शन महत्व रखता है। रबाडा ने अब तक टूर्नामेंट में केवल चार विकेट लिए हैं। वह न्यूजीलैंड, यूएई और भारत के खिलाफ विकेट लेने में नाकाम रहे थे।
उन्होंने सुझाव दिया कि जब तक टीम अच्छा प्रदर्शन करती रहेगी तब तक व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात नहीं की जा सकती है। ऐसी बात बाद में की जा सकती है। रबाडा को क्षेत्ररक्षकों से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला है। अब तक उनकी गेंदबाजी पर चार कैच छूट चुके हैं।
इस बारे में पूछे जाने पर रबाडा ने कहा, ‘‘यही क्रिकेट का खेल है। कई बार चीजें आपके पक्ष में होती है और कई बार नहीं। दुर्भाग्य से अभी ऐसा नहीं हो रहा है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम जीत रहे हैं।’’
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बीच अभी तक शानदार संतुलन देखने को मिला है और उन्होंने बहुत अच्छी तरह से तालमेल बिठाया है। उसके सभी खिलाड़ियों नेअपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई है। अगर डेविड मिलर ने एक मैच में टीम को जीत दिलाई तो कप्तान एडन मार्क्रम ने दूसरे मैच में यही कमाल किया। गेंदबाजों ने भी जरूरत पड़ने पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है, चाहे वो मार्को यानसन हों या लुंगी एनगिडी।
जॉर्जिया वोल का शतक, ऑस्ट्रेलिया ने भारत से लगातार 12वीं वनडे श्रृंखला जीती
जॉर्जिया वोल के आकर्षक शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को यहां मौजूदा चैंपियन भारत को दूसरे महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 83 गेंद शेष रहते हुए पांच विकेट से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल की।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 251 रन बनाए। प्रतिका रावल की 81 गेंद पर खेली गई 52 रन की पारी से भारत ने अच्छी शुरुआत की। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके लगाए। भारतीय टीम हालांकि बीच के ओवरों में लड़खड़ा गई। इसके बाद हरमनप्रीत ने 70 गेंद पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया ने मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गई जॉर्जिया वोल (82 गेंद पर 101 रन, 13 चौके, एक छक्का) और फीबी लिचफील्ड (62 गेंद पर 80 रन) की उम्दा पारियों की मदद से 36.1 ओवर में पांच विकेट पर 252 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे श्रृंखला में अपना शानदार रिकॉर्ड जारी रखा। ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक भारत के खिलाफ सभी 12 द्विपक्षीय वनडे श्रृंखलाएं जीती हैं।
औकिब नबी को भारतीय टीम में मिले मौका, सौरव गांगुली ने बीसीसीआई से की मांग
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में अपने प्रदर्शन से सभी बड़ी टीमों को चौंकाते हुए फाइनल में पहली बार जगह बनाई है। फाइनल मुकाबला कर्नाटक के खिलाफ हुबली में खेला जा रहा है। जम्मू-कश्मीर को फाइनल तक पहुंचाने में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज औकिब नबी का असाधारण योगदान रहा है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने औकिब नबी के बेहतरीन प्रदर्शन की तारीफ की है और बीसीसीआई से उन्हें भारतीय टीम में जगह देने की मांग की है।
सौरव गांगुली ने एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर ने दुनिया को दिखाया है कि कोशिश और इरादा क्या कर सकता है। उन्होंने उस इलाके को उन पर गर्व महसूस कराया है। मुश्किल माहौल लोगों को सख्त बनाता है। आकिब नबी देश के रंग में रंगने की राह पर हैं। गर्मियों में इंग्लैंड से शुरुआत करनी चाहिए।"
अपनी इस पोस्ट में गांगुली ने बीसीसीआई और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को भी टैग किया है।
भारत जुलाई में इंग्लैंड में पांच टी20 और तीन वनडे खेलेगा। यह दौरा 2027 वनडे विश्व कप के लिहाज से अहम है। गांगुली को लगता है कि औकिब को इस दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह दी जानी चाहिए।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia