खेल: भारत ICC T20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार और 'कप्तानी करना आसान नहीं है, पंत पर काफी दबाव है'
तीन बार के विश्व कप विजेता भारत ने मंगलवार को आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा। ऋषभ पंत को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीम की कप्तानी करने से पड़ने वाले दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
भारत आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार
तीन बार के विश्व कप विजेता भारत ने मंगलवार को आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा जबकि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
भारत मार्च में इतिहास रचते हुए टी20 विश्व कप का खिताब सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बना था। साथ ही टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार यह खिताब जीता था। भारत ने श्रीलंका के साथ मिलकर इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी।
आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ‘‘नवीनतम रैंकिंग में मई 2025 के बाद खेले गए सभी मुकाबलों को शत प्रतिशत और उससे पिछले दो वर्षों के मुकाबलों को 50 प्रतिशत भार दिया गया है।’’
आईसीसी ने कहा, ‘‘275 अंक के साथ शीर्ष पर काबिज भारत की इंग्लैंड (262 अंक) पर बढ़त एक अंक कम हुई है जबकि ऑस्ट्रेलिया 258 अंक के साथ तीसरे स्थान पर इंग्लैंड के और करीब आ गया है।’’
दो बार के विजेता इंग्लैंड के 262 जबकि एक बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के 258 अंक हैं।
आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष सात टीम की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। न्यूजीलैंड (247), दक्षिण अफ्रीका (244), पाकिस्तान (240) और वेस्टइंडीज (233) अपने-अपने स्थानों पर बरकरार हैं।
हालांकि श्रीलंका (221) को छह रेटिंग अंक का नुकसान हुआ है जिससे वह नौवें स्थान पर खिसक गया है। वहीं बांग्लादेश (225) एक स्थान ऊपर आठवें स्थान पर पहुंच गया है। अफगानिस्तान (220) 10वें स्थान पर है और श्रीलंका तथा उसके बीच का अंतर बहुत कम है।
जिम्बाब्वे और आयरलैंड क्रमशः 11वें और 12वें स्थान पर हैं।
रोहित चोट से जल्दी उबर जाते तो मुंबई की स्थिति इस समय बेहतर होती: हरभजन
पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि अगर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अपनी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव से जल्दी उबर जाते तो मुंबई इंडियंस की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने की बेहतर स्थिति में होती।
रोहित ने चोट से उबरने के बाद सोमवार को यहां वापसी की और 84 रन की तूफानी पारी खेली। इससे उनकी टीम ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ 229 रन का लक्ष्य हासिल करके छह विकेट से जीत दर्ज की।
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आने के कारण बाहर हो गए थे और इसके बाद पांच मैचों में नहीं खेल पाए थे।
हरभजन ने जियोहॉटस्टार से कहा, “मैदान पर रहना महत्वपूर्ण होता है। डगआउट में बैठे रहने से आप ज्यादा कुछ नहीं कर सकते। लेकिन मैदान पर रहकर आप अंतर पैदा कर सकते हैं और रोहित शर्मा ने यही किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए मजबूत नींव की जरूरत होती है और उन्होंने न सिर्फ अच्छी नींव रखी बल्कि उसे आगे भी बढाया। अगर उन्होंने शतक बना लिया होता तो और भी अच्छा होता, लेकिन जितने समय तक वह क्रीज पर रहे, उन्होंने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया।’’
हालात हमेशा आपके अनुकूल नहीं होते, लेकिन मैंने हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ दिया: राहुल
स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने स्वीकार किया है कि विशेषकर उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर के मामले में हालात हमेशा उनके मन मुताबिक नहीं रहेंगे लेकिन उन्हें खुशी है कि वह स्वयं को टेस्ट विशेषज्ञ मानने की धारणा को ‘तोड़ने’ में कामयाब रहे हैं।
