खेल: हार्दिक पंड्या पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना और सुदर्शन ने गिल की काबिलियत को सराहा
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या पर केकेआर के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान क्रिकेट के सामान का गलत इस्तेमाल करने के लिए उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। सुदर्शन का कहना है कि शुभमन गिल मास्टरमाइंड हैं।

हार्दिक पंड्या पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना, गिल्ली गिराने पर एक डिमेरिट अंक मिला
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान क्रिकेट के सामान का गलत इस्तेमाल करने के लिए उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और एक डिमेरिट अंक दिया गया है।
बुधवार को हुए इस मैच के दौरान पंड्या ने निराशा में विकेट की गिल्लियां गिरा दी थीं। उन्हें आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करते हुए पाया गया। ईडन गार्डन्स में हुए इस मैच में मुंबई इंडियंस चार विकेट से हार गई थी। पंड्या ने ‘अपने रन-अप पर वापस जाते समय विकेट की गिल्लियां जोर से गिरा दी थीं।’
आईपीएल ने एक बयान में कहा, ‘‘हार्दिक पंड्या को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया जो ‘मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के सामान और फिटिंग्स का गलत इस्तेमाल’ करने से संबंधित है। ’’
इसमें कहा गया, ‘‘यह घटना मैच की दूसरी पारी के 10वें ओवर की चौथी गेंद पर हुई, जब हार्दिक पंड्या ने अपने रन-अप पर वापस जाते समय विकेट की गिल्लियां गिरा दी थीं। ’’
अनुकूल रॉय श्रीलंका में त्रिकोणीय श्रृंखला के लिये भारत ए टीम में
हरफनमौला अनुकूल रॉय को बृहस्पतिवार को श्रीलंका में होने वाली आगामी त्रिकोणीय श्रृंखला के लिये भारत ए टीम में चुना गया जो सीनियर टेस्ट और वनडे टीम में चुने गए हर्ष दुबे की जगह लेंगे ।
बायें हाथ के बल्लेबाज और स्पिन गेंदबाज रॉय घरेलू क्रिकेट में झारखंड के लिये खेलते हैं और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा हैं ।
बीसीसीआई ने एक बयान में कहा ,‘‘ पुरूष चयन समिति ने आगामी त्रिकोणीय श्रृंखला के लिये भारत ए टीम में अनुकूल रॉय को चुना है । वह हर्ष दुबे की जगह लेंगे जो अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे मैचों के लिये भारतीय टीम में चुने गए हैं ।’’
रॉय अंडर 19 विश्व कप 2018 में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और उन्होंने 14 विकेट लिये थे ।
आगामी श्रृंखला में भारत ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए भाग लेंगे जो नौ से 21 जून तक दाम्बुला में खेली जायेगी ।
वरुण टीम के लिए योगदान देने के लिए दर्द के बावजूद खेल रहे हैं: वॉटसन
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के सहायक कोच शेन वॉटसन ने भारत के ‘मिस्ट्री’ स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की तारीफ की जो अपने बाएं पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर होने के बावजूद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार खेल रहे हैं।
वॉटसन ने कहा कि चक्रवर्ती आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए केकेआर की मुहिम योगदान देने के लिए बेताब हैं।
चक्रवर्ती को आठ मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर के मैच के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय चोट लगी थी। इस कारण वह 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अगला मैच नहीं खेल पाए थे जिसके बाद मुख्य कोच अभिषेक नायर ने उनके फ्रैक्चर की पुष्टि की थी।
लेकिन आरसीबी से हार के बाद केकेआर को बाकी मैच जीतने की जरूरत थी इसलिए चक्रवर्ती पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगातार मैचों में खेलने के लिए वापस आ गए।
वॉटसन ने बुधवार को यहां मुंबई इंडियंस पर मिली चार विकेट की जीत के बाद कहा, ‘‘ मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि वह इस समय रिहैब के किस दौर में हैं। मुझे बस इतना पता है कि वह इस समय थोड़े दर्द के साथ खेल रहे हैं, जिससे पता चलता है कि वह कितने बहादुर हैं, वह केकेआर के लिए योगदान देने के लिए कितने आतुर हैं और वह अभी भी शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। ’’
आरसीबी की निगाहें शीर्ष स्थान पर, सनराइजर्स हैदराबाद की कोशिश पहले क्वालीफायर में जगह बनाने पर
गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जब शुक्रवार को यहां अपने आखिरी आईपीएल लीग मैच में आमने-सामने होंगी तो दोनों की कोशिश शीर्ष दो में जगह बनाने की होगी।
आरसीबी अभी अंक तालिका में 18 अंक लेकर शीर्ष पर है और 10 टीम में उसका नेट रन रेट 1.065 सबसे अच्छा है। शुक्रवार को जीत उसे पहला स्थान और फाइनल में पहुंचने के दो मौके दिला देगी।
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद 13 मैच में 16 अंक से तीसरे स्थान पर है और गुजरात टाइटन्स के बराबर है, लेकिन नेट रन रेट के मामले में पीछे है। सनराइजर्स हैदराबाद का नेट रन रेट 0.350 है जबकि गुजरात टाइटन्स का 0.400 है। शीर्ष दो में जगह बनाने के लिए उसे आरसीबी को बड़े अंतर से हराना होगा और उम्मीद करनी होगी कि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम गुजरात टाइटन्स को हरा दे।
कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। विस्फोटक बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के मेल से आरसीबी ने लगातार दूसरे सत्र में खुद को खिताब के दावेदार के तौर पर साबित किया है।
'वह मास्टरमाइंड हैं और गेम को बहुत अच्छे से समझते हैं', सुदर्शन ने गिल की काबिलियत को सराहा
आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस (जीटी) की ओर से खेलते हुए साई सुदर्शन और शुभमन गिल का प्रदर्शन कमाल का रहा है। जीटी की इस सलामी जोड़ी ने इस सीजन भी अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया है। इस बीच, सुदर्शन ने अपने जोड़ीदार और कप्तान गिल की जमकर तारीफ की है।
सुदर्शन का कहना है कि शुभमन गिल मास्टरमाइंड हैं और वह गेम की परिस्थितियों को बहुत अच्छे से समझते हैं।
सुदर्शन ने जियोहॉटस्टार संग बात करते हुए कहा, "शुभमन एक मास्टरमाइंड हैं। वह गेम को बहुत अच्छे से समझते हैं और तकनीकी रूप से बहुत मजबूत हैं। इससे आपको जो चाहे करने की आजादी मिलती है क्योंकि आप जानते हैं कि शुभमन दूसरे छोर पर हैं। मुझे लगता है कि इसका उल्टा भी होता है। जब गिल गेंदबाजों पर हमला करने की कोशिश करता है, तो उन्हें पता होता है कि मैं वहां हूं और पारी को संभाल सकता हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे को बहुत अच्छे से समझते हैं। हमारे बीच बहुत अच्छा रिश्ता है, हम एक-दूसरे के खेल को बहुत अच्छे से जानते हैं, और उसी हिसाब से बारी-बारी से खेलते हैं।"
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
