खेल: कोलंबो में भारत की पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित और जायसवाल और फर्नांडो पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना
भारत ने सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित कर दी है। यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो पर मैदान पर हुई झड़प के लिए मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

दूसरा टेस्ट: पड्डिकल के बाद जुरेल का शतक, भारत की पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित
भारत ने सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की। इस पारी में देवदत्त पड्डिकल और ध्रुव जुरेल ने शतक लगाए।
दूसरे दिन के पहले सेशन में पंत एक बार फिर बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ 112 रन जोड़े, लेकिन दूसरे सेशन की पहली ही गेंद (112.1 ओवर) पर केशरा नुवानथा को अपना विकेट दे बैठे। पंत जब आउट हुए, तो उनके खाते में 63 रन थे, जिसमें 2 छक्के और 4 चौके शामिल थे।
125वें ओवर की चौथी गेंद पर टीम ने मानव सुथार (18) का विकेट भी गंवा दिया। भारत ने 131.2 ओवरों में 8 विकेट गंवाकर 475 रन बना लिए थे। इसी बीच बारिश के चलते खेल रोकना पड़ा।
जब खेल फिर से शुरू हुआ, तो 137वें ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद सिराज (3) का विकेट गिरा। सिराज और ध्रुव जुरेल के बीच 31 रन की साझेदारी हुई। 11 गेंदों बाद टीम इंडिया ने अपनी पारी घोषित कर दी।
जुरेल 2 छक्कों और 9 चौकों के साथ 115 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 7 गेंदों में 4 रन टीम के खाते में जोड़े। मेजबान टीम की तरफ से असिथा फर्नांडो ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रभात जयसूर्या और केशरा नुवानथा ने 2-2 विकेट निकाले। लाहिरु कुमारा ने 1 विकेट चटकाया।
जायसवाल और फर्नांडो पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना
भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो पर कोलंबो में दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैदान पर हुई झड़प के लिए मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
दोनों खिलाड़ियों के खाते में एक-एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।
भारत की पहली पारी के 17वें ओवर में फर्नांडो ने जायसवाल को आउट किया जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हुई। जायसवाल फर्नांडो की ओर बढ़े और दोनों ने एक-दूसरे से कुछ कहा। इसके बाद फर्नांडो ने अपना सिर जायसवाल की ओर बढ़ाया। जवाब में जायसवाल भी आगे झुके जिससे दोनों के सिर आपस में टकरा गए।
आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘दोनों खिलाड़ियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और आईसीसी के एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।’’
दोनों खिलाड़ियों को आईसीसी की आचार संहिता के नियम 2.12 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम किसी खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति (अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान दर्शक सहित) के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है।
आईसीसी ने कहा, ‘‘फर्नांडो और जायसवाल के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है जिनका पिछले 24 महीने में कोई पूर्व अपराध नहीं था।’’
नवीन-उल-हक कंधे की चोट से उबरकर अफगान खेमे में लौटे, भारत के खिलाफ टी20 सीरीज खेलेंगे
अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक भारत के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए टीम में लौट आए हैं। नवीन दाहिने कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबरने के बाद इस तीन मुकाबलों की सीरीज का हिस्सा होंगे। नई दिल्ली स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान की मेजबानी में सीरीज के तीन मैच 13, 15 और 17 सितंबर को आयोजित होंगे।
यह सीरीज इब्राहिम जादरान के लिए अफगानिस्तान के फुल-टाइम टी20 कप्तान के तौर पर पहला असाइनमेंट भी होगा। जादरान को राशिद खान के स्थान पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीरीज शुरू होने से पहले तैयारी कैंप के लिए अफगानिस्तान की टीम जल्दी भारत पहुंचेगी।
नवीन को दाहिने कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज और आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होना पड़ा था। अब उनकी वापसी से अफगानिस्तान का तेज गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा।
जूनियर पुरुष चयन समिति के 5 पदों के लिए बीसीसीआई ने मांगे आवेदन
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को अपनी जूनियर पुरुष चयन समिति में पांच पदों के लिए आवेदन मांगे हैं, जिसका मकसद उस पैनल का पुनर्गठन करना है जो आयु-वर्ग के खिलाड़ियों के विकास के रास्ते को आकार देने और 'बेंच स्ट्रेंथ' मजबूत करने के लिए जिम्मेदार है।
बोर्ड के बयान के अनुसार, आवेदन की प्रक्रिया 5 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक खुली रहेगी। नया पैनल मौजूदा समिति की जगह लेगा, जिसके प्रमुख पूर्व तमिलनाडु क्रिकेटर एस. शरथ हैं, जिसमें राणादेब बोस (ईस्ट जोन), हरविंदर सिंह सोधी (नॉर्थ जोन), पथिक पटेल (वेस्ट जोन) और कृष्ण मोहन (सेंट्रल जोन) भी शामिल हैं।
जूनियर क्रिकेट समिति के सदस्य कोचिंग कैंप और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाफ (भारत और विदेश में, सभी फॉर्मेट में) भारत के जूनियर मुकाबलों के लिए अंडर-22 तक की उम्र-वर्ग की टीमों को चुनने के लिए जिम्मेदार होंगे। यह समिति भारत की जूनियर टीमों के लिए एक मजबूत टैलेंट पूल और बेंच स्ट्रेंथ तैयार करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
'मैं उस दोस्त का साथ देना चाहता हूं, जिसके संग खेला': कपिल देव की मांग, इमरान खान के साथ हो मानवीय व्यवहार
भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान का समर्थन करते हुए अपने पुराने दोस्त के साथ मानवीय व्यवहार और उन्हें जरूरी सुविधाएं देने की मांग की है। यह मांग तब की गई,है जब 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर्स ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर जेल में बंद पूर्व नेता के लिए बेहतर हालात की अपील की है।
कपिल ने कहा कि वे समझते हैं कि पाकिस्तानी खिलाड़ी इस मामले पर सार्वजनिक रूप से बोलने से क्यों हिचकिचा सकते हैं, लेकिन मुल्क के बाहर रहने वाले खिलाड़ी अपनी चिंता जाहिर कर सकते हैं।
कपिल ने 'रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप' के लॉन्च के मौके पर पत्रकारों से कहा, "मुझे नहीं लगता कि मैं उन्हें दोष दे सकता हूं, क्योंकि पाकिस्तानी क्रिकेटर्स को पाकिस्तान में ही रहना है, लेकिन हम बाहर से देख रहे हैं। हां, मैं अपने उस दोस्त का समर्थन करना चाहता हूं, जिसके साथ हमने खेला और जिसकी क्रिकेटिंग स्किल्स की हमने तारीफ की। हम बार-बार कहते हैं कि हमें देश के कानून के बारे में जानकारी नहीं है; यह ठीक है, लेकिन इंसानियत और किसी कैदी को—चाहे वह कोई भी हो—सुविधाएं देना जरूरी है। वह देश के पूर्व प्रधानमंत्री और दुनिया के बेहतरीन क्रिकेटर रहे हैं, इसलिए हम चाहते हैं कि उनके साथ सबसे अच्छा व्यवहार हो। हम और क्या मांग रहे हैं? हम और कुछ नहीं मांग रहे हैं।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