इस 34 वर्षीय बल्लेबाज ने पिछले महीने पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल मैच में 64 गेंद पर नाबाद 152 रन बनाए थे जो इस प्रारूप में उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन का नमूना है। कर्नाटक के इस खिलाड़ी ने 2022 के बाद से भारत के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेला है, लेकिन वह टेस्ट और वनडे में नियमित रूप से खेलते हैं।
राहुल ने जियोस्टार से कहा, ‘‘दस साल पहले मैं टी20 टीम का हिस्सा बनने के लिए कुछ भी करने को तैयार था। मुझे कभी टी20 खिलाड़ी के रूप में नहीं आंका गया और न ही मुझे सीमित ओवरों का अच्छा खिलाड़ी माना गया। मुझे तो केवल टेस्ट खिलाड़ी के रूप में ही देखा जाता था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए उस सांचे से बाहर निकलना, सीमित ओवरों के अपने खेल को बेहतर बनाना और यहां तक पहुंचना मेरे लिए वाकई गर्व की बात है। इस दौरान मैंने गलतियां भी की हैं और ऐसी कई चीजें हैं जिन्हें मैं बेहतर कर सकता था।’’
राहुल ने कहा, ‘‘लेकिन, मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और सफलता सुनिश्चित करने के लिए यथासंभव अच्छी तैयारी की है। खेल ऐसा ही होता है। हालात हमेशा आपके पक्ष में नहीं होते हैं।’’
राहुल ने कहा कि उन्होंने नतीजों की परवाह किए बिना अपने खेल पर ध्यान केंद्रित रखने की कोशिश की है।
कप्तानी करना आसान नहीं है, पंत पर काफी दबाव है: लैंगर
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि 27 करोड़ रुपये की कीमत हमेशा अच्छे प्रदर्शन की गारंटी नहीं देती, लेकिन ऋषभ पंत को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीम की कप्तानी करने से पड़ने वाले दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह बात तब कही जब उनकी टीम प्ले-ऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल मैच में पंत एलएसजी के उन बल्लेबाजों में शामिल थे जो निकोलस पूरन (63) और मिचेल मार्श (44) से मिली अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए। एलएसजी का स्कोर आठ ओवर में एक विकेट पर 123 रन था लेकिन आखिर में उसकी टीम पांच विकेट पर 228 रन ही बना पाई और उसे छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
एलएसजी ने पंत को मोटी धनराशि में अपनी टीम से जोड़ा था लेकिन वह पिछले सत्र की तरह इस सत्र में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
लैंगर ने एलएसजी की हार के बाद यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि इसका किसी तरह की धनराशि से कोई संबंध है। कप्तान का पद संभालना आसान नहीं होता है और उन पर काफी दबाव रहता है। वह लगातार अपनी तरफ से अच्छा प्रयास कर रहा है और कड़ी मेहनत कर रहा है।’’
'स्किल से ज्यादा परिपक्वता मायने रखती है', पहला आईपीएल विकेट लेने के बाद बोले रघु शर्मा
मुंबई इंडियंस (एमआई) के गेंदबाज रघु शर्मा ने अपने पहले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) विकेट को सपना सच होने जैसा बताया। उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ अपनी टीम की छह विकेट से जीत के बाद बड़े स्टेज तक के अपने लंबे और भावनात्मक सफर के बारे में बताया।
आईपीएल द्वारा एक्स पर साझा एक वीडियो में रघु ने कहा, "यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा है कि मुझे आईपीएल में पहला विकेट मिला। सबसे पहले, मैं अपने आध्यात्मिक गुरुदेव, श्याम दास, अपनी मां और पिताजी को मेरा साथ देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं अभी इस प्लेटफॉर्म पर आया हूं। मैंने सोचा था कि अगर मैं विकेट लूंगा, तो मैं उसे जरूर आगे बढ़ाऊंगा। मुंबई इंडियंस को धन्यवाद क्योंकि मेरे लिए ये 15 साल बहुत दर्दनाक रहे हैं।"
रघु ने अपनी इस यात्रा में उनका साथ देने के लिए फ्रेंचाइजी को भी श्रेय दिया, जो पेशेवर क्रिकेट के रास्तों से बहुत दूर शुरू हुई थी।
रघु ने कहा, "मैं इस फ्रेंचाइजी का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मेरा साथ दिया और मुझ पर विश्वास किया। अब मैं बस उन्हें यह आत्मविश्वास दे रहा हूं कि हां, मैं भी उनके लिए ऐसा कर सकता हूं।"
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
