एशियाई खेलः 9वें दिन एथलेटिक्‍स में रहा भारत का दबदबा, नीरज चोपड़ा ने दिलाया गोल्ड, तीन रजत भी मिले

18वें एशियाई खेलों के 9वें दिन एथलेटिक्‍स में भारत को एक गोल्ड के साथ तीन रजत पदक हासिल हुए। एशियन गेम्‍स में भारत अब तक 41 मेडल जीत चुका है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

18वें एशियाई खेलों का 9वां दिन एथलेटिक्‍स में भारत के लिए सफलता भरा रहा। भारत ने सोमवार को एथलेटिक्‍स के मुकाबलों में एक स्‍वर्ण और तीन रजत पदक हासिल किये। पुरुष वर्ग के जैवलिन थ्रो इवेंट में नीरज चोपड़ा ने 88.06 मीटर का थ्रो फेंककर भारत को इस एशियाई खेल का 8वां स्‍वर्ण पदक दिलाया। इसके साथ ही एथलेटिक्‍स स्पर्धा में 400 मीटर बाधा दौड़ में धारुन अय्यासामी, महिलाओं की 3000 मीटर स्‍टीपलचेस इवेंट में सुधा सिंह और महिलाओं की लॉंग जंप में नीना वरकिल ने भारत के लिए रजत पदक जीता।

नीरज चोपड़ा ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नीरज ने अपनी सर्वश्रेष्ठ थ्रो 88.06 मीटर दूर फेंकी और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। नीरज ने सफलता पांच में से दो प्रयासों में विफल रहने के बाद हासिल किया। रजत पदक जीतने वाले चीन के किझेन लियू 82.22 मीटर की थ्रो फेंक कर दूसरे स्थान पर तो वहीं पाकिस्तान के नदीम अरशद ने 80.75 की सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंककर कांस्य पदक हासिल किया।

इससे पहले, भारत के धारुण अय्यासामी ने पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा के फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ देते हुए रजत पदक अपने नाम किया। सोमवार को हुई फाइनल रेस में धरुण ने 48.96 सेकेंड का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। भारत के संतोष कुमार तमिलारसन 49.66 सेकेंड का समय निकालते हुए पांचवें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक कतर के अब्देररहमान सांबा के नाम रहा।

वहीं, महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेस स्पर्धा के फाइनल में सुधा सिंह ने 9 मिनट 40.03 सेंकेंड में दूरी तय करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक अपने नाम किया। हालांकि, 2010 के एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली सुधा इस बार भी स्वर्ण पदक की दावेदार मानी जा रही थीं, लेकिन बहरीन की विनफ्रेड यावी ने आखिरी समय में उनको पीछे छोड़ते हुए 9 मिनट 36.52 सेकेंड में स्वर्ण पदक जीत लिया।

18वें एशियाई खेलों के 9वें दिन भारत को तीसरा रजत पदक नीना वरकिल ने लंबी कूद स्पर्धा में दिलाया। महिलाओं की लंबी कूद स्पर्धा के फाइनल में नीना ने 6.51 मीटर की छलांग लगाक रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल में नीना ने दमदार शुरुआत की, लेकिन वियतनाम की थाओ थू थी बुई ने 6.55 मीटर की कूद लगाते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया, जबकि चीन की शिओलिंग शू ने 6.50 मीटर की कूद लगाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

इससे पहले, बैडमिंटन के सिंगल्‍स वर्ग में पीवी सिंधु ने फाइनल में स्‍थान बनाकर स्‍वर्ण या रजत पदक पक्का कर लिया। उन्‍होंने सेमीफाइनल मुकाबले में अपनी पुरानी प्रतिद्वंद्वी जापान की अकाने यामागुची को मात देकर फाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना चीन की ताइ जु यिंग से होगा। दूसरी ओर, भारत की साइना नेहवाल को सेमीफाइनल में हारकर कांस्‍य पदक से ही संतोष करना पड़ा।

वहीं, 9वें दिन हॉकी के महिला वर्ग के पूल बी के मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को आसानी से 5-0 से हराया। मैच में भारत की रानी रामपाल ने तीन गोल दागे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia