खेल: ICC ने संजू सैमसन को मार्च महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना और PSL ने मुजरबानी पर दो साल का प्रतिबंध लगाया

भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को मार्च महीने के लिए आईसीसी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से नवाजा गया है। पीएसएल ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है।

ICC ने संजू सैमसन को मार्च महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना
i
user

नवजीवन डेस्क

संजू सैमसन मार्च महीने के आईसीसी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने, भारतीय टीम को विश्व चैंपियन बनाने का मिला इनाम

भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को मार्च महीने के लिए आईसीसी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से नवाजा गया है। सैमसन ने मार्च महीने में समाप्त हुई टी20 विश्व कप में लगातार तीन यादगार पारियां खेलते हुए भारतीय टीम को विश्व चैंपियन बनाने में यादगार भूमिका निभाई थी।

पुरस्कार मिलने के बाद आईसीसी के हवाले से सैमसन ने कहा, "आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब जीतना एक जबरदस्त एहसास है, खासकर इसलिए क्योंकि यह मेरे क्रिकेट के सफर के सबसे यादगार दौर में मिला है। पुरुषों के टी20 विश्व कप में भारत की जीत में हिस्सा लेना सच में एक सपना सच होने जैसा था, और उस पल की अहमियत को पूरी तरह समझने में थोड़ा समय लगा।"

उन्होंने कहा, "यह भारतीय क्रिकेट के लिए एक रोमांचक दौर है, जिसमें हर तरफ बहुत प्रतिभाएं हैं। मुझे मिले मौकों और अपने साथियों और कोचिंग स्टाफ के भरोसे और सहयोग के लिए मैं शुक्रगुजार हूं, जिससे मैं अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाया।"

'प्रफुल्ल और साकिब अपने डेब्यू का आनंद लें, यही हमारा प्लान था': वरुण आरोन

सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के तेज गेंदबाजी कोच वरुण आरोन ने सोमवार के राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ डेब्यू करने वाले प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन की जमकर तारीफ की।

एसआरएच के लिए प्रफुल्ल और साकिब को चुनने में अहम भूमिका निभाने वाले वरुण आरोन ने कहा कि दोनों के लिए मेरा संदेश यही था कि वे डेब्यू मैच का आनंद लें और परिणाम के बारे में न सोचें, यही टीम के पक्ष में गया।

मैच के बाद वरुण ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "मेरा उनके लिए बस यही प्लान था कि वे गेम का आनंद लें क्योंकि क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में आप सिर्फ एक बार डेब्यू करते हैं। वे जहां से आए हैं, उसे देखते हुए, उन्होंने आज जो किया वह बहुत बड़ा है, और आपको बस इसका आनंद लेना है। मैच से पहले मेरा बस यही अनुरोध था कि अगर मैंने उन्हें इसका आनंद लेते नहीं देखा, तो मुझे बहुत गुस्सा आएगा। दोनों ने और हम सभी ने सच में डेब्यू का आनंद लिया।"

वरुण ने वैभव सूर्यवंशी का विकेट लेने के लिए प्रफुल के पक्के इरादे की भी तारीफ़ की। मैच से पहले की बातचीत का खुलासा करते हुए, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने कहा, "बातचीत यह थी कि वह राउंड द विकेट जाना चाहता था, और मैंने कहा, ‘नहीं, तुम बस ओवर द विकेट रहो। मुझे यकीन है कि तुम उसे आउट कर दोगे।"


ब्रिटेन में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बाद सूर्यकुमार के भविष्य पर हो सकती है चर्चा

सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने भले ही टी20 विश्व कप के खिताब का सफल बचाव किया हो लेकिन उनकी बल्लेबाजी फॉर्म को देखते हुए सवाल उठने लग गए हैं कि क्या उन्हें 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए टीम में शामिल किया जाएगा या नहीं।

इस संदर्भ में जून-जुलाई में भारत का इंग्लैंड और आयरलैंड का दौरा कप्तान के लिए महत्वपूर्ण होगा क्योंकि उनकी कप्तानी से कहीं अधिक उनकी बल्लेबाजी पर नजर रखी जाएगी।

इस दौरे से यह तय हो सकता है कि क्या उन्हें 2028 में होने वाली बड़ी प्रतियोगिताओं तक टीम में बनाए रखा जाएगा या नहीं। वर्ष 2028 में अमेरिका में ओलंपिक और ऑस्ट्रेलिया में होने वाला टी20 विश्व कप शामिल हैं।

सूर्यकुमार अब भी मुख्य कोच गौतम गंभीर की पहली पसंद बने हुए हैं, जिनका कार्यकाल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले 2028 टी20 विश्व कप तक बढ़ाए जाने की संभावना है।

हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति गंभीर से सहमत होती है या नहीं, क्योंकि ओलंपिक के समय सूर्यकुमार की उम्र लगभग 38 साल हो जाएगी।

पीएसएल ने मुजरबानी पर दो साल का प्रतिबंध लगाया

पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है क्योंकि पीएसएल फ्रेंचाइजी के साथ अनुबंध होने के बावजूद उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने का विकल्प चुना था।

मुजरबानी ने इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ अनुबंध किया था लेकिन आईपीएल की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल होने की पेशकश की जिसके बाद उन्होंने पीएसएल से हटने का फैसला किया।

पिछले टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले मुजरबानी ने अब तक केकेआर के लिए दो मैच खेले हैं और ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चार विकेट लिए थे।


एशेज के दौरान मैकुलम से मतभेद की खबरों को स्टोक्स ने खारिज किया

 इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने एशेज श्रृंखला के दौरान कोच ब्रेंडन मैकुलम से मतभेद की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि यह कहना बेहद अतिशयोक्तिपूर्ण है।

स्टोक्स और मैकुलम 2022 से एक-दूसरे का अच्छा साथ निभा रहे हैं, लेकिन पिछली सर्दियों में ऑस्ट्रेलिया से 4-1 से हारने पर उन्हें गहरा झटका लगा। हार के बाद दोनों ने एक-दूसरे का समर्थन किया, लेकिन एशेज की समीक्षा से तनाव के संकेत मिले।

स्टोक्स संभलकर खेलना चाहते थे जबकि मैकुलम आक्रामक रवैया बरकरार रखना चाहते थे।

स्टोक्स ने एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘यह कहना कि हम एकमत नहीं थे, मुझे लगता है कि यह एक बहुत बड़ी अतिशयोक्ति है। जब आप किसी और के साथ नेतृत्व की स्थिति में होते हैं और तब अगर कोई यह सोचता है कि आप हमेशा हर बात पर सहमत होंगे तो यह बिल्कुल असंभव है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia