IND vs SL: सोनल के शतक के बावजूद फॉलोऑन नहीं टाल सकी श्रीलंका, दूसरी पारी में भी दो विकेट गंवाए, पारी से हार का खतरा

श्रीलंका ने दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 83 रन बना लिए हैं। मेजबान टीम को पारी की हार से बचने के लिए अभी भी 130 रनों की दरकार है।

सोनल दिनुशा के शतक के बावजूद फॉलोऑन नहीं टाल सकी श्रीलंका, पहली पारी 290 पर सिमटी
i

श्रीलंका को भारत के खिलाफ कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में फॉलोऑन खेलना पड़ा है। टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई। पहली पारी में भारतीय टीम से 213 रन से पिछड़ी श्रीलंका को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा है। श्रीलंका ने दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 83 रन बना लिए हैं। मेजबान टीम को पारी की हार से बचने के लिए अभी भी 130 रनों की दरकार है।

दिनुशा की शानदार पारी 

श्रीलंका ने चौथे दिन की शुरुआत 8 विकेट पर 265 रन से की। आखिरी दोनों विकेट 25 रन जोड़ कर गिर गए। पूरी टीम 290 रन पर सिमट गई। चौथे दिन का मुख्य आकर्षण सोनल दिनुशा का शतक रहा। तीसरे दिन 85 रन पर नाबाद लौटे दिनुशा ने बेहतरीन शतक लगाया। वह 162 गेंदों पर 3 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 103 रन बनाकर आउट हुए। सीरीज में दिनुशा का यह दूसरा शतक है। इसके पहले पसिंदु सोरियाबंदरा ने तीसरे दिन 80 रन की पारी खेली थी।


सारांश जैन ने झटके दो विकेट 

चौथे दिन श्रीलंका के दोनों विकेट अपना पहला टेस्ट खेल रहे सारांश जैन के खाते में गए। सारांश ने दिनुशा के अलावा लाहिरु कुमारा का विकेट लिया। इसके अलावा, प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने 3-3 और सिराज-जडेजा ने 1-1 विकेट लिए।

भारत की पहली पारी 

भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 509 रन बनाकर घोषित की थी। भारत के लिए देवदत्त पड्डिकल ने सीरीज का दूसरा शतक लगाते हुए 117 रन की पारी खेली थी। वहीं, ध्रुव जुरेल ने भी शतक लगाते हुए 177 गेंद पर नाबाद 115 रन बनाए थे। इसके अलावा, ऋषभ पंत ने 63, शुभमन गिल ने 50 और यशस्वी जायसवाल ने 45 रन की पारी खेली थी।

 आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए