Paris Olympics: समापन समारोह में मनु भाकर के साथ श्रीजेश होंगे भारत के ध्वजवाहक, IOA का ऐलान

पेरिस 2024 ओलंपिक खेलों के समापन समारोह में पिस्टल शूटर मनु भाकर के साथ हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को संयुक्त ध्वजवाहक के रूप में नामित करने की घोषणा की गई है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने शुक्रवार को पेरिस 2024 ओलंपिक खेलों के समापन समारोह में पिस्टल शूटर मनु भाकर के साथ हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को संयुक्त ध्वजवाहक के रूप में नामित करने की घोषणा की। आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि श्रीजेश आईओए नेतृत्व, जिसमें शेफ डी मिशन गगन नारंग और संपूर्ण भारतीय दल शामिल हैं, के भीतर एक भावनात्मक और लोकप्रिय विकल्प थे। उन्होंने कहा, “श्रीजेश ने दो दशकों से अधिक समय तक विशेष रूप से भारतीय हॉकी और सामान्य रूप से भारतीय खेल की सराहनीय सेवा की है।

पीटी उषा ने कहा कि उन्होंने भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा से बात की है, जिन्होंने गुरुवार को रजत पदक जीतकर लगातार दूसरा ओलंपिक पदक जीता। उन्होंने कहा, “मैंने नीरज चोपड़ा से बात की और जिस सहजता और शालीनता के साथ उन्होंने सहमति व्यक्त की कि श्रीजेश को समापन समारोह में ध्वजवाहक होना चाहिए, उसकी मैं सराहना करती हूं।” “उन्होंने मुझसे कहा, ‘मैडम, अगर आपने मुझसे नहीं पूछा होता, तो भी मैं श्री भाई का नाम सुझाता। यह उनके प्रति अपार सम्मान को दर्शाता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए