खेल: कोलंबो टेस्ट में जीत के करीब भारत और बुमराह की जगह स्टार्क बने नंबर एक टेस्ट गेंदबाज
भारतीय टीम दूसरे टेस्ट मैच में जीत के बेहद करीब है। बुधवार को, चौथे दिन का खेल बारिश के चलते जल्द खत्म हो गया। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अपने करियर में पहली बार आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक गेंदबाज बन गए हैं।

श्रीलंका के स्टंप तक दूसरी पारी में छह विकेट 229 रन
श्रीलंका ने बुधवार को कोलंबो में भारत के खिलाफ फॉलोऑन खेलते हुए दूसरे और अंतिम टेस्ट के चौथे दिन स्टंप तक दूसरी पारी में छह विकेट पर 229 रन बनाकर 16 रन की बढ़त हासिल कर ली। बारिश के कारण दिन का खेल जल्दी समाप्त करना पड़ा।
पहली पारी में 290 रन पर सिमटने वाली श्रीलंका के लिए स्टंप तक सोनल दिनुशा सात रन और केशारा नुवांथा तीन रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
भारत ने पहली पारी नौ विकेट पर 503 रन पर घोषित की थी। भारतीय गेंदबाजों में मानव सुथार ने दो जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, सारांश जैन और रविंद्र जडेजा ने एक एक विकेट झटका।
एशियाई खेलों में 28 सितंबर को अपना अभियान शुरू करेगी भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम जापान में होने वाले एशियाई खेलों में 28 सितंबर से अपने अभियान की शुरुआत करेगी जबकि महिला टीम 18 सितंबर को मेजबान जापान के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी।
भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें वरीयता प्राप्त हैं और सीधे क्वार्टर फाइनल से अभियान शुरू करेंगी। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पुरुष टीम और हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली महिला टीम नागोया के पास कोरोगी एथलेटिक पार्क में होने वाली इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार हैं। भारत ने पिछले सत्र में दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते थे।
महिला वर्ग में भारत के क्वार्टर फाइनल प्रतिद्वंद्वी का फैसला पहले ही हो चुका है जबकि पुरुष टीम का सामना ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा। ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल शामिल हैं।
बुमराह की जगह नंबर एक टेस्ट गेंदबाज बने स्टार्क
बांग्लादेश के खिलाफ आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप श्रृंखला के दूसरे मैच में 10 विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अपने करियर में पहली बार आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक गेंदबाज बन गए हैं।
इस 36 वर्षीय बाएं हाथ के गेंदबाज ने पहली पारी में 12 रन देकर छह और दूसरी पारी में 39 रन देकर चार विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की पारी और 51 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई। इससे उन्होंने न्यूजीलैंड के मैट हेनरी और भारत के जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़कर नंबर एक स्थान हासिल कर दिया। वह इन दोनों तेज गेंदबाजों से 10 रेटिंग अंक आगे हैं।
स्टार्क इससे पहले एक बार दूसरे स्थान पर पहुंचे थे। उन्होंने पिछले साल ‘बॉक्सिंग डे’ टेस्ट के बाद पहली बार दूसरा स्थान हासिल किया था।
मांजरेकर ने अनुशासनहीनता के मामलों में नरमी बरतने के लिए आईसीसी और बीसीसीआई को लताड़ा
भारत के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने युवा खिलाड़ियों वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल से जुड़े अनुशासनहीनता के मामलों से निपटने के तरीके को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि यह दोनों संस्थाएं नरम रवैया अपना रही हैं जिससे खिलाड़ियों को अनुशासनहीनता के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
मांजरेकर ने एक्स पर लिखा, ‘‘आईसीसी और बीसीसीआई, वैभव ने हाल ही में भारत ए के लिए और अब जायसवाल ने (अनुशासनहीनता दिखाई है)। अगर आप उनका इस तरह के व्यवहार में बचाव करते रहेंगे तो आप उन्हें ऐसा व्यवहार दोहराने के लिए प्रशिक्षित कर रहे हैं। यह खेल के लिए अच्छा नहीं है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह उनके भविष्य के लिए भी अच्छा नहीं है।’’
कोलंबो में दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैदान पर हुई कहासुनी के लिए जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। दोनों को एक-एक डिमेरिट अंक भी दिया गया।
दलीप ट्रॉफी: उत्तर क्षेत्र ने पश्चिम क्षेत्र को हराया, सेमीफाइनल में दक्षिण क्षेत्र से भिड़ेगा
बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक और निशांत सिंधु ने पश्चिम क्षेत्र के निचले क्रम के बल्लेबाजों को चौथे दिन सुबह 6.3 ओवरों में ही पवेलियन भेज दिया, जिससे उत्तर क्षेत्र ने 52 रन से जीत हासिल करके दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश किया जहां उसका मुकाबला दक्षिण क्षेत्र से होगा।
पश्चिम क्षेत्र ने टर्न ले रही पिच पर 287 के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम दिन की शुरुआत सात विकेट पर 220 रन से की लेकिन उसकी टीम 234 रन पर सिमट गई।
उर्विल पटेल (25) और भरोसेमंद तनुष कोटियन (00) ने पश्चिम क्षेत्र की पारी आगे बढ़ाई।।
मुश्ताक (22 ओवर में सात रन लेकर चार विकेट) ने जल्दी ही कोटियन को आउट कर दिया और उसके बाद तुषार देशपांडे (05) का विकेट भी लिया। इसके बाद सिंधु ने उर्विल को आउट करके मैच का अंत किया।
मुश्ताक ने मैच में 99 रन देकर नौ विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
