ICC T20 रैंकिंग: अभिषेक शर्मा बने नंबर-2, ईशान किशन ने बरकरार रखा नंबर-1 स्थान
आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में अभिषेक शर्मा दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि ईशान किशन ने नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है। भारतीय गेंदबाजों को भी फायदा हुआ।

आईसीसी की ताजा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में भारत के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को अफगानिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन का बड़ा फायदा मिला है। पहले दो टी20 मैचों में 82 और 39 रन की पारियां खेलने के बाद अभिषेक बल्लेबाजों की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, ईशान किशन दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं। दोनों के बीच अब 51 रेटिंग प्वाइंट्स का अंतर है।
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। अभिषेक ने सीरीज के पहले मुकाबले में 82 और दूसरे मैच में 39 रन बनाए। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ दिया। दूसरे टी20 में तूफानी अर्धशतक लगाने वाले संजू सैमसन को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है और वह चार पायदान ऊपर चढ़कर 30वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
भारतीय गेंदबाजों की रैंकिंग में भी बड़ा सुधार
टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजों की रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने बढ़त हासिल की है। वरुण चक्रवर्ती दो स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। जसप्रीत बुमराह ने सात पायदान की छलांग लगाई है और अब 10वें स्थान पर हैं।
अर्शदीप सिंह को 11 स्थान का फायदा हुआ है और वह 14वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन का फायदा अक्षर पटेल को भी मिला। वह छह स्थान ऊपर चढ़कर 27वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई ने भी सीरीज के पहले मैच में नाबाद अर्धशतक लगाने के बाद टी20 इंटरनेशनल ऑलराउंडर रैंकिंग में अपनी स्थिति बेहतर की है।
वनडे रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को फायदा
हरारे में जिम्बाब्वे को सीरीज के पहले मैच में 59 रन से हराने के बाद ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ियों ने वनडे रैंकिंग में अपनी स्थिति सुधारी है।
तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने पांच विकेट लेने के बाद वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में 20 स्थान की छलांग लगाई और अब 20वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, 109 रन बनाकर 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए मैथ्यू रेनशॉ बल्लेबाजों की रैंकिंग में 68वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
कूपर कोनोली ने भी जिम्बाब्वे के खिलाफ नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 51 रन बनाए। इसके बाद वह वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नौ स्थान ऊपर चढ़कर 77वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
टेस्ट रैंकिंग में ओली रॉबिन्सन का करियर बेस्ट
टेस्ट रैंकिंग में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है। पाकिस्तान के खिलाफ हालिया तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 21 विकेट लेने के बाद वह गेंदबाजों की रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
उनके साथी तेज गेंदबाज जोश टंग ने भी सीरीज में 19 विकेट लिए। वह दो पायदान ऊपर चढ़कर 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं, जो उनकी करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
बर्मिंघम में खेले गए तीसरे टेस्ट में रॉबिन्सन की अर्धशतकीय पारी का फायदा उन्हें टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में भी मिला। वह सात स्थान ऊपर चढ़कर 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
पाकिस्तान के सीरीज में 0-3 से हारने के बावजूद कप्तान बाबर आजम टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, शान मसूद आखिरी टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी के बाद चार पायदान ऊपर चढ़कर 37वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
