वीडियो: क्रिस गेल पर भारी पड़ा अफगानी खिलाड़ी जजाई का तूफान, 6 गेंदो पर 6 छक्के और 12 गेंदों में फिफ्टी

अफगानिस्तान के हजरतुल्‍लाह जजाई एपीएल में छह गेंदों में छह छक्के जड़कर इतिहास रच दिया, लेकिन इसके बावजूद युवराज सिंह का 11 साल पुराना रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए।

फोटो: सोशल मीडिया 
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अफगानिस्तान के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी हजरातुल्लाह जजाई ने अफगानिस्तान प्रीमियर लीग में एक ओवर में 6 छक्के लगाने की उपलब्धि हासिल की है। जजाई के लिए सबसे खुशी की बात यह थी कि उन्होंने यह कारनामा अपने आदर्श क्रिस गेल के सामने कर दिखाया।

खबरों के अनुसार, जजाई ऐसे में क्रिकेट जगत के इतिहास में एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले छठे खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा, टी-20 प्रारूप में इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वह तीसरे खिलाड़ी हैं।

बाल्क लेजेंड टीम के खिलाफ काबुल ज्वानन के लिए खेले गए मैच में जजाई ने यह उपलब्धि हासिल की। इस मैच के बाद एक बयान में उन्होंने कहा, “अपने आदर्श के सामने प्रस्तुति देना मेरे लिए एक बेहतरीन अवसर था। मैं अपना प्राकृतिक खेल खेलने की कोशिश कर रहा था और इस बारे में मैंने सोचा नहीं था।” जजाई ने कहा, “मेरे लिए यह गर्व का पल है। मेरा नाम अब इस क्रिकेट के कई दिग्गजों के साथ जोड़ा जाएगा। मैं इस उपलब्धि के लिए अपने अल्लाह का शुक्रगुजार हूं।”

जजाई ने काबुल ज्वानन की तरफ से खेलते हुए महज 12 गेंद में 50 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने भारत के युवराज सिंह के उस रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली जो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। जजाई ने कुल 14 गेंदों में 62 रन बनाए। हालांकि, इस धुआंधार इनिंग के बावजूद जजाई अपनी टीम को जीत तक नहीं ले जा सके। उनकी इस इनिंग का वीडियो अफगानिस्तान प्रीमियर लीग ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया है।

जजाई से पहले सर गारफील्ड सोबर्स, रवि शास्त्री, युवराज सिंह, हर्शल गिब्स और रॉस व्हिटली यह रिकॉर्ड बना चुके हैं। वैसे खास बात यह है कि जजाई भी लेफ्ट हैंडर हैं और जब वो दनादन छक्के लगा रहे थे तब उनके आदर्श क्रिस गेल भी दूसरी टीम की तरफ से मैदान में मौजूद थे।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia