वेलिंगटन टेस्ट पर भारत की पकड़ मजबूत, राहुल के नाम एक और रिकॉर्ड, कप्तान गिल शतक से चूके, स्कोर 4 विकेट पर 486 रन

तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय भारत का स्कोर 4 विकेट पर 486 रन है। ऋषभ पंत 62 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ अंशुल कंबोज क्रीज पर मौजूद हैं।

वेलिंगटन टेस्ट पर भारत की पकड़ मजबूत, राहुल के नाम एक और रिकॉर्ड, कप्तान गिल शतक से चूके, स्कोर 4 विकेट पर 486 रन (फोटो: @BCCI)
i

न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारतीय टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 486 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। भारत की बढ़त 118 रन की हो गई है।

केएल राहुल के नाम बड़ा रिकॉर्ड 

भारत ने दिन की शुरुआत 1 विकेट पर 159 रन से की थी। केएल राहुल ने 52 और देवदत्त पडिक्कल ने 16 रन से अपनी पारी शुरू की। राहुल और पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए 165 रन की साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 295 रन तक पहुंचाया। पडिक्कल शतक से चूक गए और 80 रन के स्कोर पर काइल जैमिसन की गेंद पर बोल्ड हो गए।

केएल राहुल ने शतक लगाया। राहुल के टेस्ट करियर का यह 13वां शतक था। वह दिन के तीसरे सेशन में 290 गेंदों पर 2 छक्के और 9 चौकों की मदद से 136 रन बनाकर आउट हुए। इस शतक के साथ ही राहुल सेना देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। राहुल ने आउट होने से पहले गिल के साथ भी तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की।


कप्तान शुभमन गिल शतक से चुके 

राहुल का विकेट गिरने के बाद कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी हुई। गिल तेज और बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे थे। ऐसा लग रहा था कि राहुल के बाद उनका भी शतक आने वाला है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शतक से 2 रन दूर 98 के स्कोर पर गिल आउट हो गए। उन्हें जैकब डफी ने बोल्ड किया। गिल ने 146 गेंदों की अपनी पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए।

तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय भारत का स्कोर 4 विकेट पर 486 रन है। ऋषभ पंत 62 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ अंशुल कंबोज क्रीज पर मौजूद हैं। उनका खाता अभी नहीं खुला है। भारत की बढ़त 118 रन की हो गई है।

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने हेनरी निकोलस के नाबाद 175 और ग्लेन फिलिप्स के 118 रन की बदौलत पहली पारी में 368 रन बनाए थे।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए