खेल: गॉल टेस्ट से पहले गिल ने प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ की और मिचेल स्टार्क ने तोड़ा कपिल देव का रिकॉर्ड

भारत इस दौरे पर बाएं हाथ के तीन स्पिनरों रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और कुलदीप यादव के साथ उतर रहा है। टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में स्टार्क कपिल देव से आगे निकल गए हैं।

गॉल टेस्ट से पहले गिल ने प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ की
i

पुरानी गेंद से गुरनूर शानदार लेकिन पिछले कुछ समय में प्रसिद्ध ने अच्छी गेंदबाजी की: गिल

भारत के कप्तान शुभमन गिल ने संकेत दिया है कि शनिवार से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रहे पहले टेस्ट में अनुभवी मोहम्मद सिराज के साथ प्रसिद्ध कृष्णा नई गेंद साझा कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध और युवा गुरनूर बरार में से किसी एक को चुनने को ‘मुश्किल फैसला’ बताया।

भारत इस दौरे पर बाएं हाथ के तीन स्पिनरों रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और कुलदीप यादव के साथ उतर रहा है। वहीं चार तेज गेंदबाजों में सिराज की जगह लगभग तय है।

आकिब नबी दौड़ में नहीं हैं जबकि छह फुट पांच इंच लंबे गुरनूर और उनसे एक इंच छोटे प्रसिद्ध के बीच चयन होना है। प्रसिद्ध सात टेस्ट खेल चुके हैं और उनके नाम 25 विकेट हैं।

पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर गिल ने कहा, ‘‘गुरनूर बरार ने पुरानी गेंद से शानदार गेंदबाजी की है क्योंकि वह अच्छी रफ्तार से उछाल हासिल कर सकते हैं। लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने पिछले कुछ समय में अच्छी गेंदबाजी की है, जैसा कि हमने अभ्यास मैच में देखा। इसलिए यह मुश्किल फैसला है।’’

गिल ने कहा कि यह श्रृंखला जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में प्रसिद्ध और गुरनूर जैसे खिलाड़ियों के लिए अपनी दावेदारी पेश करने का मौका है। बुमराह घुटने की चोट के कारण टीम में नहीं हैं।

हॉकी विश्व कप: 51 साल के पदक के सूखे को खत्म करने उतरेगा भारत

लगातार दो ओलंपिक पदक जीत चुकी भारतीय पुरूष हॉकी टीम शनिवार को वेल्स के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी तो उसका लक्ष्य विश्व कप में 51 साल के पदक के सूखे को खत्म करने के अभियान का शानदार आगाज करके देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस का तोहफा देने का होगा ।

आठ बार के ओलंपिक चैम्पियन भारत ने एकमात्र विश्व कप 1975 में कुआलालम्पुर में पाकिस्तान को हराकर जीता था । इससे पहले 1971 में कांस्य और 1973 में रजत पदक अपने नाम किया था लेकिन पिछले 51 साल में पोडियम पर जगह बनाने में भारतीय टीम नाकाम रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली मौजूदा भारतीय टीम के पास इस बार सबसे सुनहरा मौका है । पूल चरण में भारत (आठवीं रैंकिंग) के सामने जिन टीमों की चुनौती है, उनमें सिर्फ इंग्लैंड (तीसरी रैंकिंग) ही उससे आगे है जबकि पाकिस्तान 12वें और वेल्स 15वें स्थान पर है ।

टूर्नामेंट के नये प्रारूप में हर पूल से शीर्ष दो टीमें दूसरे दौर में जायेंगी जहां उन्हें चार चार टीमों के दो समूहों में बांटा जायेगा और दूसरे पूल की टीमों से इस दौर में सामना होगा । इसमें दूसरी क्वालीफाइड टीम के खिलाफ पिछले दौर के अपने पूल के अंक जोड़े जायेंगे । दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जायेंगी ।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा है कि टीम उसी मानसिकता और तैयारी के साथ उतरेगी जो पिछले दो ओलंपिक में थी ।


मिचेल स्टार्क ने तोड़ा कपिल देव का रिकॉर्ड, डार्विन टेस्ट में बॉलर के नाम जुड़ी एक और बड़ी उपलब्धि

