खेल: रोहित, सूर्या, शुभमन और श्रेयस पर गौतम गंभीर को कितना भरोसा? और भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने कोरिया को 8-2 से हराया

गौतम गंभीर ने कहा कि जिन चार कप्तानों के साथ उन्होंने काम किया है, उनके साथ उनका यही अनुभव रहा है कि सभी का फोकस भारतीय क्रिकेट पर रहा है। भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दक्षिण कोरिया को 8 -2 से हराया ।

रोहित, सूर्या, शुभमन और श्रेयस की सोच 'टीम फर्स्ट' पर आधारित: गौतम गंभीर
i

रोहित, सूर्या, शुभमन और श्रेयस की सोच 'टीम फर्स्ट' पर आधारित: गौतम गंभीर  

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने गुरुवार को कहा कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ उनका पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी आपसी समझ पारंपरिक रिश्तों से कहीं आगे है और दोनों एक-दूसरे की सोच के बारे में जानते हैं। 

 गौतम गंभीर ने जियोस्टार पर कहा, "रोहित और मेरा रिश्ता सिर्फ कप्तान और कोच का नहीं था। जब रोहित टीम में आए, तो मैं उस समय एक सीनियर खिलाड़ी था, इसलिए रोहित और मेरा रिश्ता तब से है। रोहित मुझे तब से जानते हैं। अक्सर जब आप साथ खेलते हैं, तो चीजें बहुत आसान हो जाती हैं। मैं उनकी और वे मेरी सोच से वाकिफ हैं। कल मेरी सोच कुछ और हो सकती है, कप्तान की सोच कुछ और हो सकती है, लेकिन आखिर में, जो भी टीम के हित में हो, अगर वही आखिरी फैसला है, तो उससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।"

 गंभीर ने कहा कि जिन चार कप्तानों के साथ उन्होंने काम किया है, उनके साथ उनका यही अनुभव रहा है कि सभी का फोकस भारतीय क्रिकेट पर रहा है।

 हेड कोच ने कहा, "मैंने रोहित और सूर्या के साथ काम किया और अब शुभमन और श्रेयस के साथ कर रहा हूं। मैंने जितने भी कप्तानों के साथ काम किया है, सबका पहला इरादा हमेशा टीम को पहले रखना रहा है। मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि मैंने ऐसे चार लोगों के साथ काम किया है, जिन्होंने हमेशा टीम को खुद से ऊपर रखा है।"

अनंतजीत-परिनाज ने स्कीट मिश्रित टीम में ऐतिहासिक कांस्य जीतकर रचा इतिहास

अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज धालीवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई खेलों की स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को ऐतिहासिक कांस्य पदक दिलाया।

यह एशियाई खेलों की मिश्रित टीम स्कीट स्पर्धा में भारत का पहला पदक है। इस कांस्य के साथ भारतीय स्कीट टीम ने महज दो दिन में तीन पदक जीतने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

इस पदक ने भारतीय निशानेबाजी दल को भी कुछ राहत दी क्योंकि इससे पहले दिन में पिस्टल स्पर्धा में एक बार फिर निराशा हाथ लगी। पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम का एक भी निशानेबाज फाइनल में जगह नहीं बना सका और टीम स्पर्धा में भी निराशा हाथ लगी।

तेज हवा के कारण मुश्किल परिस्थिति में अनंतजीत और परिनाज के लिए इस पदक की अहमियत उसके रंग से कहीं ज्यादा थी। अनंतजीत, भवतेग सिंह गिल और मिराज अहमद खान ने बुधवार को पुरुष टीम स्कीट में कांस्य जीता था। इसके बाद परिनाज, राइजा ढिल्लों और महेश्वरी चौहान की महिला तिकड़ी ने स्कीट में कांस्य पदक अपने नाम किया।


सतनाम-सलमान की जोड़ी ने दिलाया पुरुष युगल स्कल्स में भारत का पहला कांस्य

 सतनाम सिंह और सलमान खान ने पुरुष युगल स्कल्स में कांस्य पदक जीतकर भारत को एशियाई खेलों की रोइंग (नौकायन) स्पर्धा में पहला पदक दिलाया।

भारतीय टीम का प्रदर्शन हालांकि महाद्वीपीय खेलों के इतिहास के सबसे खराब प्रदर्शनों में से एक रहा। इस बार भारत का प्रदर्शन 1982, 1994 और 2002 के एशियाई खेलों के बराबर रहा। हांगझोउ एशियाई खेलों में भारत ने रोइंग में पांच पदक जीते थे, जिनमें दो रजत और तीन कांस्य शामिल थे। भारत ने 2010 में चार पदक जीते थे, जिसमें एक स्वर्ण, जबकि 2018 में तीन पदक हासिल किए थे, जिनमें एक स्वर्ण शामिल था।

सतनाम और सलमान की जोड़ी 1,500 मीटर तक दूसरे स्थान पर थी, लेकिन अंतिम 500 मीटर में तीसरे स्थान पर खिसक गई। उसने नागारागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स पर छह मिनट 13.25 सेकंड का समय निकाला।

चीन के यी शूडी और यीदे नी ने छह मिनट 09.37 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। उज्बेकिस्तान के पावेल सोरिन और मेखरोजबेक मामातकुलोव ने छह मिनट 10.49 सेकंड में रेस पूरी कर रजत पदक हासिल किया। भारतीय जोड़ी स्वर्ण पदक विजेताओं से 3.88 सेकंड पीछे रही।

एशियाई खेल हॉकी : भारतीय पुरूष टीम ने कोरिया को 8-2 से हराया

 भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बृहस्पतिवार को दक्षिण कोरिया को 8 -2 से हराया ।

भारत के लिये दिलप्रीत सिंह (10वां, 26वां और 32वां) ने तीन, फॉरवर्ड अभिषेक (14वां और 38वां मिनट) ने दो गोल किये जबकि शिलानंद लाकड़ा (चौथा), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (11वां) और राजिंदर सिंह (60वां) ने एक एक गोल दागा ।

कोरिया के लिये किम जाएहो (42वां) और किम योंगबोक (52वां) ने गोल किये ।

भारत ने इससे पहले इंडोनेशिया को 13 . 1 और श्रीलंका को 16 . 1 से हराया था । अब भारत का सामना 26 सितंबर को जापान से होगा ।


इंडोनेशिया के अभिराम सिंह यादव आईसीसी मुख्य कार्यकारियों की समिति में

इंडोनेशिया क्रिकेट संघ के अभिराम सिंह यादव को बृहस्पतिवार को आईसीसी मुख्य कार्यकारियों की समिति (सीईसी) में चुना गया ।

यादव एसोसिएट सदस्यों के लिये आरक्षित सीईसी की तीन सीटों में से एक लेंगे । फ्रांस के गुरूमूर्ति पलानी को जुलाई में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के बोर्ड में जगह मिली थी ।

आईसीसी ने एक बयान में कहा ,‘‘ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने इंडोनेशिया क्रिकेट संघ के अभिराम सिंह यादव को आईसीसी मुख्य कार्यकारियों की समिति में एसोसिएट सदस्य के रूप में चुना ।’’

यादव जून 2027 में होने वाले अगले चुनाव तक सीईसी में रहेंगे । उन्होंने जर्सी की सारा गोमेरसाल और जर्मनी के विग्नेश शंकरन को हराकर यह पद हासिल किया ।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए