IND vs PAK: मुकाबले से पहले बारिश का अलर्ट, कोलंबो में बादल बनेंगे विलेन? क्या धुल जाएगा हाई-वोल्टेज मैच?

टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के बीच आज मुकाबा होने वाला है। मैच से पहले कोलंबो में बारिश का अलर्ट जारी हुआ है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

टी20 वर्ल्ड कप में आज भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा।कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाने वाला यह हाई-वोल्टेज मैच पर मौसम की मार पड़ सकती है। श्रीलंका के मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की चेतावनी जारी की है, जिससे मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडराने लगा है।

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव, बढ़ी चिंता

श्रीलंका के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 15 फरवरी के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। इसका असर कोलंबो और आसपास के इलाकों में बादल और बारिश के रूप में दिख सकता है।

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी एक्यूवेदर के मुताबिक, मैच शुरू होने से करीब दो घंटे पहले, यानी शाम 5 बजे हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि खेल के दौरान मौसम मुख्य रूप से बादल वाला रह सकता है। मैच के समय तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और नमी लगभग 70 प्रतिशत रहने का अनुमान है। ऐसे हालात खिलाड़ियों के लिए शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।


सुपर-8 की दौड़ में अहम मुकाबला

यह मैच सिर्फ रोमांच का नहीं, बल्कि टूर्नामेंट की दिशा तय करने वाला भी है। भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें अब तक शानदार फॉर्म में हैं।

भारत ने पहले मैच में अमेरिका को हराया और उसके बाद नामीबिया के खिलाफ 93 रनों की बड़ी जीत दर्ज की। दूसरी ओर पाकिस्तान ने नीदरलैंड और अमेरिका के खिलाफ लगातार दो जीत हासिल कर लय बना ली है।

रविवार को होने वाला यह मुकाबला सुपर-8 चरण की राह आसान करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हार-जीत का असर सीधे अंक तालिका पर पड़ेगा।

भारत का पलड़ा भारी

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत ने पाकिस्तान पर दबदबा बनाए रखा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से 7 बार भारत ने जीत दर्ज की है। पाकिस्तान को इकलौती जीत 2021 के संस्करण में मिली थी।

इतिहास के इस रिकॉर्ड के कारण टीम इंडिया आत्मविश्वास से भरी नजर आती है, जबकि पाकिस्तान की टीम पिछली हारों का हिसाब बराबर करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।


फैंस की नजरें आसमान पर

भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा भावनाओं से जुड़ा होता है। स्टेडियम में बैठने वाले दर्शकों से लेकर टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखने वाले करोड़ों फैंस तक, सभी को इस टक्कर का इंतजार रहता है। लेकिन इस बार रोमांच के साथ मौसम की चिंता भी जुड़ गई है।

अगर बारिश बाधा डालती है तो मुकाबले का समीकरण बदल सकता है। फिलहाल दोनों टीमें तैयारी में जुटी हैं और फैंस दुआ कर रहे हैं कि 15 फरवरी की शाम कोलंबो का आसमान साफ रहे, ताकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला बिना रुकावट पूरा हो सके।