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन मिचेल स्टार्क अपनी लय से जूझते नजर आए और उनकी झोली में सिर्फ एक विकेट आया। हालांकि, स्टार्क ने लिटन दास को आउट करने के साथ ही कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में स्टार्क कपिल देव से आगे निकल गए हैं। स्टार्क के नाम अब क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में 435 विकेट दर्ज हो गए हैं। वहीं, कपिल देव ने टेस्ट क्रिकेट में कुल 434 विकेट चटकाए हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 11वें नंबर पर आ गए हैं।

टेस्ट के पहले दिन स्टार्क ने शादमान इस्लाम को आउट करने के साथ ही कपिल देव के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन चुके हैं। उन्होंने इस मामले में गुरुवार को श्रीलंका के पूर्व गेंदबाज रंगना हेराथ को पीछे छोड़ा था।

कप्तानी का कोई दबाव नहीं; हम चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं: कप्तान रिंकू सिंह

'मेरठ मावेरिक्स' के कप्तान रिंकू सिंह ने अपनी टीम के लगातार अच्छे प्रदर्शन पर पूरा भरोसा जताया है। कप्तान ने कहा है कि उन्हें यूपीटी20 लीग के आने वाले चौथे सीजन में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

 रिंकू सिंह ने गुरुवार को लखनऊ में आयोजित 'कैप्टन्स मीट' में कहा, "हमारी टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। हमने पिछले तीन सीजन में फाइनल खेला है और खिताब भी जीता है। कप्तानी का कोई दबाव नहीं है। हम चुनौतियों का सामना करने के लिए ही बने हैं। मेरी रणनीति बहुत सीधी है: मैं टीम के हर खिलाड़ी से कहता हूं कि जब भी उन्हें मौका मिले, वे बिना किसी दबाव के मैदान पर अपना शत प्रतिशत दें।"

 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों के कप्तानों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आने वाले सीजन के लिए ब्लूप्रिंट और खास पहलों का अनावरण किया। 3 करोड़ रुपए के प्राइज पूल वाले इस 34 मुकाबलों के टूर्नामेंट का प्रसारण दुनिया भर के 150 देशों में लाइव किया जाएगा।

 इस शानदार इवेंट में मंच पर सभी छह फ्रेंचाइजी के लीडर मौजूद थे, जिनमें भुवनेश्वर कुमार (लखनऊ फाल्कन्स), रिंकू सिंह (मेरठ मावेरिक्स), समीर रिजवी (कानपुर सुपरस्टार्स), माधव कौशिक (नोएडा किंग्स), आर्यन जुयाल (गोरखपुर लायंस) और भूपेंद्र यादव (काशी रुद्रास का प्रतिनिधित्व करते हुए) शामिल थे।


डार्विन टेस्ट: बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन ने शतकीय पारी से रचा इतिहास

बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन ने डार्विन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शतक लगाकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। तंजिद ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टेस्ट शतक लगाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए हैं। 

बांग्लादेश के लिए शादमान इस्लाम के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे तंजिद हसन ने 190 गेंदों पर 101 रन की पारी खेली। इस पारी में 8 चौके और 1 छक्का शामिल था। तंजिद अपने शतक के ठीक बाद आउट हो गए, लेकिन उन्होंने न सिर्फ रिकॉर्ड बनाया, बल्कि अपनी टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बता दें कि तंजिद हसन का यह दूसरा टेस्ट है।

 तंजिद की इस पारी ने पूर्व ओपनर हन्नान सरकार के 23 साल पुराने 76 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हन्नान ने 2003 में केर्न्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 76 रन की पारी खेली थी। 

 टी ब्रेक के समय तंजिद ने फॉक्स क्रिकेट पर कहा, "यह मेरे लिए बहुत खास है क्योंकि मैं पहली बार यहां हूं। वे मुझ पर बहुत अलग तरीके से आए, और मैं नॉर्मल क्रिकेट शॉट खेलने और खुद को शांत रखने की कोशिश कर रहा था। मैं ज्यादा कुछ करने की कोशिश नहीं कर रहा था। मैंने बस गेंद को खेला।"

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए